Agriculture

Plant Care Tips: पौधे की पत्तियां पीली पड़ रही हैं, खाद डालें या पानी?

N
ABP News
August 17, 20263 min read
Plant Care Tips:  पौधे की पत्तियां पीली पड़ रही हैं, खाद डालें या पानी?

Plant Care Tips: बगीचे या गमले में लगे पौधों की पत्तियां अगर पीली पड़ने लगें ताे यह देखकर मन परेशान हो जाता है. बहुत से लोग यह समझ नहीं पाते कि पत्तियां पीली क्यों हो रही हैं और इसके लिए खाद डालें या पानी की मात्रा बदलें. असल में पत्तियों का पीला पड़ना कई वजहों से हो सकता है, जैसे पानी की कमी या ज्यादा पानी, खाद की कमी, धूप न मिलना या फिर किसी बीमारी का असर. ऐसे में आइए जानते हैं कि पत्तियां पीली क्यों पड़ती हैं और इसका सही इलाज क्या है.

पानी की गड़बड़ी से पीली पत्तियां

पत्तियों के पीले पड़ने की सबसे आम वजह पानी की सही मात्रा न मिलना है. अगर पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी दिया जाए तो जड़ों के आसपास मिट्टी में हवा नहीं पहुंच पाती और जड़ें सड़ने लगती हैं. इससे पौधा पूरी तरह से पोषण नहीं ले पाता और पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं. वहीं, दूसरी तरफ अगर पानी की कमी हो जाए तो पौधा सूखने लगता है और उसकी पत्तियां किनारों से पीली होकर मुरझाने लगती हैं. इसलिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि गमले की मिट्टी बहुत ज्यादा गीली तो नहीं है या बहुत ज्यादा सूखी तो नहीं है.

अगर पानी की मात्रा सही है फिर भी पत्तियां पीली पड़ रही हैं तो इसकी वजह मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है. खासकर नाइट्रोजन की कमी से पुरानी पत्तियां सबसे पहले पीली पड़ती हैं, क्योंकि पौधा नाइट्रोजन को पुरानी पत्तियों से नई पत्तियों की तरफ भेज देता है. इसके अलावा आयरन और मैग्नीशियम की कमी से भी पत्तियां पीली दिखने लगती हैं, लेकिन इसमें पत्तियों की नसें हरी रहती हैं और बीच का हिस्सा पीला हो जाता है. ऐसे में पौधे को संतुलित खाद देना जरूरी होता है. जैविक खाद जैसे गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट डालना अच्छा रहता है, इससे मिट्टी को धीरे-धीरे पोषण मिलता है और पौधे को नुकसान भी नहीं होता.

यह भी पढ़ेंः इन किसानों को पीएम किसान योजना में मिलते हैं 10 हजार रुपये, जानें डिटेल

धूप और बीमारी का असर

कई बार पत्तियों का पीला पड़ना पानी या खाद से नहीं बल्कि धूप की कमी से भी होता है. अगर पौधे को पूरे दिन में पर्याप्त धूप नहीं मिलती तो वह अपना भोजन ठीक से नहीं बना पाता और पत्तियां कमजोर होकर पीली पड़ने लगती हैं. ऐसे पौधों को ऐसी जगह रखें जहां कुछ घंटे धूप जरूर आती हो. इसके अलावा कीड़े-मकोड़े या फफूंद जैसी बीमारियां भी पत्तियों को पीला कर सकती हैं, खासकर अगर पत्तियों पर धब्बे या जाला जैसा कुछ दिखे.

यह भी पढ़ेंः Gopal Ratna Award 2026: डेयरी किसानों को 5 लाख जीतने का मौका, इस पुरस्कार के लिए करें आवेदन

Topics & Tags:#Agriculture
Plant Care Tips: पौधे की पत्तियां पीली पड़ रही हैं, खाद डालें या पानी? | Kisan Reporter