Agriculture

24वीं किस्त से पहले चेक करें ये डिटेल्स, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा

N
ABP News
October 8, 2026•3 min read
24वीं किस्त से पहले चेक करें ये डिटेल्स, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा

PM Kisan Yojana: सोचिए, किसान को 2,000 रुपये की किस्त का इंतजार है और पैसा आने के समय पता चले कि खाते में कोई छोटी-सी जानकारी गलत है. ऐसी स्थिति में बेवजह परेशानी हो सकती है. इसलिए अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि यानी पीएम किसान की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो अभी से अपना स्टेटस जांच लेना समझदारी है.

सबसे पहले एक बात जान लीजिए. पीएम किसान की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी हुई थी और इसमें 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की रकम दी गई थी. अभी 24वीं किस्त की आधिकारिक तारीख सरकार ने घोषित नहीं की है.

साल में मिलते हैं 6,000 रुपये

पीएम किसान के तहत पात्र किसान परिवार को एक साल में कुल 6,000 रुपये मिलते हैं. यह रकम 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. केंद्र सरकार ने जुलाई 2026 में इस योजना को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने को भी मंजूरी दी है. यानी अगली किस्त के लिए किसान का रिकॉर्ड सही होना काफी जरूरी है.

e-KYC पूरी है या नहीं, पहले ये देखें

सबसे पहले अपनी e-KYC की स्थिति देख लें. सरकार के मुताबिक पीएम किसान में e-KYC जरूरी है. इसे पीएम किसान की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या सरकारी केंद्र के जरिए पूरा किया जा सकता है. मोबाइल से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी e-KYC करने की सुविधा उपलब्ध है. अगर स्टेटस में e-KYC के सामने ‘No दिख रहा है तो इसे जल्द पूरा करा लें.

यह भी पढ़ें: महिला किसान न करें ये गलतियां, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा

जमीन और बैंक खाते की जानकारी भी जांचें

किसान अपना स्टेटस देखते समय लैंड सीडिंग की स्थिति भी जरूर देखें. अगर जमीन से जुड़ी जानकारी का वेरिफिकेशन पूरा नहीं है, तो संबंधित कृषि विभाग या अधिकारी से संपर्क करना चाहिए. इसके साथ ही बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भी देख लें. आधार और बैंक खाते की सीडिंग में कोई दिक्कत है तो बैंक से इसे ठीक कराना जरूरी है. क्योंकि पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है.

घर बैठे ऐसे देखें अपना स्टेटस

  • इसके लिए PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • इसके बाद Know Your Status खोलें.
  • यहां अपना Registration Number और कैप्चा डालकर जानकारी देखें.

आधिकारिक स्टेटस पेज पर भुगतान की स्थिति, बैंक का नाम, UTR नंबर और e-KYC से जुड़ी जानकारी भी देखी जा सकती है. स्टेटस में e-KYC, लैंड सीडिंग और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी को ध्यान से देख लें. अगर किसी जगह कमी दिखती है तो अभी उसे ठीक कराना बेहतर है.

किसी के झांसे में न आएं

पीएम किसान की किस्त के नाम पर अगर किसी का फोन आए और वह OTP, आधार नंबर या बैंक खाते की पूरी जानकारी मांगे, तो सावधान रहें. ऐसी कोई भी जानकारी फोन पर किसी को न दें. पीएम किसान से जुड़ा कोई काम हो तो सरकारी वेबसाइट या नजदीकी सरकारी केंद्र से ही जानकारी लें. 24वीं किस्त की तारीख का इंतजार करने के बजाय किसान अभी अपनी जरूरी जानकारी और रिकॉर्ड जांच लें. इससे अगली किस्त आने पर पैसे मिलने में किसी तरह की परेशानी होने की आशंका कम रहेगी.

यह भी पढ़ें: घर बैठे कैसे बनता है किसान क्रेडिट कार्ड, जान लें तरीका?

Topics & Tags:#Agriculture
24वीं किस्त से पहले चेक करें ये डिटेल्स, वरना अटक सकता है PM Kisan का पैसा | Kisan Reporter