Solar Crop Dryer Subsidy: टमाटर, मिर्च, प्याज जैसी फसलें उगाना जितना मुश्किल है, उससे कहीं ज्यादा चुनौती है इन्हें कटाई के बाद खराब होने से बचाना. यही वजह है कि बिहार सरकार अब किसानों को एक ऐसी तकनीक अपनाने के लिए भारी सब्सिडी दे रही है, जो फसल बर्बादी को काफी हद तक रोक सकती है, नाम है सोलर क्रॉप ड्रायर.
दरअसल, देश में ज्यादातर किसानों की सबसे बड़ी परेशानी कटाई के बाद फसल को सुरक्षित रखना है. खासकर कम शेल्फ लाइफ वाली सब्जियां और मसाले कुछ ही दिनों में खराब हो जाते हैं, जिससे किसानों को मजबूरी में इन्हें बेहद कम कीमत पर बेचना पड़ता है. इसी परेशानी का हल है सोलर ड्रायर तकनीक, जो सूरज की रोशनी का इस्तेमाल कर फसलों से नमी हटाती है और उन्हें लंबे वक्त्र तक सुरक्षित बना देती है.
यह भी पढ़ें; बारिश के बाद सख्त हो गई मिट्टी की ऊपरी परत? किसान करें ये काम
कितनी मिलेगी सब्सिडी
बिहार सरकार सोलर क्रॉप ड्रायर पर किसानों को करीब 1.40 लाख रुपये तक की सब्सिडी दे रही है. इस मशीन की लागत करीब 3.5 लाख रुपये आती है, जिसमें से सरकार बड़ा हिस्सा सब्सिडी के रूप में खर्च करती है, यानी किसान को अपनी जेब से बाकी राशि ही खर्च करनी होती है.
कम होगी फसल बर्बादी
उद्यान विभाग के मुताबिक, इस तकनीक को अपनाने से फसल बर्बादी को 30 से 40 फीसदी तक कम किया जा सकता है. यह तकनीक टमाटर, प्याज, मिर्च, फूलगोभी, हल्दी, मशरूम समेत कई तरह की सब्जियों के लिए फायदेमंद माना जाती है. इतना ही नहीं, सोलर ड्रायर अपनाने से किसानों को कई फायदे एक साथ मिलते हैं. फसल धूल, बारिश, कीट और फफूंद से सुरक्षित रहती है, साथ ही रंग, स्वाद और पोषक तत्व भी बेहतर तरीके से बरकरार रहते हैं. इसकी बिजली या ईंधन पर निर्भरता न होने की वजह से संचालन लागत भी बेहद कम आती है. बेहतर क्वालिटी की वजह से किसान अपनी उपज को बाजार में ज्यादा अच्छे दामों पर बेच पाते हैं.
कैसे करें आवेदन
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट horticulture.bihar.gov.in पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रोसेस पूरी करनी होगी. आवेदन के दौरान आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी और मोबाइल नंबर जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. यह योजना खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकती है, जिनके पास फसल भंडारण के महंगे साधन नहीं होते. सही समय पर आवेदन कर यह किसान न सिर्फ फसल नुकसान से बच सकते हैं, बल्कि अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं.
यह भी पढ़ें; Tomato Farming: टमाटर के पौधे में फूल आकर गिर जाते हैं? ये हो सकती है वजह
