Agriculture

गमले में कैसे उगा सकते हैं चिरौंजी, जान लें इसकी खेती का तरीका

N
ABP News
November 21, 2026•3 min read
गमले में कैसे उगा सकते हैं चिरौंजी, जान लें इसकी खेती का तरीका

Chironji Plant: घर में जब भी ड्राई फ्रूट्स की बात आती है तो यदा-कदा चिरौंजी का जिक्र हो ही जाता है. खीर बनानी हो, हलवा हो या और कोई मिठाई, चिरौंजी हर किसी का स्वाद बढ़ा देती है. आमतौर पर यह बाजार में 1000 से 1500 रुपये किलो तब बिकती है. ऐसे में किसान इसकी खेती कर लाखों कमा सकते हैं.

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या चिरौंजी को घर पर भी उगाया जा सकता है? इसका जवाब है - हां, घर पर चिरौंजी उगाना आसान है, लेकिन चिरौंजी की खेती में सबसे ज्यादा जरूरत होती है तो धैर्य बनाए रखने की, क्योंकि इसका पौधा काफी समय बाद फल देना शुरू करता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि घर पर कैसे उगा सकते हैं चिरौंजी और इसकी खेती का तरीका क्या है?

गमले में कैसे उगाएं चिरौंजी

सबसे पहले यह जान लें कि घर पर गमले में चिरौंजी उगाई तो जा सकती है, लेकिन एक समय बाद आपको इस पौधे को किसी बड़ी जमीन या खेत में शिफ्ट करना पड़ेगा. दरअसल, चिरौंजी का पौधा आगे चलकर एक बड़ा पेड़ बनता है और काफी फैलता है, इसलिए इसे गमले में रखना सही नहीं होता. चिरौंजी की अच्छी पैदावार और पेड़ को फैलने के लिए अच्छी जगह की जरूरत होती है.

पथरीली और सूखी मिट्टी होती है उपयुक्त

चिरौंजी की खेती आमतौर पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और उत्तर प्रदेश में की जाती है. इसकी खेती के लिए आपको सूखी और पथरीली मिट्टी की आवश्यकता होगी, वहीं इस पौधे को बढ़ने के लिए शुष्क जलवायु की आवश्यकता होती है. गमले में चिरौंजी का बीज बोने से पहले यह जान लें कि मिट्टी में जलभराव से इस पौधे को नुकसान होता है.

यह भी पढ़ें: घर में कैसे उगाएं पॉपकॉर्न वाली मक्का, कितने दिनों में मिलने लगेगा फल?

नर्सरी में तैयार पौधे की करें बुवाई

चिरौंजी के पौधे के लिए ताजे बीच की जरूरत होती है. दरअसल, इसका फल पकने के बाद ताजा हाल में ही बीज को बोना सही रहता है. अगर आप घर पर चिरौंजी का पौधा लगाना चाहते हैं तो बीज बोने के बजाय नर्सरी से पौधा खरीदकर लगाना बेहतर माना जाता है. दरअसल, इस तरीके से पौधे के बढ़ने की उम्मीद ज्यादा होती है और वह आगे चलकर फल भी देता है.

फल देने में लगता है ज्यादा समय

चिरौंजी का पौधा आम पौधों की तरह तुरंत फल नहीं देता. इसके लिए आपको लंबा इंतजार करना पड़ सकता है, सामान्य तौर पर एक पौधे में फल आने में सात से दस साल का समय लग सकता है. कुछ मामलों में इससे ज्यादा समय भी लगता है. यह एक धीमी गति से बढ़ने वाला पौधा है. जानकारी के मुताबिक, आमतौर पर चिरौंजी में फरवरी में फूल आते हैं और मई तक फल तैयार होते हैं.

यह भी पढ़ें: खेती के लिए कैसे तैयार होती है गोबर की खाद, इसमें कितना समय लगता है?

Topics & Tags:#Agriculture
गमले में कैसे उगा सकते हैं चिरौंजी, जान लें इसकी खेती का तरीका | Kisan Reporter