Agriculture

Monsoon Farming Mistakes: बारिश रुकते ही न करें ये गलती, खराब हो सकती है नई फसल

N
ABP News
August 16, 20263 min read
Monsoon Farming Mistakes: बारिश रुकते ही न करें ये गलती, खराब हो सकती है नई फसल

Monsoon Farming Mistakes: बारिश खेती के लिए बेहद जरूरी होती है हांलाकि, लगातार या तेज बारिश के बाद खेत में कई तरह की समस्याएं पैदा हो जाती हैं. खासकर नई बोई गई फसल के लिए बारिश रुकने के तुरंत बाद की गई कुछ गलतियां नुकसान का कारण बन सकती हैं. खेत में पानी जमा होना, मिट्टी का बहुत ज्यादा गीला रहना और बिना स्थिति देखे जुताई या सिंचाई करना फसल की सेहत पर असर डाल सकता है. किसानों के लिए जरूरी है कि बारिश रुकने के बाद खेत की स्थिति का आकलन करें और मिट्टी के पर्याप्त सूखने का इंतजार करें. जल्दबाजी में खेत में भारी मशीनरी चलाने से मिट्टी की संरचना खराब हो सकती है और फसल की जड़ों को भी नुकसान पहुंच सकता है.

बारिश के तुरंत बाद खेत में न चलाएं भारी मशीन

बारिश रुकते ही ट्रैक्टर या दूसरी भारी मशीनरी लेकर खेत में जाने से बचना चाहिए, खासकर तब जब मिट्टी बहुत गीली हो. गीली मिट्टी पर भारी मशीन चलाने से मिट्टी दब सकती है. इससे मिट्टी में हवा और पानी के आवगमन पर असर पड़ सकता है. अगर खेत में नई फसल लगी है, तो मशीनरी से पौधों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है. इसलिए खेत की नमी और मिट्टी की स्थिति देखकर ही जुताई या अन्य कृषि कार्य करने का फैसला करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: सोयाबीन के खेत में पत्तियां पीली पड़ें तो क्या करें, किसान जानें काम की बात

जलभराव को नजरअंदाज न करें

बारिश के बाद खेत में कहीं पानी जमा है तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसल की जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और जड़ सड़ने और फसल में फंगल लगन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. जरूरत पड़ने पर खेत से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करना चाहिए.

बारिश के बाद तुरंत सिंचाई न करें

बारिश रुकने के बाद कई बार किसान नियमित सिंचाई के अनुसार पानी देने लगते हैं. लेकिन बारिश से मिट्टी में पहले से पर्याप्त नमी होती है. ऐसे में बिना मिट्टी की नमी जांचे सिंचाई करने से खेत में अतिरिक्त पानी जमा हो सकता है. इसलिए बारिश के बाद मिट्टी की नमी देखकर ही अगली सिंचाई का निर्णय लेना बेहतर होता है.

नई फसल में खरपतवार पर नजर रखें

बारिश के बाद खेत में नमी बढ़ने के कारण खरपतवार तेजी से उग सकते हैं. इसलिए खेत की नियमित निगरानी करना जरूरी है. ये मुख्य फसल का पानी, पोषक तत्व और जगह ले लेते हैं. बिना जानकारी के किसी खरपतवारनाशी का इस्तेमाल करने से मुख्य फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है.

यह भी पढ़ें: खेत में मौसम स्टेशन लगाने के फायदे, जानें कितनी होगी कमाई?

Topics & Tags:#Agriculture
Monsoon Farming Mistakes: बारिश रुकते ही न करें ये गलती, खराब हो सकती है नई फसल | Kisan Reporter