Agriculture

घर की बालकनी में आती है धूप, तो उगा सकते हैं चौलाई साग

N
ABP News
August 30, 20264 min read
घर की बालकनी में आती है धूप, तो उगा सकते हैं चौलाई साग

आजकल शहरों में केमिकल फ्री और ऑर्गेनिक हरी सब्जियां हासिल कर पाना एक बहुत मुश्किल काम बन गया है. बाजार से आने वाली तमाम सब्जियों में पेस्टिसाइड्स का खतरा हमेशा बना रहता है. लेकिन वहीं अगर आपके फ्लैट या घर की बालकनी में दिन की 4 से 5 घंटे की अच्छी धूप आती है. तो आप अपने घर पर ही बेहद आसानी से हरी सब्जियां उगा सकते हैं. इसमे चौलाई साग यानी Amaranth Leaves भी उगा सकते हैं.

चौलाई एक ऐसा देसी और सेहत से भरपूर साग है. जिसे उगने के लिए न तो किसी बड़े खेत की जरूरत होती है और न ही बहुत ज्यादा मेहनत की. यह आयरन, कैल्शियम, विटामिन ए और फाइबर का पावरहाउस माना जाता है. जो बच्चों से लेकर बड़ों तक की इम्यूनिटी को मजबूत रखता है. इसे किसी भी मौसम में छोटे गमलों में बहुत तेजी से उगाया जा सकता है. महज 20 से 25 दिनों में इसकी पहली कटाई शुरू हो जाती है. जानें कैसे इसे उगा सकते हैं.

ऐसे तैयार करें बालकनी का सेटअप

चौलाई साग की जड़ें बहुत ज्यादा गहरी नहीं जातीं इसलिए इसके लिए गहरे गमले की जगह चौड़े और उथले कंटेनर सबसे बेस्ट रहते हैं. आप 6 से 8 इंच गहराई वाले रेक्टेंगुलर गमला इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर किचन में कोई पुरानी प्लास्टिक क्रेट्स है तो उनका भी इस्तेमाल कर सकते हैं. गमला ले रहे हैं तो उसके नीचे ड्रेनेज होल यानी पानी निकलने का छेद होना बेहद जरूरी है.

मिट्टी तैयार करते समय 50 फीसदी सामान्य बगीचे की मिट्टी, 30 फीसदी गोबर की पुरानी सड़ी खाद और 20 फीसदी रेत मिलाएं. यह मिक्सचर मिट्टी को भुरभुरा और हल्का बनाए रखता है. जिससे बीजों का अंकुरण बहुत तेजी से होता है. गमले में मिट्टी भरने के बाद ऊपर से 1 इंच जगह खाली छोड़ दें जिससे पानी देने में आसानी रहे. अब आपका बालकनी गार्डन बीज बोने के लिए पूरी तरह रेडी है.


बीज बोने का आसान तरीका

चौलाई के बीज बहुत छोटे और बारीक होते हैं. इसलिए इन्हें बोते वक्त थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए. बीजों को समान रूप से बिखेरने के लिए आप उन्हें थोड़ी सी सूखी रेत के साथ मिला सकते हैं. इसके बाद गमले की मिट्टी पर बीजों को हल्के हाथ से स्प्रिंकल कर दें और ऊपर से आधी इंच भुरभुरी मिट्टी की पतली परत से ढक दें. कभी भी बीजों को ज्यादा गहराई में न दबाएं वरना वे सड़ सकते हैं.

बीज बोने के तुरंत बाद स्प्रे बॉटल से हल्का पानी दें जिससे मिट्टी में सिर्फ नमी बने, कीचड़ न हो. चौलाई को अच्छी ग्रोथ के लिए रोजाना 4 से 6 घंटे की डायरेक्ट धूप चाहिए होती है. इसलिए गमले को बालकनी के सबसे चमकदार कोने में रखें. जब गमले की ऊपरी मिट्टी हल्की सूखी दिखने लगे तभी पानी दें.

यह भी पढ़ें: एथेनॉल से किस राज्य के किसानों को मिल रहा है सबसे ज्यादा फायदा? जानें डिटेल्स

25 दिन बाद ऐसे काटें साग

बीज बोने के महज 3 से 5 दिनों के भीतर छोटे-छोटे हरे और लाल अंकुर मिट्टी से बाहर निकलने लगते हैं. चौलाई साग की सबसे बड़ी खासियत इसकी सुपर फास्ट ग्रोथ है. 15 दिनों में पौधे 5 से 6 इंच लंबे हो जाते हैं और 25 से 30 दिनों के भीतर यह आपकी थाली में जाने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाता है. साग तोड़ते समय कभी भी पूरे पौधे को जड़ से न उखाड़ें.


किसी तेज कैंची या फिर पैने चाकू की मदद से पौधे के ऊपरी हिस्से यानी पत्तियों और तनों को ऊपर से 2 इंच छोड़कर काट लें. ऐसा करने से नीचे से नई-नई शाखाएं फूटने लगेंगी और आप एक ही पौधे से 4 से 5 बार ताजी पत्तियां तोड़ सकेंगे. हर बार कटाई के बाद थोड़ी सी गोबर खाद डालने से अगली पत्तियां घनी निकलती है.

यह भी पढ़ें: क्या है फैंसी गप्पी फिश फार्मिंग? 2 महीने में ही होने लगेगा मोटा मुनाफा

Topics & Tags:#Agriculture
घर की बालकनी में आती है धूप, तो उगा सकते हैं चौलाई साग | Kisan Reporter