Agriculture

फल-सब्जी की खेती पर 1.40 लाख रुपये तक सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

N
ABP News
October 4, 2026•3 min read
फल-सब्जी की खेती पर 1.40 लाख रुपये तक सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

Horticulture Subsidy: हरियाणा सरकार किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ फल, सब्जी, फूल और मसालों जैसी बागवानी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है. इसके लिए सरकार ने ‘सब्सिडी प्रावधान फॉर कल्टीवेशन ऑफ हॉर्टिकल्चर क्रॉप्स’ योजना शुरू की है. इसके तहत पात्र किसानों को फसल के हिसाब से प्रति एकड़ आर्थिक मदद दी जाएगी. कुछ फसलों में यह सहायता 1.40 लाख रुपये प्रति एकड़ तक हो सकती है. सरकार चाहती है कि किसान ऐसी फसलें उगाएं, जिनसे उनकी खेती से होने वाली कमाई बढ़ सके. इससे राज्य में अलग-अलग तरह की फसलें उगाने को भी बढ़ावा मिलेगा.

इस योजना के तहत फल, सब्जियां, फूल, मसाले और सुगंधित पौधों की खेती करने वाले किसानों को सब्सिडी दी जाएगी. नए फल बाग लगाने और मसालों की खेती के लिए किसान अधिकतम 5 एकड़ तक योजना का लाभ ले सकते हैं. सब्जियों की खेती में सामान्य वर्ग के किसानों को अधिकतम 5 एकड़ और अनुसूचित जाति यानी SC किसानों को अधिकतम 1 एकड़ तक सहायता देने का प्रावधान है. वहीं, फूल और सुगंधित पौधों की खेती के लिए भी अधिकतम 5 एकड़ तक लाभ लिया जा सकता है.

फल बाग लगाने पर 1.40 लाख रुपये तक मदद

नए फल बाग लगाने वाले किसानों को फसल के हिसाब से 24,500 रुपये से लेकर 1.40 लाख रुपये प्रति एकड़ तक सब्सिडी मिल सकती है. सब्जियों की खेती पर सामान्य किसानों को 15,000 रुपये प्रति एकड़ और SC किसानों को 25,500 रुपये प्रति एकड़ की सहायता दी जाएगी. इसके अलावा मसालों की खेती पर 15,000 से 30,000 रुपये, फूलों की खेती पर 8,000 से 40,000 रुपये और सुगंधित पौधों की खेती पर 8,000 रुपये प्रति एकड़ तक सहायता का प्रावधान है.

इन तकनीकों को अपनाना जरूरी

सब्सिडी लेने के लिए सिर्फ बागवानी फसल लगाना ही पर्याप्त नहीं होगा. किसानों को खेती में कुछ आधुनिक तकनीकों को भी अपनाना होगा. इनमें मल्चिंग, ड्रिप सिंचाई, लो टनल और बांस की स्टेकिंग जैसी तकनीकें शामिल हैं. इन तरीकों से पानी की बचत, फसल की बेहतर देखभाल और उत्पादन को बढ़ाने में मदद मिल सकती है. योजना के जरिए सरकार किसानों को आधुनिक खेती की तरफ बढ़ाने की कोशिश कर रही है.

यह भी पढ़ें: बिहार में फिर शुरू होगी फसल बीमा योजना, जानें कब से कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन?

सीधे बैंक खाते में आएगी सब्सिडी

योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. इससे भुगतान की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी. किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए पहले जरूरी रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा.

आवेदन के लिए ये रजिस्ट्रेशन जरूरी

योजना का लाभ लेने के लिए किसान का ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल और Hortnet पर रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है. आवेदन के समय परिवार पहचान पत्र यानी PPP, बैंक खाते की जानकारी और जरूरत पड़ने पर SC प्रमाण पत्र देना होगा. किसान आवेदन करने से पहले अपने नजदीकी बागवानी विभाग से योजना की पात्रता, फसल और सब्सिडी से जुड़ी ताजा जानकारी जरूर ले लें.

यह भी पढ़ें: इस योजना में हर महीने 1000 रुपये डालें किसान, 115 महीनों में दोगुनी होगी रकम!

Topics & Tags:#Agriculture
फल-सब्जी की खेती पर 1.40 लाख रुपये तक सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन | Kisan Reporter