Agriculture

Nilgai Crop Damage: नील गाय ने कर दिया फसल का नुकसान, क्या किसानों को मिल सकता है मुआवजा?

N
ABP News
November 21, 2026•3 min read
Nilgai Crop Damage: नील गाय ने कर दिया फसल का नुकसान, क्या किसानों को मिल सकता है मुआवजा?

खेती में किसानों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. कभी मौसम की मार फसल को बर्बाद कर देती है, तो कभी कीट और बीमारियां किसानों की मेहनत पर पानी फेर देते हैं. इसके अलावा खेतों में घुसने वाले जंगली जानवर भी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बनते जा रहे हैं. खासकर नीलगाय के झुंड कई इलाकों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं. ये जानवर खेतों में घुसकर गेहूं, चना, सरसों, सब्जियों और दूसरी फसलों को खा जाते हैं या पैरों से रौंदकर बर्बाद कर देते हैं.

ऐसे में किसान के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अगर नीलगाय ने उसकी महीनों की मेहनत से तैयार फसल को नुकसान पहुंचाया है, तो क्या सरकार इसकी भरपाई करती है? क्या किसान को मुआवजा मिल सकता है? इसका जवाब कुछ हद तक राज्य सरकार की नीतियों, वन्यजीवों से होने वाले नुकसान के नियमों और फसल बीमा की शर्तों पर निर्भर करता है.

नीलगाय से फसल खराब होने पर मिलता है मुआवजा

कुछ राज्यों में नीलगाय सहित अन्य वन्यजीवों से फसल को हुए नुकसान पर किसानों को आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है. हालांकि पूरे देश में इसके लिए एक समान मुआवजा राशि या नियम लागू नहीं हैं. हर राज्य अपने राजस्व और वन विभाग के नियमों के आधार पर फसल के नुकसान का आकलन करता है. केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में भी इस दिशा में बदलाव किया गया है. पहले जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को सामान्य तौर पर बीमा के दायरे में शामिल नहीं किया गया था. लेकिन अब राज्यों को यह छूट दी गई है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार वन्यजीवों से फसल नुकसान को व्यक्तिगत आकलन के आधार पर अतिरिक्त बीमा कवर में शामिल कर सकते हैं. इसका खर्च राज्य सरकार को उठाना होता है. यानी नीलगाय से नुकसान होने पर फसल बीमा का लाभ तभी मिलेगा, जब संबंधित राज्य ने इसके लिए अतिरिक्त कवर लागू किया हो.

यह भी पढ़ें: खाते में नहीं आया था किसान निधि का पैसा, क्या 25वीं किस्त से भी धोना होगा हाथ?

मुआवजे के लिए किसान कर सकते हैं आवेदन

अगर नीलगाय ने खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया है, तो किसान को सबसे पहले इसकी सूचना संबंधित राजस्व अधिकारी को देनी चाहिए. आवेदन मिलने के बाद संबंधित अधिकारी फसल को हुए नुकसान का आकलन करते हैं. जांच और पात्रता की पुष्टि के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार सहायता राशि दी जाती है. किसानों के लिए एक और राहत की बात यह है कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को शामिल करने की नई व्यवस्था तैयार की है. इस व्यवस्था के तहत नीलगाय, जंगली सूअर, हिरण, हाथी और बंदर जैसे जानवरों से फसल को होने वाले नुकसान को स्थानीय आपदा के अतिरिक्त कवर में शामिल किया जा सकता है. इस योजना के तहत प्रभावित किसान को नुकसान की जानकारी 72 घंटे के भीतर क्रॉप इंश्योरेंस ऐप पर देनी होगी. इसके साथ जियो-टैग की गई तस्वीरें भी अपलोड करनी होंगी.

किसानों को इन बातों का रखना चाहिए ध्यान

नीलगाय से फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को कुछ जरूरी सावधानियां रखनी चाहिए. नुकसान होते ही सबसे पहले खेत की तस्वीरें और वीडियो बना लें. घटना की तारीख और प्रभावित खेत का विवरण सुरक्षित रखें. राजस्व विभाग को निर्धारित समय के भीतर सूचना दें. आवेदन की रसीद अपने पास रखें. फसल बीमा कराया है तो बीमा कंपनी और क्रॉप इंश्योरेंस ऐप पर भी जानकारी दें.

यह भी पढ़ें: कुसुम के फूल से क्या-क्या बनता है, इससे कैसे मुनाफा कमा सकते हैं किसान?

Topics & Tags:#Agriculture
Nilgai Crop Damage: नील गाय ने कर दिया फसल का नुकसान, क्या किसानों को मिल सकता है मुआवजा? | Kisan Reporter