Agriculture

क्या घर के चारों भाइयों को मिल सकता है किसान योजना में लाभ?

N
ABP News
August 15, 20264 min read
क्या घर के चारों भाइयों को मिल सकता है किसान योजना में लाभ?

PM Kisan Yojana: देश में किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. जिनमें पीएम किसान योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है इसके तहत पात्र किसान परिवार को सालाना 6000 रुपये मिलते हैं. यह रकम 2000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. पीएम किसान योजना के तहत अब तक 23 किस्तें जारी हो चुकी हैं और देश के करोड़ों किसान परिवार इसका फायदा उठा चुके हैं. 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी.

अब किसानों को 24वीं किस्त का इंतजार है. जिसके अक्टूबर 2026 के आसपास आने की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि सरकार ने अभी इसकी कोई तारीख घोषित नहीं की है. अक्सर एक ही घर में कई भाई खेती करते हैं और उनके मन में सवाल रहता है कि क्या सभी को अलग-अलग 6000 रुपये मिल सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं अगर किसी परिवार में चार भाई हैं तो क्या चारों को 6000 रुपये मिलेंगे या नहीं.

परिवार को लेकर योजना में नियम

पीएम किसान योजना के नियमों के मुताबिक किसान परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल माने जाते हैं. यानी योजना में परिवार की पहचान जमीन के रिकॉर्ड और परिवार की स्थिति के आधार पर होती है. सिर्फ एक घर में रहने या एक ही सरनेम होने से सभी लोग एक ही किसान परिवार नहीं बन जाते.

अब सवाल आता है कि अगर एक ही घर में चार भाई रहते हैं तो क्या चारों को योजना का पैसा मिलेगा? इसका जवाब सीधा हां या ना नहीं है. अगर चारों भाई अलग-अलग परिवार बन चुके हैं. उनके नाम पर अलग खेती योग्य जमीन है और वह योजना की बाकी शर्तें पूरी करते हैं. तो उनकी पात्रता अलग-अलग देखी जा सकती है.

लेकिन अगर रिकॉर्ड और परिवार की स्थिति ऐसी है कि सभी एक ही पात्र किसान परिवार के हिस्से हैं. तो हर भाई को अलग 6000 रुपये नहीं मिलेंगे. योजना का फायदा जमीन के मालिकाना हक से भी जुड़ा है. इसलिए केवल यह कहना कि चारों भाई खेती करते हैं अपने आप में अलग-अलग लाभ पाने के लिए काफी नहीं है. जमीन का रिकॉर्ड, परिवार की स्थिति चेक की जाती है.


चारों भाइयों को कब मिल सकता है फायदा?

मान लीजिए चार भाइयों के परिवार अलग हो चुके हैं. सभी के नाम पर खेती योग्य जमीन का अलग रिकॉर्ड है और वह अपने-अपने परिवार के साथ अलग किसान परिवार के रूप में पात्रता पूरी करते हैं. ऐसे में सभी चारों भाइयों के परिवार को पीएम किसान का लाभ मिल सकता है. आपको बता दें कि पैसा हर व्यक्ति के हिसाब से नहीं बल्कि पात्र किसान परिवार के हिसाब से मिलता है.

इसके उलट अगर एक ही किसान परिवार के नाम पर जमीन है और परिवार के कई सदस्य अलग-अलग आवेदन करके पीएम किसान का फायदा लेने लगते हैं. तो यह योजना के नियमों के मुताबिक सही नहीं है. पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऐसे मामलों का जिक्र है. जहां एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्य लाभ ले रहे हैं. ऐसे मामलों में भुगतान को फिजिकल वेरिफिकेशन पूरा होने तक रोका जा सकता है.


यह भी पढ़ें: केले में फंसाएं इलायची और गमले में लगा दें, कुछ ही दिनों में होगी तगड़ी कमाई

गलत तरीके से लाभ लेने पर एक्शन

नियमों की अनदेखी करके अगर एक ही परिवार के भीतर कई लोग फर्जी तरीके से गलत जानकारी देकर किस्तें ले रहे हैं. तो सरकार का सिस्टम अब बेहद सख्त हो चुका है. गलत तरीके से उठाई गई किस्तों पर सरकार नोटिस भेजकर पूरी रकम की रिकवरी कर रही है और गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. अगर किसी घर में अनजाने में या गलती से एक से अधिक सदस्यों के खाते में पैसा आ रहा है.

तो पोर्टल पर जाकर वॉलंटरी सरेंडर ऑप्शन का इस्तेमाल करके खुद ही योजना का लाभ छोड़ा जा सकता है. ऐसा करने से किसान किसी भी कानूनी जुर्माने या रिकवरी की कार्रवाई से पूरी तरह सुरक्षित बच जाते हैं. योजना में लाभ के लिए नियमों का ध्यान रखना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: बकरी पालन में कौन-सी नस्ल सबसे अच्छी, जानें कितना देती है दूध?

Topics & Tags:#Agriculture
क्या घर के चारों भाइयों को मिल सकता है किसान योजना में लाभ? | Kisan Reporter