Agriculture

चिया सीड्स की खेती से कर सकते हैं अच्छी कमाई, इन बातों का रखें ध्यान

N
ABP News
September 18, 20264 min read
चिया सीड्स की खेती से कर सकते हैं अच्छी कमाई, इन बातों का रखें ध्यान

आज के समय में किसान सिर्फ गेहूं, धान और सरसों जैसी फसलें ही नहीं हैं. अब ऐसी फसलों की खेती भी तेजी से ट्राई की जा रही है, जिनकी मार्केट में अच्छी डिमांड है और जिन्हें कम जगह में भी उगाया जा सकता है. चिया सीड्स भी इसी कैटेगरी में आते हैं. हेल्दी डाइट और फिटनेस से जुड़े फूड प्रोडक्ट्स में चिया सीड्स का इस्तेमाल काफी बढ़ा है.

यही वजह है कि इसकी खेती किसानों के लिए कमाई का एक नया ऑप्शन बन सकती है. चिया की फसल में बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, लेकिन अच्छी पैदावार के लिए सही समय पर बुवाई और पौधों की सही देखभाल जरूरी है. अगर आप पहली बार चिया की खेती करने जा रहे हैं तो फिर आपको इन बातों का ध्यान रखना है जरूरी.

सही समय और सही तरीके से करें बुवाई

चिया की अच्छी फसल के लिए सबसे पहले खेत को सही तरीके से तैयार करना जरूरी है. बुवाई से पहले खेत की जुताई करके मिट्टी को अच्छी तरह तैयार कर लें. खेत ऐसा होना चाहिए जहां बारिश और सिंचाई का पानी लंबे समय तक जमा न रहे.

मिट्टी की क्वालिटी बेहतर करने के लिए जरूरत के हिसाब से अच्छी तरह तैयार गोबर की खाद या ऑर्गेनिक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है.चिया के बीज काफी छोटे होते हैं. इसलिए इन्हें मिट्टी में ज्यादा गहराई तक नहीं डालना चाहिए. किसान बीजों को सीधे खेत में फैला सकते हैं या लाइन बनाकर बुवाई कर सकते हैं.

लाइन में बुवाई करने से बाद में पौधों की देखभाल और खेत की सफाई करना आसान रहता है. बुवाई के समय मिट्टी बहुत सूखी है तो जरूरत के हिसाब से हल्का पानी दिया जा सकता है. चिया की बुवाई का सही समय हर इलाके के मौसम के हिसाब से अलग हो सकता है. इसलिए शुरुआत से पहले अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र से जानकारी लेना सही रहेगा.


पानी और खेत की सफाई पर रखें फोकस

चिया की खेती का एक फायदा यह है कि इसे बहुत ज्यादा पानी वाली फसल नहीं माना जाता है. इसके बावजूद फसल को सही समय पर पानी देना जरूरी है. कितनी सिंचाई करनी है यह आपके इलाके के मौसम और खेत की मिट्टी पर डिपेंड करेगा. खेत में ज्यादा पानी भरने से पौधों को नुकसान हो सकता है. इसलिए जरूरत से ज्यादा सिंचाई करने से बचना चाहिए.

फसल के शुरुआती समय में खेत की सफाई भी काफी जरूरी है. अगर पौधों के आसपास ज्यादा खरपतवार उग जाते हैं तो चिया के पौधों की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है. इसलिए समय-समय पर खरपतवार हटाते रहें. पौधों के बीच सही दूरी रखने से भी उनकी ग्रोथ बेहतर हो सकती है.

इसके अलावा फसल पर लगातार नजर रखें. अगर पत्तियों या पौधों पर कीट या बीमारी के संकेत दिखाई दें तो खुद से किसी भी दवा का इस्तेमाल करने के बजाय कृषि विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहेगा. सही मैनेजमेंट से फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: एक एकड़ में भिंडी उगाने पर कितना मुनाफा होगा? जानें डिटेल्स

इतनी हो सकती है कमाई

जब चिया की फसल पूरी तरह पककर तैयार हो जाती है. तो इसके पौधे हल्के भूरे रंग के होने लगते हैं और बीज सख्त हो जाते हैं. जो कटाई का बिल्कुल सही समय होता है. इसकी कटाई आमतौर पर फरवरी से मार्च के दौरान की जाती है. जिसे बहुत ही सावधानी से धूप में सुखाकर बीजों को अलग कर लिया जाता है. एक एकड़ जमीन में चिया सीड्स की खेती करने पर लागत करीब 10000 से 15000 रुपये आती है.


जबकि बाजार में इसके दाम बहुत ऊंचे मिलते हैं. एक एकड़ खेत से आसानी से 4 से 6 क्विंटल तक की उपज मिल जाती है और आज के समय में चिया सीड्स थोक बाजार में 20000 से 30000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकते हैं. इस हिसाब से एक एकड़ में कुल आमदनी 1 लाख से 1.5 लाख रुपये तक हो जाती है. जिसमें से सारी लागत निकालने के बाद भी किसान आसानी से 80000 से 1.2 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: भारत ने भूटान को गिफ्ट कीं 43 जर्सी गाय, एक दिन में कितना देती है दूध?

Topics & Tags:#Agriculture
चिया सीड्स की खेती से कर सकते हैं अच्छी कमाई, इन बातों का रखें ध्यान | Kisan Reporter