Rural Business Ideas: खेती-किसानी में कई बार मौसम धोखा दे जाता है, तो कभी फसल के सही दाम नहीं मिलते. ऐसे में किसानों के लिए सिर्फ खेती के भरोसे घर चलाना काफी मुश्किल हो जाता है. इसी वजह है, कई किसान भाई अब खेती के साथ कमाई का दूसरा रास्ता भी तलाश रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी अपने गांव में कोई काम शुरू करना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र एक विकल्प हो सकता है.
इससे गांव के लोगों को सस्ती दवाइयां मिलेंगी और आपको अपना कारोबार शुरू करने का मौका भी मिलेगा. आइए जानते हैं कि जन औषधि केंद्र खोलने के लिए कहां आवेदन करना होगा और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
कौन खोल सकता है जन औषधि केंद्र?
जन औषधि केंद्र खोलने के लिए केवल बड़े कारोबारी होना जरूरी नहीं है. कोई व्यक्ति खुद के नाम पर, साझेदारी में या संस्था के जरिए भी आवेदन कर सकता है. लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. आवेदक के पास अपनी दुकान होनी चाहिए या किराये की दुकान होनी चाहिए. दुकान के लिए तय जगह और दूसरी जरूरी शर्तों को भी पूरा करना होगा. इसके अलावा, दवाइयां बेचने के लिए लाइसेंस लेना होगा और दुकान पर फार्मासिस्ट यानी दवाइयों की जानकारी रखने वाले योग्य व्यक्ति की व्यवस्था भी करनी होगी.
आवेदन के लिए कितनी फीस लगेगी?
आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, आवेदन करते समय 5,000 रुपये फीस जमा करनी होती है. यह पैसा वापस नहीं मिलता. हालांकि, महिला उद्यमियों, दिव्यांगों, अनुसूचित जाति-जनजाति, पूर्व सैनिकों और नीति आयोग की सूची में शामिल आकांक्षी जिलों में कारोबार शुरू करने वालों को फीस में छूट मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: कैसे शुरू कर सकते हैं नर्सरी बिजनेस, जान लें पूरा प्रॉसेस
जन औषधि केंद्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट janaushadhi.gov.in पर जाएं.
- वेबसाइट पर ‘Apply for Kendra’ विकल्प पर क्लिक करें.
- आवेदन से जुड़ी शर्तें और जरूरी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें.
- अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरें और मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- अगर आवेदन फीस लागू होती है, तो उसे जमा करें.
- सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें.
- आवेदन का स्टेटस जानने के लिए आवेदन संख्या या रसीद संभालकर रखें.
किसानों के लिए जरूरी बात
जन औषधि केंद्र खोलने से पहले अपने गांव और आसपास के इलाके में यह जरूर पता कर लें कि वहां पहले से कितने केंद्र चल रहे हैं और लोगों को सस्ती दवाइयों की कितनी जरूरत है. दुकान का किराया, फार्मासिस्ट का खर्च, दवाइयों की खरीद और रोजमर्रा के खर्च का हिसाब भी लगा लें.
यह भी पढ़ें: गोबर से खाद बनाकर कमाएं पैसे, जानें वर्मी कंपोस्ट बिजनेस का पूरा खर्च
