Agriculture

गन्ने की नई किस्म का बीज सिर्फ 200 रुपये में, ऐसे करें बुकिंग

N
ABP News
October 8, 2026•3 min read
गन्ने की नई किस्म का बीज सिर्फ 200 रुपये में, ऐसे करें बुकिंग

Sugarcane Farming UP: उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप अगली फसल में गन्ने की नई और उन्नत किस्म आजमाना चाहते हैं, तो कम कीमत में बीज लेने का मौका मिल रहा है. उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान, शाहजहांपुर ने को.शा. 19231 और को.शा. 23232 के मिनी सीड किट तैयार किए हैं. खास बात यह है कि एक किट की कीमत सिर्फ 200 रुपये रखी गई है. किसान घर बैठे इसकी ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.

गन्ना संस्थान की ओर से कुल 3,000 मिनी सीड किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनमें को.शा. 23232 के 2,000 किट और को.शा. 19231 के 1,000 किट शामिल हैं. हर किट में 100 बड यानी गन्ने की आंखें दी जाएंगी. एक किसान को अधिकतम एक ही किट मिलेगी. इस पहल का मकसद किसानों तक नई किस्मों का बीज कम मात्रा में और कम कीमत पर पहुंचाना है, ताकि किसान इन्हें अपने खेत में आजमा सकें.

200 रुपये में ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग

किसानों को बुकिंग के लिए यूपी गन्ना विभाग के पोर्टल (enquiry.caneup.in) पर जाना होगा. आधिकारिक पोर्टल पर गन्ना बीज की उपलब्धता देखने की सुविधा भी दी गई है. ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसान को अपना किसान कोड दर्ज करना होगा. इसके बाद 200 रुपये का ऑनलाइन भुगतान UPI या कार्ड से किया जा सकता है. बुकिंग पूरी होने पर मिलने वाला पंजीकरण नंबर संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि बीज लेते समय इसकी जरूरत पड़ेगी.

मोबाइल पर मिलेगी बीज लेने की जानकारी

बुकिंग के बाद किसानों के मोबाइल पर बीज लेने की तारीख का मैसेज भेजा जाएगा. किसान को उसी तारीख पर संस्थान पहुंचकर अपना बीज किट लेना होगा. बीज बांटते समय किसानों के पंजीकरण के हिसाब से अलग व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें ज्यादा परेशानी न हो. बीज लेते समय किसान को अपना आधार कार्ड और पंजीकरण नंबर साथ ले जाना होगा. पहचान की जांच के बाद किसान को बीज किट दे दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: कहीं नकली DAP तो नहीं ले आए, इन तरीकों से करें पहचान

नई किस्म आजमाने का मौका

को.शा. 19231 और को.शा. 23232 जैसी नई किस्मों का बीज किसानों को कम कीमत में उपलब्ध कराने का उद्देश्य बेहतर किस्मों को खेतों तक पहुंचाना है. हालांकि, किसान किसी भी नई किस्म को बड़े क्षेत्र में लगाने से पहले अपने इलाके की मिट्टी, पानी और मौसम के हिसाब से उसकी उपयुक्तता जरूर देख लें. यूपी गन्ना विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर किसान बीज की उपलब्धता के साथ अपनी गन्ने से जुड़ी कई जानकारियां भी देख सकते हैं. पोर्टल पर किसानों के लिए टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 भी दिया गया है.

बुकिंग का मौका न मिले तो कब?

इस बार जिन किसानों को 3,000 किट में जगह नहीं मिल पाएगी, उन्हें आगे फिर बीज लेने का मौका दिया जा सकता है. ऐसे किसान गन्ना विभाग के पोर्टल पर बीज की उपलब्धता देखते रहें. नई किस्म का बीज लेने से पहले किसान अपने क्षेत्र के गन्ना पर्यवेक्षक या संबंधित गन्ना विभाग से भी जानकारी ले सकते हैं.

यह भी पढ़ें: ICAR-IARI ने डिवेलप की Pusa Wheat 3471, किसानों के लिए क्यों है खास?

Topics & Tags:#Agriculture
गन्ने की नई किस्म का बीज सिर्फ 200 रुपये में, ऐसे करें बुकिंग | Kisan Reporter