Agriculture

10 भैंस पालने के लिए हर महीने कितने चारे की होगी जरूरत? जान लें हिसाब-किता

N
ABP News
September 24, 2026•4 min read
10 भैंस पालने के लिए हर महीने कितने चारे की होगी जरूरत? जान लें हिसाब-किता

आज के समय में डेयरी फार्मिंग से भी किसान अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. गांवों में यह एक बढ़िया बिजनेस बन चुका है. अगर आप भी 10 भैंसों के साथ डेयरी फार्मिंग की शुरुआत करने की सोच रहे हैं. अपने फार्म में भैंसों की संख्या 10 तक ले जाना चाहते हैं. तो ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही दिमाग में आता है कि खर्चा कितना बैठेगा और चारे का हिसाब-किताब क्या रहेगा? डेयरी फार्मिंग के काम में भैंसों को सही न्यूट्रिशन देना ही तय करता है कि मुनाफा कैसा रहेगा.

एक भैंस रोजाना क्या खाती है और फिर 10 भैंसे हो तो महीने भर में कितने टन चारे का जुगाड़ करना पड़ेगा. इस बारे में पहले ही समझ लेना जरूरी है. अक्सर लोग जानवर तो ले आते हैं लेकिन जानकारी न होने के चलते उनका वजह से बजट बिगड़ जाता है. इसलिए हम आपको बताते हैं कि 10 भैंसों के लिए हरे चारे, सूखे चारे और दाने का महीने का पूरा हिसाब क्या बैठता है जिससे आपको बिजनेस चलाने में परेशानी न हो.

एक भैंस की डाइट और चारे का गणित

भैंस के चारे को लेकर बात की जाए तो एक स्वस्थ और दूध देने वाली भैंस को रोजाना उसकी बॉडी वेट का करीब ढाई से तीन परसेंट सूखा और हरा चारा दोनों मिलाकर चाहिए होता है. मान लीजिए आपकी भैंस बढ़िया दूध दे रही है. तो उसे हर रोज औसतन 25 से 30 किलोग्राम हरा चारा 7 से 10 किलोग्राम सूखा चारा जिसमें तूड़ी या भूसा और करीब 3 से 4 किलोग्राम संतुलित पशु आहार यानी दाना-चूरी चाहिए रहता है.

10 भैंसों के लिए कितना चारा?

अब इसी हिसाब को अगर 10 भैंसों पर लागू किया जाए तो आंकड़ा बढ़ जाएदा. 10 भैंसों के लिए रोजाना कम से कम 250 से 300 किलो हरा चारा, 80 से 100 किलो सूखा चारा और लगभग 35 से 40 किलो दाने की जरूरत पड़ेगी. महीनेभर यानी 30 दिनों का हिसाब लगाएं.

तो यह मात्रा मीट्रिक टन में चली जाती है. यानी आपको हर महीने लगभग 8 से 9 टन हरा चारा, 2.5 से 3 टन सूखा चारा और 1 टन के आसपास दाने का इंतजाम पहले से करके रखना होगा. बिना इसके आप 10 भैंसों के साथ डेयरी नहीं चला पाएंगे.


हरे और सूखे चारे का महीनेभर का स्टोरेज

चारे का बजट सेट करते वक्त यह बात गांठ बांध लीजिए कि हरा और सूखा चारा ही भैंस का पेट भरने में ज्यादा मदद करता है. अगर आपके पास खुद की जमीन है और आप बरसीम, बाजरा, ज्वार या नेपियर घास जैसी फसलें उगा लेते हैं. तब तो आपका खर्चा बहुत हद तक कंट्रोल में रहता है. लेकिन अगर आपको बाहर से चारा खरीदना पड़ रहा है. तो अलग से पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं.

10 भैंसों के लिए महीने में लगने वाले करीब 9 टन हरे चारे का इंतजाम करने के लिए अगर आप रोजाना का औसत देखें तो रोज का 300 किलो हरा चारा चाहिए. बाजार में अमूमन हरा चारा एक-दो रुपए किलो मिल जाता है. पर सीजन के हिसाब से रेट ऊपर-नीचे होते रहते हैं. वहीं सूखे चारे के रूप में गेहूं या धान की तूड़ी का इस्तेमाल होता है, जो लगभग 3 टन महीने का बैठेगा.

तूड़ी का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि इसे आसानी से स्टोर किया जा सकता है. किसान गर्मियों या कटाई के सीजन में ही सालभर की तूड़ी थोक में खरीदकर रख लेते हैं जिससे सर्दियों के सीजन में ज्यादा पैसा न देना पड़े. सही स्टोरेज प्लान से आप चारे की बर्बादी भी रोक सकते हैं और खर्च 20-25% तक कम कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: अपने फार्म हाउस पर कैसे करें समुद्री खीरे की खेती? लाखों में है कीमत

पशु आहार का हिसाब

चारे के साथ-साथ दूध की क्वालिटी और फैट बढ़ाने के लिए पशु आहार यानी दाना सबसे जरूरी रोल निभाता है. 10 भैंसों के लिए महीनेभर में लगभग 10 क्विंटल यानी 1 टन दाना लग जाता है. बाजार में बढ़िया क्वालिटी का कैटल फीड 25 से 30 रुपए किलो तक आसानी से मिल जाता है. इस हिसाब से सिर्फ दाने का महीने का खर्चा 25 से 30 हजार रुपए के आसपास बैठ जाता है.

कुल महीने का खर्च

अब अगर कुल मिलाकर हिसाब लगाया जाए यानी हरा चारा, सूखा चारा और दाना तीनों को जोड़ लिया जाएतो 10 भैंसों के चारे पर महीने का कुल खर्च आराम से 60 हजार से 80 हजार रुपए के बीच पहुंच जाता है. अगर आपकी 10 भैंसें ढंग का दूध दे रही हैं तो वह महीने में इतना दूध और गोबर से खाद बेचकर निकाल देंगी कि आपका खर्चा निकलने के बाद भी अच्छा-खासा मुनाफा बच जाएगा.


यह भी पढ़ें: एक दिन में कितना दूध देती है मगातिह ऊंटनी? भारत में कहां मिलेगी

Topics & Tags:#Agriculture
10 भैंस पालने के लिए हर महीने कितने चारे की होगी जरूरत? जान लें हिसाब-किता | Kisan Reporter