आज के इस दौर में शुद्ध और केमिकल-फ्री सब्जियां मिलना किसी चुनौती से कम नहीं है. इसलिए ज्यादातर लोग अपने घर की बालकनी या छत पर ही छोटी-सी गार्डनिंग करने लगे हैं. बाजार में मिलने वाली हरी सब्जियों में आजकल इतने ज्यादा पेस्टिसाइड्स और केमिकल्स का इस्तेमाल होता है कि वे सेहत के लिए फायदेमंद होने की बजाय नुकसान देने लगती हैं.
ऐसे में अगर आप भी ताजी, हरी और एकदम शुद्ध सब्जियां खाना चाहते हैं. तो आप घर पर ही बहुत आसानी से गमलों या ग्रो बैग्स में कुछ खास सब्जियां उगा सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत बड़े खेत की नहीं, बल्कि बस थोड़ी सी बेसिक जानकारी सही चीजों की जरूरत होती है. चलिए आपको बताते हैं ऐसी तीन शानदार हरी सब्जियों के बारे में जिन्हें आप अपने घर पर बेहद आसानी से उगा सकते हैं.
घर पर ऐसे उगाएं लौकी
घर पर गार्डनिंग की शुरुआत करने के लिए लौकी एक बहुत ही अच्छी हरी सब्जी है, जिसे आप अपने घर की छत पर बड़े गमले या फिर ग्रो बैग में बड़ी ही आसानी से उगा सकते हैं. लौकी की बेल बहुत तेजी से फैलती है. इसलिए इसे ऊपर चढ़ाने के लिए किसी सहारे या मचान की जरूरत होती है जिससे पौधे को फैलने के लिए सही जगह मिल सके.
इसके बीजों को उपजाऊ मिट्टी और गोबर की खाद के बेहतरीन मिश्रण में बोएं और नियमित रूप से नमी बनाए रखने के लिए पानी देते रहें. कुछ ही हफ्तों में इसकी बेल पर सुंदर फूल आने लगते हैं और फिर ताजी हरी लौकी तैयार हो जाती है, जो सेहत के लिए बेहद गुणकारी होती है और घर पर उगाने की वजह से पूरी तरह शुद्ध और केमिकल-फ्री मिलती है. जिससे रसोई का खर्चा भी बचता है.

पालक के लिए यह तरीका याद रखें
हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक का नाम सबसे ऊपर आता है. जो सेहत के लिए आयरन का खजाना मानी जाती है. पालक को अपने घर की छत पर गमलों या फिर बालकनी के छोटे ग्रो बैग्स में उगाना बेहद आसान है. क्योंकि इसकी ग्रोथ काफी तेज होती है. इसके बीजों को मिट्टी में एक-दो सेंटीमीटर की गहराई पर लाइन से बोने होते हैं और नमी बनाए रखने के लिए समय-समय पर पानी देते रहना होता है.
पालक के पौधों को धूप की अच्छी जरूरत होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां कुछ घंटों की धूप मिल सके. एक बार जब पौधे थोड़े बड़े हो जाएं तो आप कैंची की मदद से ऊपर-ऊपर से पत्तियां काट सकते हैं और नीचे का पौधा वहीं रहने दें. जिससे वह दोबारा नई पत्तियां निकाल देता है और आपको बार-बार बीज बोने की मेहनत नहीं करनी पड़ती है.

यह भी पढ़ें: खेती में चार चांद लगा देगा फील्डकिंग स्क्वायर बेलर, जानें इसकी कीमत
इस प्रोसेस से उगाएं मेथी
मेथी की सब्जी बहुत से लोग अपने घरों में खूब उगाते हैं. इसको घर पर उगाने का तरीका काफी आसान है. मेथी की ताजी पत्तियां और इसकी कसूरी खुशबू खाने का स्वाद बढ़ा देती हैं. तो इसके साथ ही यह सेहत के लिए भी बहुत गुणकारी होती है. मेथी उगाने के लिए आप घर में रखी हुई सूखी मेथी के दानों का ही इस्तेमाल कर सकते हैं, बस ध्यान रहे कि बीज अच्छी क्वालिटी के हों.
मिट्टी को गमले में भरकर बीजों को समान रूप से बिखेर दें और ऊपर से हल्की मिट्टी की परत चढ़ाकर पानी का छिड़काव कर दें. सर्दियों या हल्की ठंड के मौसम में इसकी पैदावार जबरदस्त होती है और महज 15 से 20 दिन के अंदर ही हरी-भरी मेथी की पत्तियां कटाई के लिए तैयार हो जाती हैं. जिसे काटकर आप सब्जी बना सकते हैं या फिर इसके बढ़िया परांठे भी बना सकते हैं.
यह भी पढ़ें: कितने बीघा खेत के मालिक हैं किसान नेता राकेश टिकैत?
