Agriculture

सांप काट ले तो क्या करें किसान, खरीफ फसल कटाई में रहें सावधान

N
ABP News
September 15, 20264 min read
सांप काट ले तो क्या करें किसान, खरीफ फसल कटाई में रहें सावधान

इन दिनों खेतों में धान और खरीफ की फसलें पककर तैयार हैं. जिनकी कटाई में किसान सुबह से शाम तक खेतों में पसीना बहा रहे हैं. इसी वक्त लंबी घास और नमी की वजह से खेतों में सांप भी निकलते हैं. ऐसे में जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. धान के खेतों में काम करते वक्त किसानों को अपने बचाव के लिए बेहद सतर्क रहने की जरूरत है.

सांप काटने के बाद अक्सर घबराहट में लोग ऐसी गलतियां कर बैठते हैं. जिनसे परेशानी बढ़ सकती है. कोई काटी हुई जगह पर रस्सी बांध देता है. कोई घरेलू नुस्खे आजमाने लगता है. जबकि सबसे जरूरी काम मरीज को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाना है. इसलिए खरीफ फसलों की कटाई शुरू करने से पहले बचाव का तरीका समझ लें. परिवार के लोगों को भी बताएं कि जरूरत पड़ने पर मदद कैसे करनी है.

खेत में जाने से पहले करें यह काम

खेत में नंगे पैर काम करने से बचें. पैरों को ढकने वाले मजबूत जूते पहनें. अगर हो तो लंबे बूट इस्तेमाल करें. ऐसे कपड़े चुनें जिनसे पैर खुले न रहें. सुबह अंधेरे में निकलते समय टॉर्च साथ रखें. शाम ढलने के बाद खेत की मेड़ों पर चलते हुए सामने की जमीन साफ दिखाई देना जरूरी है. सिर्फ रास्ता पहचानने के भरोसे अंधेरे में आगे न बढ़ें. खेत तक आने वाले रास्ते की घास भी कटवाकर रखें.

कटे पौधों के ढेर में बिना देखे हाथ न डालें. पहले जगह चेक करें फिर काम करें. बिलों के अंदर हाथ डालना भी खतरनाक हो सकता है. खेत में सांप दिख जाए तो उसके पास जाने की कोशिश न करें. उसे पकड़ने के लिए पीछे न दौड़ें. आपके साथ में काम कर रहे लोगों को बताकर दूरी बना लें. कटाई पर जाने से पहले फोन चार्ज रखें.


सांप काट ले तो तुरंत क्या करना चाहिए?

सांप काटने पर काम तुरंत रोक दें. मरीज को सांप से सुरक्षित दूरी पर लाकर लिटाएं. उसे भीड़ लगाकर डराने से बचें. मरीज को चलने न दें. जिस हाथ में काटा है उसे स्थिर रखें. पैर में काटा हो तो उसे भी हिलाने से बचाएं. अस्पताल पहुंचाने के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था करें. मरीज को अस्पताल ले जाते वक्त. किसी को साथ रखें जो रास्ते में उसकी हालत देखता रहे.

काटे हुए हिस्से के आसपास अंगूठी, चूड़ी, घड़ी जैसी चीजें हों तो सावधानी से उतार दें. सूजन आने पर यह कस सकती हैं. एंबुलेंस बुलाएं अस्पताल पहुंचने की व्यवस्था तुरंत करें. काटने का समय याद रखें डॉक्टर को इसकी जानकारी दें. उल्टी होने पर मरीज को करवट लिटाएं. सांस पर नजर रखें. दर्द कम होने पर भी अस्पताल जाना टालें नहीं. शुरुआत में लक्षण हल्के हो सकते हैं. घर पर इंतजार करके खतरे का अंदाजा लगाना ठीक नहीं है. तुरंत इलाज जरूरी है.


यह भी पढ़ें: क्या गाय पहचानती है अपना नाम, क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

इन गलतियों से बचकर रहें

काटी हुई जगह के ऊपर रस्सी, तार, कपड़ा कसकर न बांधें. इससे खून का बहाव रुक सकता है, शरीर के हिस्से को नुकसान पहुंच सकता है. घाव पर ब्लेड से चीरा लगाना, मुंह से जहर चूसना बिल्कुल गलत है. इससे जहर निकालने की कोशिश इलाज का काम नहीं करती. घाव पर मिट्टी, जड़ीबूटी, केमिकल लगाने से बचें. झाड़फूंक कराने में समय न गंवाएं. ऐसे उपाय अस्पताल पहुंचने में देरी कराते हैं. इलाज जितना टलेगा सीरियस परेशानी का खतरा उतना बढ़ सकता है.

सांप को पकड़कर अस्पताल ले जाना जरूरी नहीं है. ऐसा करने में दूसरे व्यक्ति को भी काटने का खतरा रहता है. डॉक्टर मरीज के लक्षण जांच के आधार पर इलाज तय करते हैं. जरूरत होने पर एंटीवेनम दिया जाता है. यह जहर के असर को रोकने में मदद करता है. कुछ मरीजों को सांस लेने में मदद समेत दूसरे इलाज भी चाहिए होते हैं. इसलिए सिर्फ इंजेक्शन लगवाकर तुरंत घर लौटने की जिद न करें. डॉक्टर की सलाह के हिसाब से ही काम करें.

यह भी पढ़ें: बांस की खेती में सालों तक होती है कमाई, जानें 1 साल का हिसाब?

Topics & Tags:#Agriculture
सांप काट ले तो क्या करें किसान, खरीफ फसल कटाई में रहें सावधान | Kisan Reporter