Agriculture

Kitchen Garden Tips: किचन गार्डन में उगाएं चेरी टोमैटो, जान लें खेती का तरीका

N
ABP News
August 8, 20263 min read
Kitchen Garden Tips: किचन गार्डन में उगाएं चेरी टोमैटो, जान लें खेती का तरीका

Kitchen Garden Tips: चेरी टोमैटो दिखने में छोटे, खाने में मीठे और सलाद से लेकर स्नैक्स तक हर जगह इस्तेमाल होने वाली एक बहुत पसंद की जाने वाली सब्जी है. अच्छी बात यह है कि इसे आप अपने घर के छोटे से किचन गार्डन में भी आसानी से उगा सकते हैं. बड़े बगीचे या खेत की भी जरूरत नहीं पड़ती, सिर्फ एक गमला या बालकनी की छोटी सी जगह ही काफी है. आइए जानते हैं इसे उगाने का पूरा आसान तरीका.

कैसे लगाएं चेरी टोमैटो?

चेरी टोमैटो लगाने के लिए आप गमला, ग्रो बैग या क्यारी, कुछ भी इस्तेमाल कर सकते हैं. एक पौधे के लिए कम से कम 12 इंच का गमला या बैग लें, ताकि जड़ों को फैलने की अच्छी जगह मिल सके. नर्सरी से 3-4 हफ्ते का तैयार पौधा लाकर लगाना सबसे आसान तरीका है, इससे फल जल्दी मिलने लगते हैं. अगर आप बीज से पौधा तैयार करना चाहते हैं, तो बीज को पहले छोटे गमले में उगाएं और जब पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए, तभी उसे बड़े गमले में शिफ्ट करें.

मिट्टी कैसे तैयार करें?

गमले या बैग में सामान्य मिट्टी, गोबर की खाद और थोड़ी रेत मिलाकर भरें. मिट्टी में पानी निकलने की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए, इसलिए गमले के नीचे छेद जरूर करें. अगर पानी अंदर ही जमा रहेगा, तो पौधे की जड़ सड़ सकती है. मिट्टी को बहुत ज्यादा कसकर न भरें, इसे थोड़ा ढीला रखें, ताकि जड़ों को बढ़ने में आसानी हो.

धूप और पानी की जरूरत

चेरी टोमैटो के पौधे को रोज कम से कम 6 घंटे धूप चाहिए, तभी अच्छे फल आते हैं. मिट्टी को हल्का नम रखें, लेकिन ज्यादा पानी न डालें. गर्मियों में रोज पानी दें, और ठंड में हर 2-3 दिन में एक बार पानी देना काफी रहता है. ध्यान रखें कि पानी सीधे पत्तों पर न डालें, बल्कि मिट्टी में डालें, इससे पौधे में बीमारी होने का खतरा कम रहता है.

यह भी पढ़ें: हर साल एक ही फसल... इससे मिट्टी को कितना नुकसान?

खाद और देखभाल

हर 15-20 दिन में जैविक खाद, जैसे वर्मीकम्पोस्ट, डालते रहें. जब पौधे में फूल आने लगें, तब पोटाश वाली खाद थोड़ी बढ़ा दें, इससे फल ज्यादा और अच्छे लगते हैं. समय-समय पर नीचे की सूखी पत्तियां और फालतू टहनियां हटाते रहें, ताकि पौधे की पूरी ताकत फल बनाने में लगे. इससे पौधे में हवा भी अच्छे से आती-जाती रहती है, जिससे बीमारी लगने का खतरा भी कम हो जाता है.

कीड़ों से बचाव

अगर पत्तों पर छोटे कीड़े दिखें, तो नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं, यह एकदम नेचुरल तरीका है. ज्यादा नमी से फंगल बीमारी भी हो सकती है, इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहां हवा अच्छे से आती-जाती हो. अगर पौधे की पत्तियां पीली पड़ने लगें, तो यह ज्यादा पानी या पोषण की कमी का संकेत हो सकता है, ऐसे में तुरंत ध्यान देना चाहिए.

यह भी पढ़ें: 10 लीटर की बाल्टी में कौन-कौन सी सब्जियां उग सकती हैं? देखें गार्डनिंग टिप्स

Topics & Tags:#Agriculture
Kitchen Garden Tips: किचन गार्डन में उगाएं चेरी टोमैटो, जान लें खेती का तरीका | Kisan Reporter