Agriculture

केवल 2 मुर्रा भैंसों से करें डेयरी की शुरुआत, लखपति बना देगा यह दांव

N
ABP News
October 14, 2026•3 min read
केवल 2 मुर्रा भैंसों से करें डेयरी की शुरुआत, लखपति बना देगा यह दांव

Dairy Business: अगर आप भी अपनी छोटा डेयरी शुरू करना चाहते हैं और पशुपालन में दिलचस्पी रखते हैं, तो डेयरी फार्मिंग एक विकल्प हो सकता है. इसके लिए जरूरी नहीं कि शुरुआत में ही 10-15 भैंसें खरीदें और बड़ा फार्म बनाएं. आप सिर्फ दो अच्छी दुधारू मुर्रा भैंसों से भी शुरुआत कर सकते हैं.

मुर्रा भैंस अपनी अच्छी दूध देने की क्षमता के लिए जानी जाती है. इसका पालन हरियाणा और पंजाब में बड़े पैमाने पर होता है, लेकिन अब देश के दूसरे हिस्सों में भी पशुपालक इसे पाल रहे हैं. इसकी पहचान घुमावदार सींग, मजबूत शरीर और गहरे रंग से होती है. हालांकि, हर मुर्रा भैंस एक जैसा दूध नहीं देती. दूध की मात्रा उसकी उम्र, सेहत, ब्यांत और खान-पान पर निर्भर करती है.

दो भैंसों से कितना दूध मिल सकता है?

अच्छी देखभाल वाली कुछ मुर्रा भैंसें रोजाना 15 लीटर या इससे ज्यादा दूध दे सकती हैं. उदाहरण के लिए, अगर दो भैंसें मिलकर रोजाना 30 लीटर दूध देती हैं, तो महीने में करीब 900 लीटर दूध मिलेगा. हालांकि, यह हिसाब तभी सही रहेगा, जब दोनों भैंसें पूरे महीने दूध देती रहें और उत्पादन में कोई बड़ा बदलाव न हो.

दूध बेचकर कितनी हो सकती है कमाई?

मान लीजिए, आपके इलाके में भैंस का दूध 50 से 60 रुपये प्रति लीटर बिकता है. अगर आप रोजाना 30 लीटर दूध बेचते हैं, तो रोज की बिक्री 1,500 से 1,800 रुपये होगी. इस हिसाब से महीने की कुल बिक्री करीब 45,000 से 54,000 रुपये तक पहुंच सकती है. ध्यान रखें कि यह शुद्ध मुनाफा नहीं. इसमें से चारा, खली, भूसा, पशु चिकित्सा, बिजली-पानी और दूसरे जरूरी खर्च निकालने होंगे. भैंस खरीदने, शेड बनाने और उपकरणों पर होने वाला शुरुआती खर्च भी अलग होगा.

यह भी पढ़ें: सींग वाली या बगैर सींग वाली, किस गाय का दूध होता है ज्यादा गाढ़ा

चारे और देखभाल पर दें खास ध्यान

भैंस से अच्छा दूध लेने के लिए सिर्फ भूसा खिलाना काफी नहीं है. उसे हरा चारा, सूखा चारा और जरूरत के हिसाब से संतुलित आहार देना जरूरी है. साफ पानी और हवादार जगह भी जरूरी है. अगर आपके पास अपनी जमीन है और आप हरा चारा खुद उगा सकते हैं, तो चारे का खर्च कुछ कम हो सकता है.

छोटे स्तर से शुरुआत करना क्यों है फायदेमंद?

दो भैंसों से शुरुआत करने पर आप दूध की बिक्री, रोजाना के खर्च और पशुओं की देखभाल का पूरा हिसाब समझ सकते हैं. स्वस्थ बछड़ों से भी आगे चलकर अतिरिक्त आमदनी हो सकती है. जब काम का अनुभव बढ़ जाए और खर्च के मुकाबले आमदनी ठीक रहने लगे, तब आप धीरे-धीरे भैंसों की संख्या बढ़ा सकते हैं. यही तरीका डेयरी कारोबार को बिना जल्दबाजी के आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है.

यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने का सुनहरा मौका, पशुपालकों के लोन पर 100% ब्याज सब्सिडी

Topics & Tags:#Agriculture
केवल 2 मुर्रा भैंसों से करें डेयरी की शुरुआत, लखपति बना देगा यह दांव | Kisan Reporter