Agriculture

2 भैंस से शुरू करें डेयरी, सरकार देगी 75% तक अनुदान! ऐसे करें आवेदन

N
ABP News
October 6, 2026•3 min read
2 भैंस से शुरू करें डेयरी, सरकार देगी 75% तक अनुदान! ऐसे करें आवेदन

Dairy Farming Business: अगर आप खेती के साथ पशुपालन से भी कमाई करना चाहते हैं तो डेयरी फार्मिंग आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. मध्य प्रदेश सरकार पशुपालकों को डेयरी शुरू करने के लिए अलग-अलग योजनाओं के जरिए मदद देती है. इन्हीं योजनाओं में से एक मुख्यमंत्री डेयरी प्लस कार्यक्रम भी है. इस योजना के तहत पात्र पशुपालकों को 2 मुर्रा भैंस उपलब्ध कराने का प्रावधान है. सरकारी जानकारी के मुताबिक सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 50 फीसदी और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को 75 फीसदी तक अनुदान दिया जाता है.

मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना में लाभार्थी को अच्छी नस्ल की दो दुधारू मुर्रा भैंस दी जाती हैं. सरकारी पोर्टल के मुताबिक, इन भैंसों से औसतन 8 से 10 लीटर तक दूध रोज मिल सकता है. हालांकि, दूध कितना मिलेगा यह भैंस की नस्ल, उम्र, सेहत, चारे और देखभाल पर निर्भर करता है.

कौन ले सकता है योजना का लाभ?

सरकारी पोर्टल के मुताबिक, इस योजना का फायदा सभी वर्गों के पशुपालक ले सकते हैं. यानी यह योजना सिर्फ खेती करने वाले किसानों के लिए नहीं है. हालांकि, योजना किन जिलों में लागू है, यह जगह के हिसाब से अलग हो सकता है. अभी सरकारी जानकारी के अनुसार सीहोर, विदिशा और रायसेन जिलों में यह योजना लागू है.

योजना में सामान्य वर्ग के लोगों को 50 फीसदी तक की सरकारी मदद मिलती है. बाकी 50 फीसदी पैसा उन्हें खुद लगाना होता है. वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को 75 फीसदी तक की मदद मिलती है. बाकी 25 फीसदी पैसा उन्हें खुद लगाना होता है.

आवेदन कहां करना होगा?

योजना का फायदा लेने के लिए इच्छुक लोग अपने जिले के नजदीकी पशु अस्पताल या पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. वे पशुपालन विभाग के स्थानीय अधिकारी से भी जानकारी ले सकते हैं. सरकारी जानकारी के अनुसार, लाभार्थियों को चुनने में ग्राम सभा, जनपद पंचायत और जिला पंचायत की प्रक्रिया भी शामिल है. इसलिए आवेदन करने से पहले अपने जिले में यह योजना चल रही है या नहीं और अभी आवेदन लिए जा रहे हैं या नहीं, इसकी जानकारी पशुपालन विभाग से जरूर ले लें.

यह भी पढ़ें: 10 देसी गायों की डेयरी शुरू करने पर 11.80 लाख तक अनुदान, ऐसे मिलेगा फायदा

डेयरी शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सिर्फ सरकारी अनुदान मिलने से डेयरी में मुनाफा तय नहीं होता. भैंसों के लिए पर्याप्त जगह, साफ पानी, हरा और सूखा चारा, समय पर टीकाकरण और इलाज की व्यवस्था जरूरी है. साथ ही दूध बेचने के लिए स्थानीय डेयरी, बाजार या सीधे ग्राहकों की जानकारी पहले से रखना फायदेमंद रहेगा.

मुर्रा भैंस अच्छी दूध देने वाली नस्लों में शामिल है, लेकिन हर पशु का उत्पादन एक जैसा नहीं होता. इसलिए पशु खरीदते समय उसकी उम्र, स्वास्थ्य, दूध देने की क्षमता और नस्ल की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने की प्लानिंग? चुनें गाय की ये नस्लें, 35 लीटर तक देती हैं दूध

Topics & Tags:#Agriculture
2 भैंस से शुरू करें डेयरी, सरकार देगी 75% तक अनुदान! ऐसे करें आवेदन | Kisan Reporter