Agriculture

किचन गार्डन के लिए सितंबर में लगाएं ये 5 सब्जियां, तेज होगी ग्रोथ

N
ABP News
September 24, 2026•4 min read
किचन गार्डन के लिए सितंबर में लगाएं ये 5 सब्जियां, तेज होगी ग्रोथ

अगर आपके घर में भी छत पर गमले रखे हैं और आप सर्दियों के मौसम में अपने किचन गार्डन को एकदम हरा-भरा और ताजी सब्जियों से आबाद देखना चाहते हैं. तो सितंबर का महीना आपके लिए एकदम परफेक्ट समय है. गर्मियों की फसलें अब धीरे-धीरे खत्म हो रही हैं और सर्दियों वाली शानदार सब्जियों को उगाने का मौसम आ चुका है. इस दौरान मौसम में हल्की-हल्की ठंडक घुलने लगती है. जो पौधों की ग्रोथ के लिए एकदम सही होती है.

अगर आप इस महीने में थोड़ी सी मेहनत कर लें तो आने वाले सर्दियों के महीनों में आपको बाजार से मंहगी और केमिकल वाली सब्जियां खरीदने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी. आज हम आपको बताएंगे कि इस सितंबर में आप अपने गमलों में कौन सी 5 बेहतरीन सब्जियां आसानी से उगा सकते हैं और बंपर पैदावार पा सकते हैं. तो चलिए आपको बिना किसी देरी के बताते हैं इन सब्जियों और इन्हें उगाने के बारे में पूरी जानकारी.

पालक और मूली लगाएं

सबसे पहले बात करते हैं हरी-पत्तेदार और जड़ वाली सब्जियों की जिनके बिना सर्दियों का किचन गार्डन बिल्कुल अधूरा माना जाता है. सितंबर के महीने में पालक और मूली की बुवाई करना सबसे बढ़िया फैसला होता है. इन्हें उगाने के लिए आपको बहुत बड़े खेतों की जरूरत नहीं होती. बल्कि कम गहराई वाले चौड़े ग्रो बैग या ट्रे में भी ये बहुत अच्छे से उग जाती हैं. मिट्टी में थोड़ी सी गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिलाकर बीज डाल दें और हल्का पानी छिड़क दें.

कुछ ही हफ्तों में आपके गमले एकदम हरी-भरी पालक की पत्तियों से भर जाएंगे. जिन्हें आप ताज़ा काटकर अपनी रसोई में इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं दूसरी तरफ मूली सर्दियों की ऐसी फसल है जो ठंडी हवाओं में बहुत तेजी से बढ़ती है. इसके लिए थोड़े गहरे ग्रो बैग का इस्तेमाल करें जिससे जड़ों को फैलने के लिए पूरी जगह मिल सके. भुरभुरी और उपजाऊ मिट्टी में इनके बीज बोने से कुछ ही दिनों में अंकुरण शुरू हो जाता है और सर्दियों आते-आते आपको ताजी मूली मिलने लगती है.


टमाटर और हरी धनिया

टमाटर और हरी धनिया किचन की लगभग हर सब्जी में इस्तेमाल किए जाते हैं. इनके बिना किसी भी सब्जी का स्वाद अधूरा सा लगता है. सितंबर का महीना टमाटर के पौधे लगाने या उनकी पौध तैयार करने के लिए सबसे सही समय माना जाता है. आप नर्सरी से स्वस्थ पौधे लाकर या घर पर ही बीजों से पौध तैयार करके इसे बड़े साइज के गमले या ग्रो बैग में शिफ्ट कर सकते हैं. टमाटर के पौधों को अच्छी धूप और समय पर पानी की जरूरत होती है.

आने वाले सर्दियों के दिनों में आपके पौधे लाल-लाल टमाटरों से लद जाएंगे और आपकी मेहनत पूरी तरह वसूल हो जाएगी. इसके साथ ही किसी भी सब्जी का स्वाद और उसकी खुशबू बढ़ाने के लिए हरी धनिया सबसे अहम भूमिका निभाती है. सितंबर में जैसे ही मौसम थोड़ा सुहाना हो धनिया के बीजों को हल्का सा मसलकर गमले में बिखेर दें. धनिया के बीजों को उगने के लिए बहुत ज्यादा धूप की बजाय हल्की धूप और नम मिट्टी की जरूरत होती है. एक बार धनिया उगनी शुरू हो जाती है. तो आप कैंची से काटकर लगातार कई हफ्तों तक ताजी धनिया का लुत्फ उठा सकते हैं.


यह भी पढ़ें: अपने फार्म हाउस पर कैसे करें समुद्री खीरे की खेती? लाखों में है कीमत

इस तरह मेथी लगाएं

सर्दियों के दिनों में मेथी के पराठे खूब खाए जाते हैं. इसलिए इसे किचन गार्डन में लगाना बिल्कुल न भूले. मेथी के बीजों को आप बहुत आसानी से किसी भी गमले में बिखेर सकते हैं. इसके पौधों को बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. बस मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है. कुछ ही हफ्तों में मेथी की नन्हीं और हरी-भरी पत्तियां निकलकर बाहर आ जाती हैं.

जिन्हें काटकर आप अपने परिवार के लिए हेल्दी और पौष्टिक खाने का इंतजाम कर सकते हैं. इसके अलावा गमले में गार्डनिंग करते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि मिट्टी का मिश्रण एकदम उपजाऊ हो जिसमें 50 प्रतिशत मिट्टी, 30 प्रतिशत गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट और 20 प्रतिशत रेत मिलाई गई हो. गमले के नीचे पानी निकासी के छेद जरूर होने चाहिए जिससे जड़ों में पानी न रुके.

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना लॉन्च, जानें कैसे मिलेगा 6% ब्याज पर लोन

Topics & Tags:#Agriculture
किचन गार्डन के लिए सितंबर में लगाएं ये 5 सब्जियां, तेज होगी ग्रोथ | Kisan Reporter