Agriculture

बिना खेत कैसे कर सकते हैं मशरूम की खेती, इसमें कितनी लागत?

N
ABP News
October 12, 2026•3 min read
बिना खेत कैसे कर सकते हैं मशरूम की खेती, इसमें कितनी लागत?

बढ़ती महंगाई और रोजगार की चुनौती के बीच मशरूम की खेती ग्रामीण और शहरी युवाओं के लिए स्वरोजगार का एक बेहतरीन विकल्प बन रही है. इसकी खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक खेती की तरह बड़े खेत या ज्यादा जमीन की जरूरत नहीं होती. घर का खाली कमरा, शेड या अन्य उपयुक्त बंद जगह में भी मशरूम की खेती आसानी से शुरु की जा सकती है. कम जगह में उत्पादन मिलने की वजह से यह छोटे किसानों और महिलाओं के लिए एक शानदार बिजनेस विकल्प है.

मशरूम की खेती शुरू करने से पहले इसकी सही किस्म का चुनाव, तापमान की जानकारी, नमी और बाजार की मांग को समझना बेहद जरूरी होता है. वहीं सही प्रशिक्षण और साफ-सफाई के साथ इसे छोटे स्तर पर शुरू करके धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है और अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है.

कौन-सी मशरूम की खेती है आसान?

शुरुआती लोगों के लिए ऑयस्टर यानी ढिंगरी मशरूम की खेती सबसे आसान विकल्प माना जाता है. इसकी खेती के लिए धान या गेहूं का भूसा, मशरूम का बीज (स्पॉन), प्लास्टिक बैग और नमी बनाए रखने वाली जगह की जरूरत होती है. इसकी कुछ किस्में सामान्य परिस्थितियों में आसानी से उगाई जा सकती हैं. हालांकि आपको इसकी नियमित देखभाल करना होती है.

कमरे में शुरु कर सकते हैं खेती

मशरूम की खेती के लिए घर या किराये की ऐसी जगह चुनना बेहतर होता है, जहां सीधी धूप कम पहुंचे और हवा तथा नमी का प्रबंधन किया जा सके. इसके बाद कमरे की अच्छी तरह सफाई करें और भूसे को निर्धारित तरीके से स्टरलाइज करें, ताकि हानिकारक बैक्टीरिया का खतरा कम हो. इसके बाद भूसे में मशरूम स्पॉन मिलाकर साफ प्लास्टिक बैग में भरें. बैग में जरूरत के अनुसार छेद करके उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें.

यह भी पढ़ें: MSP पर धान खरीद के लिए फार्मर आइडी जरूरी, इसे कैसे बनवा सकते हैं?

ऐसे करें देखभाल

मशरूम की किस्म के अनुसार तापमान, नमी और हवा का ध्यान रखें. बुवाई के 15-18 दिन बाद भूसे पर कोकोपीट, मिट्टी या सड़े गोबर की 2-3 इंच की परत बिछाएं. जिससे नमी बनी रहने में मदद मिलती है. कुछ दिनों में बैग के अंदर सफेद जाल जैसा फैलाव दिखाई देने लगता है. इसके बाद लगभग 30 से 45 दिनों में मशरूम निकलना शुरू हो जाता है और एक बार बैग भरने पर 2 से 3 महीने तक फसल मिलती रहती है. ध्यान रहे कि इस दौरान कमरे में साफ-सफाई बनी रहे और कोई बैग खराब होने पर उसे लग रख दें.

कितनी लागत में शुरू होगा कारोबार?

अगर आप सिर्फ एक छोटे कमरे में 100 से 200 बैग से शुरुआत करते हैं, तो लगभग 10,000 से 15,000 रुपये तक का शुरुआती खर्च आ सकता है. वहीं शुरुआत में सीमित बैग लगाना बेहतर है. इससे उत्पादन की प्रक्रिया सीखने, खर्च समझने और बाजार में मांग जांचने का अवसर मिलता है. वहीं अगर आप बड़े कमरे और 200 से ज्यादा बैग से शुरुआत करते हैं, तो यह खर्च 20,000 से 40,000 रुपये तक पहुंच सकता है.

कितनी होगी कमाई?

मशरूम की कीमत उसकी गुणवत्ता, किस्म और बाजार की मांग पर निर्भर करती है. ऐसे में आप बाजार, रेस्टोरेंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचकर अच्छा पैसा कमा सकता है. वहीं छोटे से कमरे से शुरुआत कर के आप आसानी से 30,000 से 50,000 रुपये तक की प्रति माह कमाई कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: खेत की मेड़ पर उगाएं मोरिंगा, फसल के साथ कमाई में मिलेगा बोनस

Topics & Tags:#Agriculture
बिना खेत कैसे कर सकते हैं मशरूम की खेती, इसमें कितनी लागत? | Kisan Reporter