Agriculture

एक एकड़ जमीन के लिए किस साइज का रोटावेटर आएगा काम, जान लें काम की बात

N
ABP News
August 31, 20263 min read
एक एकड़ जमीन के लिए किस साइज का रोटावेटर आएगा काम, जान लें काम की बात

खेती में जुताई का काम अब पहले जितना मुश्किल नहीं रहा. हल-बैल की जगह अब रोटावेटर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों ने ले ली है, जो कम समय में खेत की मिट्टी को बारीक और समतल बना देते हैं. लेकिन छोटे किसानों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि अगर उनके पास सिर्फ एक एकड़ जमीन है, तो उनके लिए कौन-सा रोटावेटर सही रहेगा और कितने एचपी के ट्रैक्टर की जरूरत पड़ेगी. आइए जानते है इस सब सवालों के जवाब को.

रोटावेटर का साइज कैसे तय होता है

बाजार में रोटावेटर अलग-अलग साइज में मिलते हैं, और इन्हें आमतौर पर फीट में मापा जाता है. रोटावेटर का सही साइज चुनना मुख्य रूप से इस बात पर निर्भर करता है कि आपके पास ट्रैक्टर की इंजन क्षमता यानी एचपी कितनी है, साथ ही खेत का आकार कितना बड़ा है. छोटा खेत होने पर बड़ा रोटावेटर न सिर्फ जरूरत से ज्यादा खर्चीला साबित होता है, बल्कि उसे सही तरीके से चलाना भी मुश्किल हो जाता है.

एक एकड़ खेत के लिए कौन-सा साइज सही रहेगा

एक एकड़ जैसे छोटे खेत के लिए किसानों को बड़े या भारी रोटावेटर की जरूरत नहीं पड़ती. इतने छोटे रकबे के लिए 4 फीट आकार का रोटावेटर पूरी तरह पर्याप्त माना जाता है. यह साइज खासतौर पर छोटे और मध्यम किसानों के लिए ही बनाया गया है, जिनके पास 2 से 3 एकड़ तक की जमीन होती है. इतना छोटा रोटावेटर एक एकड़ के खेत में आसानी से और तेजी से जुताई कर देता है.

कितने एचपी के ट्रैक्टर की पड़ेगी जरूरत

4 फीट के रोटावेटर को चलाने के लिए ज्यादा शक्तिशाली ट्रैक्टर की जरूरत नहीं होती. 30 से 35 एचपी क्षमता वाला ट्रैक्टर इस साइज़ के रोटावेटर को आराम से चला सकता है. अगर किसी किसान के पास पहले से 35 एचपी का ट्रैक्टर मौजूद है, तो उसे रोटावेटर के लिए अलग से कोई नया या बड़ा ट्रैक्टर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

सिर्फ एचपी ही नहीं, इन बातों का भी रखें ध्यान

रोटावेटर खरीदते समय सिर्फ ट्रैक्टर की एचपी देखना ही काफी नहीं होता. ट्रैक्टर की लिफ्टिंग क्षमता, यानी वह कितना वजन उठाकर संभाल सकता है, और पीटीओ यानी पावर टेक ऑफ की स्पीड भी अहम भूमिका निभाती है. अगर ट्रैक्टर की लिफ्टिंग क्षमता कमजोर होगी, तो भारी रोटावेटर को खेत में सही ढंग से चलाना मुश्किल हो सकता है, भले ही उसकी एचपी पर्याप्त क्यों न हो.

यह भी पढ़ें: कृषि मशीनों पर सब्सिडी के लिए आवेदन रिजेक्ट हो गया, कहीं ये गलती तो नहीं की?

ब्लेड्स की संख्या का भी रखें ध्यान

एक एकड़ खेत के लिए जब आप 4 या 5 फीट का रोटावेटर चुनते हैं, तो उसमें आमतौर पर 32 से 36 ब्लेड्स होने चाहिए. सामान्य खेती की जमीन के लिए हमेशा L टाइप के ब्लेड वाले रोटावेटर को प्राथमिकता दें, क्योंकि यह मिट्टी को बहुत अच्छे तरीके से काटता है और इसे खींचने में ट्रैक्टर को ज्यादा ताकत नहीं लगानी पड़ती.

यह भी पढ़ें: राजस्थान में बिना फार्मर आईडी नहीं मिलेगी खाद, जानें इसे बनाने का प्रोसेस

Topics & Tags:#Agriculture
एक एकड़ जमीन के लिए किस साइज का रोटावेटर आएगा काम, जान लें काम की बात | Kisan Reporter