Agriculture

गेंदे के पौधे में नहीं आ रहे फूल, कहीं ये गलती तो नहीं कर रहे आप?

N
ABP News
September 15, 20263 min read
गेंदे के पौधे में नहीं आ रहे फूल, कहीं ये गलती तो नहीं कर रहे आप?

गमले या बगीचे में गेंदे का पौधा लगाना ज्यादातर लोगों को आसान लगता है, क्योंकि यह एक ऐसा पौधा है जो कम देखभाल में भी अच्छी ग्रोथ कर लेता है. लेकिन कई बार पत्तियां तो हरी-भरी और घनी दिखती हैं, फिर भी पौधे में फूल आने बंद हो जाते हैं. ऐसा होने पर ज्यादातर लोग परेशान हो जाते हैं और समझ नहीं पाते की आखिर कमी कहां रह गई. दरअसल गेंदे में फूल न आने के पीछे कोई एक नहीं, बल्कि कई छोटी-छोटी गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं, जिन्हें समय रहते सुधार लिया जाए तो पौधा दोबारा फूलों से भर सकता है.

धूप की कमी है सबसे बड़ी वजह

गेंदे का पौधा पूरी तरह धूप को पसंद करने वाला पौधा है और इसे फूल देने के लिए रोजाना कम से कम 6 घंटे सीधी धूप की जरूरत होती है. अगर गमले को छायादार जगह पर रखा गया है या आसपास किसी बड़े पेड़ या दीवार का वजह से पौधे तक पूरी धूप नहीं पहुंच पा रही है, तो पौधा सिर्फ पत्तियां ही बढ़ाता रहता है और फूल बनाने की ऊर्जा नहीं जुटा पाता. ऐसे में सबसे पहला काम यही करना चाहिए कि पौधे को ऐसी जगह रखा जाए जहां दिनभर अच्छी धूप आती हो.

जरूरत से ज्यादा खाद देना

कई बार लोग यह सोचकर पौधे में बार-बार खाद डालते हैं कि इससे पौधा और भी अच्छा बढ़ेगा, लेकिन ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद डालने से पौधे की पत्तियां तो हरी और घनी हो जाती हैं, मगर फूल आना कम हो जाते हैं. दरअसल ज्यादा नाइट्रोजन पौधे की ऊर्जा को सिर्फ पत्तियों और तने की ग्रोथ में लगा देता है, जिससे फूल बनाने के लिए पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती. ऐसे में खाद की मात्रा सीमित रखनी चाहिए और संतुलित पोषक तत्वों वाली खाद का ही इस्तेमाल करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: क्या गाय पहचानती है अपना नाम, क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

सूखे फूलों को समय पर न हटाना

गेंदे के पौधे में मुरझाए हुए और सुखे फूलों को समय-समय पर तोड़ते रहना बेहद जरूरी है. अगर सुखे फूलों को पौधे पर लगा रहने दिया जाए, तो पौधा यह समझने लगता है कि उसका काम पूरा हो गया है और वह बीज बनाने के तरफ बढ़ जाता है, जिससे नए फूल आना बंद हो जाते हैं. नियमित रूप से सुखे फूलों को हटाते रहने से पौधे को नए फूल बनाने के लिए प्रेरणा मिलती है.

पौधों के बीच ज्यादा भीड़ भी बनती है वजह

अगर एक ही गमले या क्यारी में बहुत सारे पौधे पास-पास में लगा दिए जाएं, तो उन्हें आपस में धूप, हवा और पोषक तत्वों के लिए संघर्ष करना पड़ता है. इससे हर पौधे को उतनी ऊर्जा नहीं मिल पाती, जितनी उसे अच्छी तरह फूल देने के लिए चाहिए होती है. इसके अलावा बहुत ज्यादा गर्मी के मौसम में भी गेंदे के फूल आना अस्थायी रूप से कम हो सकता है, लेकिन मौसम के ठीक होते ही पौधा दोबारा फूलने लगता है.

यह भी पढ़ें: किचन गार्डन में कैसे उगा सकते हैं नींबू? जान लीजिए आसान तरीका

Topics & Tags:#Agriculture
गेंदे के पौधे में नहीं आ रहे फूल, कहीं ये गलती तो नहीं कर रहे आप? | Kisan Reporter