Stevia Farming: आज के समय में लोग अपनी फिटनेस को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं. बहुत से लोग तो चाय, मिठाई और दूसरी चीजों में चीनी का इस्तेमाल भी कम करना चाहते हैं. इसी वजह से लोग चीनी का एक हेल्दी अल्टरनेटिव ढूंढ रहे हैं. ऐसे में किसानों के लिए ये बदलाव कमाई का एक नया रास्ता खोल सकता है.
जी हां, हम बात कर रहे हैं ऐसी ही एक फसल की जिसकी पत्तियों से प्राकृतिक मिठास तैयार की जाती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि, इसके पौधे एक बार लगाने के बाद कई साल तक फसल दे सकते हैं. हालांकि, इसकी खेती शुरू करने से पहले लागत और बाजार की जानकारी लेना जरूरी है.
क्या है स्टीविया और क्यों बढ़ रही इसकी मांग?
दरअसल, हम बात कर रहें हैं स्टीविया की जिसे मीठी तुलसी भी कहा जाता है. इसकी पत्तियों में ऐसे नेचुरल गुण होते हैं, जो इन्हें बहुत मीठा बनाते हैं. इन पत्तियों से तैयार मिठास का इस्तेमाल चीनी के विकल्प के रूप में किया जाता है. स्टीविया से बने कुछ स्वीटनर सामान्य चीनी के मुकाबले करीब 200 से 300 गुना तक मीठे हो सकते हैं. इसके शुद्ध अर्क में कैलोरी नहीं होती, इसलिए इसका इस्तेमाल कई खाद्य और पेय पदार्थों में किया जाता है.
एक बार लगाएं पौधे, कई साल तक लें फसल
स्टीविया की खेती की एक खास बात यह है कि, यह बहुवर्षीय पौधा है. यानी सही मौसम और देखभाल मिलने पर किसान एक बार पौधे लगाकर करीब 3 से 5 साल तक उपज ले सकते हैं. हालांकि, पौधों की उम्र और पैदावार मिट्टी, मौसम, सिंचाई और देखभाल पर निर्भर करती है.
इसकी खेती के लिए खेत तैयार करना, पौधे खरीदना और रोपाई करना शुरुआती काम हैं. इसके बाद खाद, पानी, निराई-गुड़ाई, कटाई और पत्तियों को सुखाने पर खर्च आता है. इसलिए खेती शुरू करने से पहले अपने इलाके में पौधों की कीमत और मजदूरी समेत सभी खर्चों का हिसाब लगा लेना चाहिए.
यह भी पढ़ें: ऊपर से हरी दिख रही गेहूं की फसल, फिर क्यों कम हो जाती है पैदावार?
साल में कई बार हो सकती है पत्तियों की कटाई
स्टीविया में कमाई का मुख्य जरिया इसकी पत्तियां हैं. पौधे तैयार होने पर सही समय से उनकी कटाई की जाती है और पत्तियों को अच्छी तरह सुखाया जाता है. अनुकूल मौसम और देखभाल मिलने पर साल में कई बार कटाई संभव है. कुछ किसानों के मुताबिक, एक साल में 3 से 4 बार तक पत्तियां काटी जा सकती हैं. लेकिन यह हर खेत में एक जैसा नहीं होता. पत्तियों को सुखाते समय भी सावधानी रखनी पड़ती है. अगर उनमें नमी रह जाए या सुखाने का तरीका सही न हो, तो उनकी क्वालिटी पर असर पड़ सकता है. पत्तियों में मिठास देने वाले तत्वों की मात्रा और उनकी क्वालिटी के आधार पर भी बाजार में मिलने वाला भाव बदल सकता है.
खेती से कितना मुनाफा हो सकता है?
एक एकड़ स्टीविया की खेती से सालाना 1 से 1.25 लाख रुपये तक की शुद्ध कमाई हो सकती है. हालांकि, इसे आप पक्का मुनाफा न समझें. असल कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि कितनी पत्तियां पैदा हुईं, उन्हें किस भाव पर बेचा गया और खेती में कितना खर्च आया.
खेती से पहले खरीदारों का पता जरूर लगाएं
स्टीविया की पत्तियों का इस्तेमाल खाद्य पदार्थ, पेय और कुछ हर्बल उत्पाद बनाने में होता है. ऐसे में इनसे जुड़ी कंपनियां संभावित खरीदार हो सकती हैं. लेकिन खेती शुरू करने से पहले यह पता करना जरूरी है कि आपके आसपास या नजदीकी बाजार में पत्तियां खरीदने वाले कौन हैं. उनसे भाव, क्वालिटी और खरीद की शर्तें भी पूछ लें.
यह भी पढ़ें: खेत में ही मिलाएं पराली, अगली फसल की पैदावार बढ़ाने में मिलेगी मदद
