Agriculture

PM Kisan Samman Nidhi: किसान निधि का पैसा आने से पहले करें ये काम, नहीं तो अटक जाएगी किस्त

N
ABP News
August 9, 20262 min read
PM Kisan Samman Nidhi: किसान निधि का पैसा आने से पहले करें ये काम, नहीं तो अटक जाएगी किस्त

PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल 6,000 रुपये की मदद मिलती है. यह पैसा 2,000-2,000 रुपये करके तीन किस्तों में सीधे किसान के बैंक खाते में भेजा जाता है. हाल ही में 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी हुई थी, जिसमें 18,880 करोड़ रुपये करीब 9.44 करोड़ किसानों के खाते में भेजे गए थे. अब 24वीं किस्त अगस्त से नवंबर 2026 के बीच आने की उम्मीद है, हालांकि सही तारीख की घोषणा अभी बाकी है. लेकिन कई बार पूरा पैसा तैयार होने के बाद भी कुछ किसानों की किस्त अटक जाती है, क्योंकि उन्होंने समय पर कुछ जरूरी काम पूरे नहीं किए होते. आइए जानते हैं वे कौन से काम हैं जो किस्त आने से पहले जरूर कर लेने चाहिए.

eKYC और आधार-बैंक लिंकिंग जरूर चेक करें

पीएम किसान योजना का पैसा पाने के लिए eKYC कराना अनिवार्य कर दिया गया है. सरकार ने यह नियम इसलिए बनाया है ताकि पैसा सही किसान के असली खाते में ही जाए और कोई गड़बड़ी न हो. जिन किसानों ने अभी तक eKYC पूरी नहीं की है, उनकी किस्त रुक सकती है. इसे कराने के लिए किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जा सकते हैं या फिर पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर ओटीपी के जरिए खुद भी यह काम कर सकते हैं.

यह भी पढ़ेंः PM Fasal Bima Yojana : किन किसानों को नहीं मिलता फसल बीमा योजना का लाभ, जान लें नियम?

जमीन का रिकॉर्ड और फार्मर आईडी भी है जरूरी

पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए किसान की जमीन के कागजात भी सरकार के पास सही और अपडेट होने चाहिए. कई बार जमीन के रिकॉर्ड में गलती होने या पुराने रिकॉर्ड की वजह से भी किस्त रुक जाती है, इसलिए किसानों को अपने राज्य के राजस्व विभाग या पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपनी जमीन की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए. इसके अलावा कुछ राज्यों में अब किसानों के लिए Farmer ID बनवाना भी जरूरी कर दिया गया है.

जिन राज्यों में यह जरूरी है, वहां के किसानों को फार्मर आईडी जरूर बनवा लेनी चाहिए, नहीं तो अगली किस्त आने में दिक्कत आ सकती है. अगर किसान ये सभी काम समय रहते पूरे कर लें, तो अगली किस्त बिना किसी रुकावट के उनके खाते में आ जाती है. साथ ही अपनी किस्त का स्टेटस जानने के लिए किसान pmkisan.gov.in पर जाकर आधार नंबर या मोबाइल नंबर डालकर आसानी से चेक कर सकते हैं.

यह भी पढ़ेंः E20 के बाद बायो-CNG की तैयारी, गोबर से बनेगी क्लीन एनर्जी

Topics & Tags:#Agriculture
PM Kisan Samman Nidhi: किसान निधि का पैसा आने से पहले करें ये काम, नहीं तो अटक जाएगी किस्त | Kisan Reporter