Agriculture

डेयरी शुरू करने का सुनहरा मौका, पशुपालकों के लोन पर 100% ब्याज सब्सिडी

N
ABP News
October 12, 2026•3 min read
डेयरी शुरू करने का सुनहरा मौका, पशुपालकों के लोन पर 100% ब्याज सब्सिडी

Dairy Farming Business: गांव में रहने वाले कई लोग पशुपालन शुरू करना चाहते हैं. किसी के पास गाय खरीदने का पैसा नहीं है, तो कोई भैंस लेकर दूध बेचने का काम बढ़ाना चाहता है. ऐसे में लोग कई बार बैंक से लोन लेने की सोचते हैं, लेकिन ब्याज चुकाने की चिंता कदम रोक देती है. ऐसे लोगों के लिए मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना मददगार हो सकती है. इस योजना के तहत पशुपालक बैंक से कर्ज लेकर डेयरी और पशुपालन से जुड़ा काम शुरू कर सकते हैं. खास बात यह है कि लोन के ब्याज पर 100 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रावधान है.

आमतौर पर बैंक से लोन लेने पर मूल रकम के साथ ब्याज भी चुकाना पड़ता है. लेकिन इस योजना में ब्याज पर पूरी सब्सिडी मिलने का प्रावधान है. यानी योजना की शर्तों के तहत पात्र पशुपालकों को लोन का ब्याज अपनी जेब से नहीं देना होगा. हालांकि, योजना का लाभ लेने से पहले यह समझ लें कि कितनी रकम का लोन मिलेगा, उसे चुकाने की अवधि क्या होगी और सब्सिडी पाने के लिए कौन-कौन सी शर्तें पूरी करनी होंगी.

तीन गाय या दो भैंस से शुरू कर सकते हैं काम

योजना के तहत पशुपालक तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस खरीद सकते हैं. इसका मकसक दूध उत्पादन को बढ़ाने के साथ ग्रामीण इलाकों में रोजगार के अवसर पैदा करना है. अच्छी नस्ल के पशु ज्यादा दूध दे सकते हैं, लेकिन उनका चुनाव करते समय सिर्फ नस्ल नहीं, बल्कि पशु की सेहत, दूध देने की क्षमता और चारे पर होने वाले खर्च का भी ध्यान रखना चाहिए.

अगर कोई व्यक्ति डेयरी का काम शुरू करना चाहता है, तो उसे पहले अपने इलाके में दूध की मांग और बिक्री के साधनों की जानकारी जुटानी चाहिए. दूध बेचने के लिए डेयरी केंद्र, सहकारी समिति या आसपास के खरीदारों से संपर्क किया जा सकता है. इससे दूध की बिक्री को लेकर पहले से तैयारी रहेगी.

यह भी पढ़ें: बेसहारा गायों को दीजिए छत, सरकार हर साल देगी 72000 रुपये

लोन लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

पशुपालन में कमाई के साथ रोजाना देखभाल की जिम्मेदारी भी होती है. पशुओं के लिए चारा, साफ पानी, रहने की जगह और समय पर इलाज का इंतजाम करना पड़ता है. इसके अलावा दूध कम होने या पशु के बीमार पड़ने पर आमदनी पर असर पड़ सकता है. इसलिए लोन लेने से पहले महीने के संभावित खर्च और दूध से होने वाली कमाई का हिसाब जरूर बना लें. यह भी देखें कि दूध बेचकर कर्ज की मूल रकम की किस्तें आसानी से चुकाई जा सकेंगी या नहीं.

आवेदन कहां करें?

मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक पशुपालक अपने नजदीकी पशुपालन विभाग के कार्यालय या संबंधित बैंक से संपर्क कर सकते हैं. वहां योजना की पात्रता, जरूरी कागजात, लोन की सीमा और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी लें. ध्यान रखें कि ब्याज पर 100 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान होने का मतलब यह नहीं है कि पूरा लोन माफ हो जाएगा. पशुपालक को लोन की मूल रकम चुकानी होगी.

यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने का मौका! सरकार दे रही 10 लाख रुपये तक की मदद, जानें

Topics & Tags:#Agriculture
डेयरी शुरू करने का सुनहरा मौका, पशुपालकों के लोन पर 100% ब्याज सब्सिडी | Kisan Reporter