Agriculture

PM Kisan की किस्त आने से पहले चेक करें ये चीजें, किसानों को होगा फायदा

N
ABP News
October 25, 2026•3 min read
PM Kisan की किस्त आने से पहले चेक करें ये चीजें, किसानों को होगा फायदा

PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए जरूरी खबर है. अगर आप भी सरकार से मिलने वाले 2,000 रुपये का इंतजार कर रहे हैं, तो पहले अपने कागजात और बैंक खाते की जानकारी जरूर जांच लें. कई बार छोटी-सी गलती के कारण किसानों के खाते में पैसा नहीं पहुंच पाता.

सरकार ने 24वीं किस्त की तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. अगली किस्त आपके खाते में 30 अक्टूबर को जारी होगी. ऐसे में किस्त आने से पहले चार जरूरी काम पूरे करना बेहतर रहेगा. आइए जानते हैं कि किसान घर बैठे अपना स्टेटस कैसे चेक कर सकते हैं और किन गलतियों को सुधारना जरूरी है.

सबसे पहले ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

  • किसान सबसे पहले पीएम किसान की वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
  • यहां Farmers Corner में जाकर Know Your Status पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और मांगी गई जानकारी भरें.
  • अब स्क्रीन पर ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और आधार-बैंक लिंकिंग की स्थिति दिखाई देगी.
  • अगर किसी के आगे No या पेंडिंग लिखा है, तो उसे ठीक करवाना जरूरी है.

ई-केवाईसी जरूर पूरी करें

पीएम किसान योजना का पैसा पाने के लिए ई-केवाईसी जरूरी है. अगर आपकी ई-केवाईसी अधूरी है, तो किस्त रुक सकती है. इसे पूरा करने के लिए पीएम किसान पोर्टल पर ई-केवाईसी का विकल्प चुनें. आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से यह काम कर सकते हैं. इसके अलावा पीएम किसान मोबाइल ऐप से चेहरा स्कैन करके या जन सेवा केंद्र पर फिंगरप्रिंट के जरिए भी ई-केवाईसी कराई जा सकती है.

यह भी पढ़ें: PM Kisan: 24वीं किस्त की तारीख तय, लेकिन इन किसानों को लग सकता है झटका

जमीन का रिकॉर्ड अपडेट कराएं

किसानों को यह भी देखना चाहिए कि पोर्टल पर लैंड सीडिंग के आगे Yes लिखा है या नहीं. इसका मतलब है कि खेती की जमीन से जुड़ी जानकारी की जांच पूरी हो चुकी है. अगर No दिख रहा है, तो आधार कार्ड और जमीन के कागजात लेकर अपने इलाके के लेखपाल, पटवारी या तहसील कार्यालय में संपर्क करें.

बैंक खाते को आधार से लिंक कराएं

पीएम किसान की रकम सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. इसलिए बैंक खाते का आधार से जुड़ा होना और डीबीटी के लिए चालू होना जरूरी है. अगर पोर्टल पर आधार-बैंक लिंकिंग अधूरी दिख रही है, तो अपनी बैंक शाखा में जाकर इसे ठीक करवाएं. बैंक से एनपीसीआई मैपिंग की स्थिति भी जांच लें.

नाम की गलती तुरंत सुधारें

कई बार आधार कार्ड और पीएम किसान के रिकॉर्ड में किसान के नाम की स्पेलिंग अलग होती है. इससे भी भुगतान में परेशानी आ सकती है. ऐसी गलती होने पर पोर्टल पर उपलब्ध सुधार सुविधा का इस्तेमाल करें या संबंधित सरकारी कार्यालय से मदद लें.

पैसा नहीं आए तो कहां करें शिकायत?

अगर सभी जानकारियां सही हैं, फिर भी किस्त नहीं मिली है, तो किसान पीएम किसान हेल्पलाइन 155261 या 1800115526 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा pmkisan-ict@gov.in पर ईमेल करके भी शिकायत कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: Farmer ID: घर बैठे कैसे बनवाएं फार्मर आईडी? जानें आसान तरीका

Topics & Tags:#Agriculture
PM Kisan की किस्त आने से पहले चेक करें ये चीजें, किसानों को होगा फायदा | Kisan Reporter