Agriculture

Poultry Farming: ठंड में भी नहीं घटेगा मुर्गियों का अंडा उत्पादन, बस अपनाएं ये तरीके

N
ABP News
November 21, 2026•3 min read
Poultry Farming: ठंड में भी नहीं घटेगा मुर्गियों का अंडा उत्पादन, बस अपनाएं ये तरीके

Poultry Winter Care: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों की सेहत पर भी ठंड का असर पड़ने लगता है. खासकर मुर्गीपालन करने वाले किसानों के लिए यह मौसम थोड़ी परेशानी बढ़ा सकता है. तापमान गिरने से मुर्गियां बीमार पड़ सकती हैं. इसका असर उनके अंडे देने की क्षमता और वजन बढ़ने की रफ्तार पर भी पड़ता है.

कई बार तो सही देखभाल नहीं होने पर मुर्गियों का उत्पादन कम हो जाता है, जिससे मुर्गीपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. हालांकि, कुछ आसान उपाय अपनाकर इस परेशानी से बचा जा सकता है.

मुर्गियों के बाड़े में रखें सही तापमान

सर्दियों में मुर्गियों को ठंड से बचाने के लिए उनके रहने वाले बाड़े में सही तापमान बनाए रखना जरूरी है. तापमान अचानक गिरने से मुर्गियां तनाव में आ सकती हैं. इसका असर उनके अंडा उत्पादन और विकास पर पड़ता है. ऐसे में जरूरत के हिसाब से बाड़े में बल्ब या हीटर लगा सकते हैं. छोटे मुर्गीपालक कम खर्च में बल्ब की मदद से भी गर्माहट बनाए रख सकते हैं.

ठंडी हवा से बचाने के लिए लगाएं पर्दे

  • सर्दियों में चलने वाली ठंडी हवाएं मुर्गियों की परेशानी बढ़ा सकती हैं.
  • इससे बचाने के लिए पोल्ट्री फार्म के खुले हिस्सों में मोटे पर्दे या बोरियां लगाएं.
  • इससे ठंडी हवा सीधे मुर्गियों तक नहीं पहुंचेगी और बाड़े के अंदर गर्माहट बनी रहेगी.
  • लेकिन ध्यान रखें कि बाड़े को पूरी तरह बंद न करें.
  • सुबह धूप निकलने पर कुछ समय के लिए पर्दे हटा दें, ताकि अंदर धूप पहुंच सके.
  • इससे बाड़े में नमी कम करने में भी मदद मिलेगी.


यह भी पढ़ें: कितने रुपये में मिलेगी बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन? जानें कीमत

साफ-सफाई और खानपान का रखें ध्यान

ठंड के मौसम में मुर्गियों के बाड़े में गंदगी और नमी जमा होने से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए बाड़े की नियमित सफाई करें और फर्श पर बिछाए गए भूसे या दूसरे बिछावन को सूखा रखें. अगर बिछावन गीला हो जाए, तो उसे बदल दें.

दाना और पानी रखने वाले बर्तनों को भी रोज साफ करें. इसके अलावा मुर्गियों को संतुलित और पौष्टिक आहार दें. सर्दियों में उनके शरीर को ज्यादा एनर्जी की जरूरत पड़ सकती है, इसलिए दाने में पर्याप्त एनर्जी और प्रोटीन होना चाहिए. साथ ही उन्हें साफ पानी दें और ध्यान रखें कि पानी बहुत ठंडा न हो.

रोजाना करें मुर्गियों की सेहत की जांच

सर्दियों में मुर्गियों की सेहत पर रोज नजर रखना जरूरी है. देखें कि कोई मुर्गी सुस्त तो नहीं है या दाना-पानी ठीक से खा-पी रही है या नहीं. अगर किसी मुर्गी में बीमारी के लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत बाकी मुर्गियों से अलग कर दें. इसके बाद पशु चिकित्सक से सलाह लें. साथ ही समय पर टीकाकरण कराएं और बाहरी व अंदरूनी कीड़ों से बचाव के उपाय करें.

यह भी पढ़ें: कहीं बूढ़ी भैंस तो नहीं खरीद रहे आप? ऐसे करें पहचान

Topics & Tags:#Agriculture
Poultry Farming: ठंड में भी नहीं घटेगा मुर्गियों का अंडा उत्पादन, बस अपनाएं ये तरीके | Kisan Reporter