Agriculture

PM Kisan: अधूरी जानकारी से अटक सकती है किसान निधि की किस्त, तुरंत अपडेट करें ये डिटेल्स

N
ABP News
November 22, 2026•3 min read
PM Kisan: अधूरी जानकारी से अटक सकती है किसान निधि की किस्त, तुरंत अपडेट करें ये डिटेल्स

PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए जरूरी खबर है. अगर आप भी इस योजना की किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो अपनी जानकारी एक बार जरूर चेक कर लें. कई बार किसानों के जमीन के कागजों, आधार कार्ड या बैंक खाते में छोटी-सी गलती होती है, जिसकी वजह से किस्त खाते में नहीं पहुंच पाती.

ऐसे में किसानों को बाद में सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. लेकिन अब किसान घर पर ही पीएम किसान पोर्टल की मदद से अपनी अधूरी जानकारी देख सकते हैं और उसे ठीक कर सकते हैं. इसके लिए सरकार ने पोर्टल पर खास सुविधा दी है.

पीएम किसान पोर्टल पर ऐसे ठीक करें अपनी जानकारी

पीएम किसान योजना का फायदा लेने वाले किसानों के लिए पोर्टल पर 'Update Missing Information' का विकल्प दिया गया है. इसकी मदद से किसान देख सकते हैं कि, उनकी कौन-सी जानकारी अधूरी है. इसमें जमीन के पुराने मालिक की पूरा डिटेल्स न होना, पुराने और नए जमीन मालिक की जानकारी में गड़बड़ी होना जैसी समस्याएं शामिल हैं. ऐसे में जरूरी है कि किसान समय रहते अपने जमीन से जुड़े कागजों की जांच कर लें.

  • इसके लिए सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
  • यहां Farmers Corner में 'Update Missing Information' के विकल्प पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपना आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर जानकारी खोजें.
  • स्क्रीन पर जो भी जानकारी दिखाई दे, उसे ध्यान से पढ़ें.
  • अगर कहीं कोई गलती या कमी नजर आती है, तो उसे सही करवाएं.
  • जानकारी भरते समय जमीन के कागज और दूसरे जरूरी दस्तावेज अपने पास रखें.

ई-केवाईसी से लेकर आधार लिंकिंग तक निपटा लें ये काम

पीएम किसान योजना का पैसा बिना रुकावट खाते में पाने के लिए कुछ जरूरी काम पूरे करना भी जरूरी है. सबसे पहले अपनी ई-केवाईसी पूरी कर लें. इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री में अपना नाम दर्ज करवाएं और फार्मर आईडी भी बनवा लें. जमीन का रिकॉर्ड सही होना चाहिए और लैंड सीडिंग की प्रक्रिया भी पूरी होनी चाहिए.

इसके साथ ही यह भी देख लें कि आपका आधार बैंक खाते से जुड़ा है या नहीं. बैंक खाता चालू होना चाहिए और उसमें डीबीटी यानी सरकारी पैसा सीधे खाते में आने की सुविधा भी चालू होनी चाहिए. अगर आधार कार्ड में नाम या दूसरी जानकारी गलत है, तो उसे भी ठीक करवा लें.

यह भी पढ़ें: फसल बेचने पर नहीं मिला सही भाव? सरकार करेगी नुकसान की भरपाई

ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

किसानों को समय-समय पर पीएम किसान की वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस भी चेक करते रहना चाहिए. इसके लिए पोर्टल पर 'Know Your Status' का विकल्प दिया गया है. यहां किसान देख सकते हैं कि उनकी किस्त से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हुई हैं या नहीं.

अगर यहां कोई जानकारी अधूरी दिखाई देती है या कोई काम लंबित है, तो उसे जल्द पूरा करवा लें. खासकर जमीन के कागज, आधार और बैंक खाते की जानकारी जरूर मिला लें. इससे समय रहते गलती पकड़ में आ जाएगी और किस्त अटकने की परेशानी से बचा जा सकेगा.

यह भी पढ़ें: अब बिना Farmer ID नहीं मिलेगी खाद, इस राज्य में लागू होगा नया नियम

Topics & Tags:#Agriculture
PM Kisan: अधूरी जानकारी से अटक सकती है किसान निधि की किस्त, तुरंत अपडेट करें ये डिटेल्स | Kisan Reporter