Agriculture

घर पर इस तरीके से उगाएं शिमला मिर्च, बाजार से खरीदना कर देंगे बंद

N
ABP News
September 13, 20264 min read
घर पर इस तरीके से उगाएं शिमला मिर्च, बाजार से खरीदना कर देंगे बंद

शिमला मिर्च आज के वक्त में लगभग हर घर की पसंद बन चुकी है. इसका इस्तेमाल सब्जी बनाने के साथ पिज्जा, पास्ता, नूडल्स, सैंडविच और सलाद में भी किया जाता है. बाजार में इसका रेट अक्सर दूसरी सब्जियों से ज्यादा रहता है. कई बार ज्यादा पैसे खर्च करने के बाद भी फ्रेश शिमला मिर्च नहीं मिलती. ऐसे में आप इसे अपने घर की छत पर इसे आसानी से उगा सकते हैं.

इसके लिए अच्छी धूप वाली जगह, सही गमला और हल्की मिट्टी से काम शुरू किया जा सकता है. अगर कोई पहली बार घर पर कोई सब्जी उगा रहा है तो वह भी कुछ आसान स्टेप फॉलो करके इसके पौधे तैयार कर सकता है. बस बीज लगाने से लेकर पानी देने तक थोड़ी सावधानी रखनी होगी. सही देखभाल मिलने पर एक पौधे से कई बार शिमला मिर्च मिल सकती है. चलिए आपको बताते हैं इसका सबसे आसान तरीका.

सबसे पहले बीज से तैयार करें पौधा

शिमला मिर्च उगाने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के बीज खरीदें. बीज किसी भरोसेमंद नर्सरी और गार्डनिंग स्टोर से लिए जा सकते हैं. बाजार से लाई गई पूरी तरह पकी शिमला मिर्च के बीज भी लगाए जा सकते हैं. हालांकि उनसे पौधा निकलने की उम्मीद कम रहती है. बीजों को सीधे बड़े गमले में लगाने के बजाय पहले किसी छोटी ट्रे, कप और छोटे कंटेनर में लगाएं. कंटेनर के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर करें.

मिट्टी में करीब आधा इंच गहरा छोटा गड्ढा बनाएं. उसमें बीज रखकर ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. अब स्प्रे बोतल से थोड़ा पानी छिड़कें. ध्यान रखें कि तेज पानी डालने से बीज मिट्टी में ज्यादा नीचे जा सकता है. कंटेनर को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिलती हो. मिट्टी को सूखने न दें. आमतौर पर एक से तीन हफ्ते के बीच छोटे पौधे बाहर दिखाई देने लगते हैं.


यह भी पढ़ें: अदरक की खेती से कितना कमा सकते हैं किसान, जान लीजिए मुनाफे का गणित

बड़े गमले में ऐसे करें शिफ्ट

छोटे पौधे पर चार से छह पत्तियां आ जाएं तो उसे बड़े गमले में शिफ्ट कर सकते हैं. एक पौधे के लिए करीब 10 से 12 इंच गहरा और चौड़ा गमला चुनें. गमले के नीचे तीन से चार छेद होने चाहिए. इससे पानी मिट्टी में जमा नहीं होगा. एक गमले में केवल एक पौधा लगाना बेहतर रहेगा. कई पौधे एक साथ लगाने पर उन्हें पूरी जगह और न्यूट्रिशन नहीं मिलेगा. इससे उनकी ग्रोथ धीमी हो सकती है.

गमला भरने के लिए बगीचे की मिट्टी, कोकोपीट और वर्मीकम्पोस्ट को अच्छी तरह मिलाएं. मिट्टी ज्यादा चिपचिपी हो तो उसमें थोड़ी रेत भी डाल सकते हैं. पौधे को छोटे कंटेनर से निकालते समय उसकी जड़ों पर लगी मिट्टी न हटाएं. उसे नए गमले के बीच में लगाकर आसपास मिट्टी भर दें. इसके बाद थोड़ा पानी दें. गमले को ऐसी जगह रखें जहां पौधे को रोजाना करीब पांच से छह घंटे की अच्छी धूप मिल सके.

पानी और खाद का ऐसे रखें ध्यान

शिमला मिर्च के पौधे को पानी देते समय सबसे ज्यादा सावधानी रखनी होगी. गमले की ऊपरी मिट्टी सूखी दिखाई दे तभी पानी दें. रोजाना जरूरत से ज्यादा पानी डालने पर जड़ सड़ सकती है. पौधे में फंगस लगने का खतरा भी बढ़ जाता है. गर्मियों में मिट्टी जल्दी सूख सकती है. इसलिए हर दिन इसकी नमी चेक करें. बारिश के मौसम में गमले के अंदर पानी जमा न होने दें. दोपहर की बहुत तेज धूप से भी पौधे को बचाएं.

अच्छी ग्रोथ के लिए हर 20 से 25 दिन में थोड़ी वर्मीकम्पोस्ट डाल सकते हैं. खाद को तने से कुछ दूरी पर मिट्टी में मिलाएं. पौधे पर सफेद फूल आने के बाद उसे हल्का हिलाएं. इससे फूलों से फल बनने में मदद मिल सकती है. पत्तियों के नीचे छोटे कीड़े दिखाई दें तो नीम के तेल का हल्का स्प्रे करें. फल पूरा आकार लेने के बाद उसे डंठल सहित काट लें. सही देखभाल मिलने पर पौधा लंबे समय तक फ्रेश शिमला मिर्च देता रहेगा.

यह भी पढ़ें: केला उगाने वाले किसान सावधान, सितंबर में इस चीज से खराब हो सकती है फसल

Topics & Tags:#Agriculture
घर पर इस तरीके से उगाएं शिमला मिर्च, बाजार से खरीदना कर देंगे बंद | Kisan Reporter