देश में अंडों की मांग के कारण पोल्ट्री फार्मिंग ग्रामीण युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार का एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आ रही है. अंडा फार्मिंग यानी लेयर मुर्गियों का पालन करके अंडों का उत्पादन और बिक्री करना होता है. इस बिजनेस को छोटे स्तर से शुरू करके जरूरत और बाजार के अनुसार बढ़ाया जा सकता है.
हालांकि अंडा फार्मिंग शुरु करने से पहले आपको जमीन, मुर्गियां और ट्रैनिंग की जरूरज होती है. ऐसे में जानिए अंडा फार्मिंग शुरु करने की सही जानकारी और आसान टिप्स के बारे में.
कितनी जमीन की होगी जरूरत?
अंडा फार्मिंग के लिए जमीन की आवश्यकता मुर्गियों की संख्या, शेड के डिजाइन और पालन पर निर्भर करती है. अगर आप छोटे स्तर पर 500 से 1,000 मुर्गियों से शुरुआत करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको लगभग 1,500 से 2,000 वर्ग फुट शेड की जरूरत होगी. वहीं अगर आप शुरुआत में ही इसे बड़े स्तर से शुरु करना चाहते हैं, तो 5,000 मुर्गियों के लिए लगभग 15,000 से 25,000 वर्ग फुट या इससे अधिक जगह की जरूरत हो सकती है.
यह भी पढ़ें: कैसे होती है चाय की खेती, इसके लिए कौन सी मिट्टी होती है जरूरी?
सही नस्ल का चुनाव करें
अंडा उत्पादन के लिए लेयर मुर्गियों की ऐसी किस्में चुननी चाहिए जिन्हें अंडा उत्पादन की अच्छी क्षमता और स्थानीय जलवायु के अनुकूल होने के लिए जाना जाता हो. यह आपके क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. हालांकि कमर्शियल अंडा फार्मिंग के लिए व्हाइट लेगहॉर्न सबसे बेहतर मानी जाती है. यह सफेद रंग की हल्की शरीर वाली नस्ल है. माना जाता है कि यह नस्ल साल में लगभग 280 से 350 अंडे देती है.
शेड और जरूरी सुविधाएं
मुर्गियों के लिए हवादार, सूखा और साफ शेड होना बेहद जरूरी है. इसके लिए तापमान नियंत्रण, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पानी और उचित वेंटिलेशन की आवश्यकता होती है. शेड का निर्माण इस तरह होना चाहिए कि तेज गर्मी, बारिश और ठंडी हवा से मुर्गियों को सुरक्षित रखा जा सके. अंडा देने वाली मुर्गियों को संतुलित आहार की जरूरत होती है. उन्हें ऐसे आहार की जरूरत होती है जसमें ऊर्जा, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस और जरूरी विटामिन शामिल हों. वहीं नियमित सफाई, टीकाकरण और बीमार पक्षियों की समय पर पहचान करना भी जरूरी है.
अंडा फार्मिंग की लागत
भारत में 1,000 लेयर मुर्गियों के साथ अंडा फार्मिंग शुरू करने की कुल लागत लगभग 4.5 लाख से 5.5 लाख रुपए तक आती है. अंडा फार्मिंग कर के आप महीने में 15,000 से 30,000 की आमदनी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: मक्का, ज्वार-बाजरा का नया MSP तय, इस तारीख तक होगी खरीद
