घर की बालकनी में थोड़ी सी हरियाली हो तो पूरे घर का लुक बदल जाता है. खासकर अगर बालकनी में ऐसे पौधे लगे हों जिन पर खूबसूरत फूल आने के साथ अच्छी खुशबू भी आती हो. इसके लिए बड़ी जगह की जरूरत नहीं है. घर की छोटी बालकनी में भी कुछ गमले रखकर आसानी से फूलों के पौधे उगाए जा सकते हैं.
अगर आपकी बालकनी में रोजाना कुछ घंटे धूप आती है तो मोगरा, गुलाब, रात की रानी, हरसिंगार और रजनीगंधा जैसे पौधे अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं. इनमें से ज्यादातर पौधों को गमले में लगाया जा सकता है. इसके लिए आपक बस कुछ बातों का रखना होगा पौधों की देखभाल से जुड़े जरूरी टिप्स जानने होंगे. चलिए आपको बताते हैं इन पौधों के बारे में.
मोगरा से महकेगी बालकनी
अगर आपको खुशबूदार फूल पसंद हैं तो बालकनी में मोगरा लगाया जा सकता है. इसके छोटे सफेद फूल अपनी तेज और मीठी खुशबू के लिए जाने जाते हैं. खासतौर पर फूल खिलने के समय इसकी खुशबू आसपास के हिस्से में आसानी से महसूस होती है.
मोगरा लगाने के लिए ऐसा गमला चुनें जिसमें नीचे पानी निकलने के लिए छेद हों. इसके पौधे को रखने के लिए कोई जगह चुनें जहां उसे हर दिन अच्छी धूप मिलती रहे. ध्यान रहे कि मिट्टी में पानी जमा न होक्योंकि ज्यादा पानी इसकी जड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है. जब सूखी टहनियां नजर आएं तो उन्हें हटा दें और हल्की छंटाई कर दें. इससे पौधे की ग्रोथ अच्छे से होती है.

रात की रानी और हरसिंगार भी हैं अच्छे ऑप्शन
बालकनी को खुशबूदार बनाने के लिए रात की रानी भी काफी पसंद किया जाने वाला पौधा है. जैसा कि इसके नाम से पता चलता है. इसके फूलों की खुशबू रात के समय ज्यादा महसूस होती है. इसे ऐसी जगह पर रखना सही रहता है जहां पौधे को अच्छी धूप मिल सके. पौधा बढ़ने पर इसे थोड़ी औऱ जगह चाहिए होती है.
वहीं हरसिंगार यानी पारिजात अपने सफेद और नारंगी रंग के खूबसूरत फूलों के लिए जाना जाता है. इसके फूल आमतौर पर सुबह जमीन पर गिरे दिखाई देते हैं. अगर इसे गमले में लगा रहे हैं तो थोड़ा बड़ा कंटेनर लेना सही रहेगा. पौधे को जरूरत के हिसाब से पानी दें और मिट्टी में पानी निकलने का इतंजाम हो. और समय समय पर ऑर्गेनिक खाद भी दी जा सकती है.

यह भी पढ़ें: गौशाला खोलने पर सरकार देगी सब्सिडी, जानें कितनी मिलेगी मदद
गुलाब से मिलेगा रंग और खुशबू
बालकनी गार्डन के लिए गुलाब सबसे आम और बढ़िया ऑप्शन है. अगर आपको फूलों की खुशबू बहुत पसंद है तो पौधा खरीदते समय सुगंधित किस्म का गुलाब चुनें क्योंकि हर गुलाब की खुशबू एक जैसी नहीं होती. अलग-अलग रंगों के गुलाब बालकनी को काफी आकर्षक लुक भी दे सकते हैं.
गुलाब के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. इसे ऐसे गमले में लगाएं जहां एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल जाए. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे तो पानी दिया जा सकता है. अगर कोई फूल सूख जाए तो उसे तुरंत हटा दें और खराब पत्तियां भी जरूर हटा दें इससे ग्रोथ में रुकावट नहीं आती.
रजनीगंधा भी बना सकता है बालकनी खास
रजनीगंधा यानी ट्यूबरोज भी अपनी तेज खुशबू के लिए काफी मशहूर है. इसकी लंबी डंडी पर सफेद फूल खिलते हैं. आप चाहें तो इसके फूलों को काटकर घर के लिए बढ़िया से फ्लावर पाॅट सजा सकते हैं. आपको बता दें कि रजनीगंधा को अच्छी रोशनी और धूप वाली जगह पसंद आती है. इसके लिए ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें पानी ज्यादा देर तक जमा न रहे.
पौधे को जरूरत के मुताबिक पानी और ऑर्गेनिक खाद देने से अच्छी ग्रोथ मिल सकती है.इस तरह बालकनी को सुंदर बनाने के लिए बहुत ज्यादा पौधे लगाने की जरूरत नहीं है. जगह को देखते हुए मोगरा, गुलाब, रात की रानी, हरसिंगार या रजनीगंधा में से कुछ पौधे चुन सकते हैं. अगर आप सही से देखभाल करेंगे तो यह पौधे बालकनी में हरियाली के साथ महकाते रहेंगे.
यह भी पढ़ें: एक एकड़ में भिंडी उगाने पर कितना मुनाफा होगा? जानें डिटेल्स
