Agriculture

ड्रैगन फ्रूट खेती का सही मौसम, जानें कब मिलेगी बंपर पैदावार

N
ABP News
August 13, 20264 min read
ड्रैगन फ्रूट खेती का सही मौसम, जानें कब मिलेगी बंपर पैदावार

Dragon Fruit Farming Tips: ड्रैगन फ्रूट की खेती किसानों के बीच तेजी से पसंद की जा रही है. इसकी वजह है कि कम पानी में भी इसकी खेती की जा सकती है और बाजार में फल की अच्छी मांग रहती है. ड्रैगन फ्रूट की अच्छी पैदावार के लिए यह बात भी जरूरी होती है कि पौधा कब लगाया जा रहा है. आपको बता दें कि गर्म और नम मौसम ड्रैगन फ्रूट के लिए एक दम सही माना जाता है.

और यही वजह है कि मानसून की शुरुआत में इसके पौधे लगाना सही रहता है. जून से लेकर अगस्त के महीने तक में पौधे लगाने पर मिट्टी में नमी रहती है. ध्यान रखें कि खेत में पानी जमा नहीं होना चाहिए. ज्यादा पानी ड्रैगन फ्रूट की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए पौधे लगाने से पहले मौसम के साथ खेत की पानी निकलने का पूरी व्यवस्था जरूर कर लें,

जून से अगस्त तक लगाएं पौधे

ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए जून से अगस्त का वक्त एकदम सही होता है. मानसून के दौरान मिट्टी में नमी रहती है. जिससे पौधों को शुरुआत में फायदा मिलता है. नई कटिंग लगाने वाले किसानों के लिए यह समय आसान रहता है. पौधे लगाने से पहले खेत की अच्छी तरह तैयारी कर लें और पानी निकासी की व्यवस्था भी जरूर रखें.

ड्रैगन फ्रूट की जड़ें ज्यादा देर तक पानी में रहने को सहन नहीं कर पातीं. इसलिए भारी मिट्टी में खेती करने से पहले पानी निकलने का इंतजाम करना जरूरी है. मिट्टी भुरभुरी और अच्छी पानी निकासी वाली हो तो पौधों की जड़ें तेजी से फैलती हैं. खेत में सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाने से मिट्टी की क्वालिटी भी बेहतर हो सकती है.


गर्म मौसम में तेजी से बढ़ता है पौधा

ड्रैगन फ्रूट गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ता है. करीब 20 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान इसकी बढ़वार के लिए सही माना जाता है. इसका पौधा ज्यादा तापमान भी सह सकता है. लेकिन लगातार तेज गर्मी पड़ने पर शाखाओं पर सनबर्न का असर दिखाई दे सकता है. इससे पौधे की बढ़वार कमजोर पड़ सकती है और फूल आने पर भी असर पड़ सकता है.

बारिश भी इसके लिए जरूरी है लेकिन जरूरत से ज्यादा बारिश नुकसान कर सकती है. खेत में पानी जमा होने पर जड़ सड़ने और फंगल का खतरा बढ़ जाता है. मानसून के दौरान खेत में नालियां बनाकर एक्स्ट्रा पानी बाहर निकाल देना सही रहता है. वहीं गर्मी में मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के हिसाब से सिंचाई करें. इसके लिए ड्रिप सिंचाई का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: एग्रीकल्चर लैंड को कमर्शियल लैंड में कराना है चेंज, कितना आएगा खर्च?

फूल और फल आने का समय जानें

ड्रैगन फ्रूट की खेती समय लेती है. इसमें पौधे लगाने के बाद आपको तुरंत फल नहीं मिलते हैं. अलग-अलग चीजों के आधार पर फल आने का टाइम भी बदल सकता है. स्वस्थ और अच्छी कटिंग से तैयार पौधे जल्दी फल देना शुरू कर सकते हैं. आमतौर पर गर्मियों के बाद इसके फूल आने का दौर शुरू होता है और कई जगह सितंबर या अक्टूबर तक फूल दिखाई दे सकते हैं.

ड्रैगन फ्रूट के फूल रात में खिलते हैं. फूल आने के बाद फल को तैयार होने में करीब 30 से 40 दिन लग सकते हैं. मौसम सही रहने पर एक ही पौधे से कई बार फूल और फल मिल सकते हैं. अच्छी पैदावार के लिए टाइम पर खाद, सिंचाई और शाखाओं की छंटाई करना जरूरी है. पौधे की गैर जरूरी शाखाओं को हटा देना भी सही रहता है.

खेती से पहले खेत को ऐसे करें तैयार

ड्रैगन फ्रूट की खेती में खेत की तैयारी का काम पौधे लगाने से पहले पूरा कर लेना चाहिए. पौधों को सहारा देने के लिए मजबूत सीमेंट के पोल लगाए जाते हैं. इन पोल के आसपास ड्रैगन फ्रूट की कटिंग लगाई जाती है. जैसे जैसे पौधा बढ़ता है. उसकी शाखाएं पोल के सहारे ऊपर जाती हैं और ऊपर फैलने लगती हैं. बाद में इसी हिस्से से फूल और फल निकलते हैं.

पौधों के बीच ठीक-ठाक दूरी रखना भी जरूरी है. बहुत ज्यादा घने पौधे लगाने से हवा का फ्लो प्रभावित हो सकता है और नमी ज्यादा देर तक बनी रह सकती है. इससे रोगों का खतरा बढ़ सकता है. खेत में केमिकल खाद की बजाए ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल करें. अगर मिट्टी तैयार करते वक्त इन बातों को ध्यान रखेंगे तो खूब फायदा होगा.


यह भी पढ़ें: केले में लगाएं काली मिर्च और कर दें दफन, फिर देखिए जादू

Topics & Tags:#Agriculture
ड्रैगन फ्रूट खेती का सही मौसम, जानें कब मिलेगी बंपर पैदावार | Kisan Reporter