Agriculture

PM Kisan: अक्टूबर में आएगी 24वीं किस्त या दिवाली का करना होगा इंतजार? जानें

N
ABP News
October 16, 2026•3 min read
PM Kisan: अक्टूबर में आएगी 24वीं किस्त या दिवाली का करना होगा इंतजार? जानें

PM Kisan Yojana: खेती-किसानी के काम के बीच किसानों को अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार है. किसानों के मन में सवाल है कि आखिर अगली किस्त के 2,000 रुपये उनके बैंक खाते में कब आएंगे? अक्टूबर का महीना चल रहा है और त्योहार भी नजदीक हैं. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि सरकार दिवाली से पहले किसानों को अगली किस्त का पैसा भेज सकती है. हालांकि, अभी तक सरकार ने किस्त जारी करने की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.

पीएम किसान योजना के तहत किसानों को आमतौर पर हर चार महीने में 2,000 रुपये दिए जाते हैं. पिछली यानी 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी. इस हिसाब से 20 अक्टूबर को चार महीने पूरे हो रहे हैं. यही वजह है कि, किसानों के बीच अगली किस्त को लेकर चर्चा तेज है.

क्या दशहरे पर खाते में आएंगे 2,000 रुपये?

इस बार 20 अक्टूबर को दशहरा भी है. ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि, त्योहार के मौके पर सरकार उनके खाते में पैसे भेज सकती है. लेकिन सिर्फ चार महीने पूरे होने या त्योहार होने से किस्त जारी होने की तारीख तय नहीं हो जाती. सरकार की ओर से जब तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी जाती, तब तक यह कहना मुश्किल है कि दशहरे के दिन किसानों को पैसा मिल जाएगा. दशहरे पर बैंक बंद रहने की बात भी सामने आ रही है. हालांकि, बैंक की छुट्टी से अपने आप यह तय नहीं होता कि सरकार किस्त जारी करेगी या नहीं. इसलिए किसानों को फिलहाल पक्की तारीख का इंतजार करना चाहिए.

दिवाली से पहले मिल सकती है अगली किस्त?

किसानों को उम्मीद है कि सरकार दिवाली से पहले 24वीं किस्त जारी कर सकती है. पिछली किस्तों को देखें तो इनके बीच का अंतर हमेशा ठीक चार महीने नहीं रहा है. साल 2025 में साल की तीसरी किस्त 19 नवंबर को जारी की गई थी, जबकि 2026 में पिछली किस्त 20 जून को आई थी.

ऐसे में अक्टूबर में किस्त आने की उम्मीद तो है, लेकिन अभी इसकी कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है. किसानों को सोशल मीडिया पर चल रही तारीखों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए. किस्त कब जारी होगी, इसकी सही जानकारी कृषि मंत्रालय या पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट से ही मिलेगी.

यह भी पढ़ें: फसल नुकसान पर राहत का ऐलान, 3 महीने बिजली बिल भरने से भी छुटकारा!

साल में मिलते हैं 6,000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को साल भर में कुल 6,000 रुपये दिए जाते हैं. यह पैसा 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाता है. खेती से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों में किसानों को मदद देना इस योजना का मकसद है. अगली किस्त का पैसा अटकने से बचाने के लिए किसान अपनी ई-केवाईसी जरूर पूरी कर लें. साथ ही, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भी जांच लें. इससे भुगतान के समय होने वाली परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: फसल नुकसान पर राहत का ऐलान, 3 महीने बिजली बिल भरने से भी छुटकारा!

Topics & Tags:#Agriculture
PM Kisan: अक्टूबर में आएगी 24वीं किस्त या दिवाली का करना होगा इंतजार? जानें | Kisan Reporter