Agri Junction Yojana UP: खेती-किसानी की पढ़ाई करने के बाद अगर आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है, तो आपके पास अपना कारोबार शुरू करने का मौका है. उत्तर प्रदेश सरकार की एग्री जंक्शन योजना कृषि की पढ़ाई कर चुके युवाओं को अपना काम शुरू करने का मौका देती है.
इसके तहत पात्र युवा गांव या कस्बे में कृषि सेवा केंद्र खोल सकते हैं. खास बात यह है कि, इस काम को शुरू करने के लिए बैंक से 4.5 लाख रुपये तक का कर्ज और दुकान की व्यवस्था के लिए करीब 60 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने का प्रावधान है.
क्या है एग्री जंक्शन योजना?
एग्री जंक्शन योजना का मकसद कृषि की पढ़ाई कर चुके युवाओं को रोजगार देना और किसानों को खेती से जुड़ी जरूरी चीजें आसानी से उपलब्ध कराना है. इसके तहत युवा अपना कृषि सेवा केंद्र खोल सकते हैं. इसे ऐसी दुकान के रूप में समझ सकते हैं, जहां किसानों को खेती के लिए जरूरी सामान एक ही जगह मिल जाए.
यहां बीज, खाद और फसलों में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवाएं रखी जा सकती हैं. इससे युवा अपनी आमदनी का जरिया बना सकते हैं. वहीं, किसानों को भी अलग-अलग दुकानों पर जाकर सामान खरीदने की जरूरत कम पड़ेगी. गांवों में ऐसे केंद्र खुलने से खेती से जुड़ी सुविधाएं किसानों के करीब पहुंच सकती हैं.
कारोबार शुरू करने के लिए कितनी मिलेगी मदद?
एग्री जंक्शन योजना के तहत चुने गए युवाओं को अपना केंद्र खोलने के लिए आर्थिक मदद देने का प्रावधान है. इसके लिए बैंक से 4.5 लाख रुपये तक का कर्ज मिल सकता है. इसके अलावा दुकान और जरूरी बुनियादी सुविधाएं तैयार करने के लिए करीब 60 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है.
इस मदद से युवाओं को दुकान शुरू करने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने में सहूलियत मिल सकती है. हालांकि, कर्ज मिलना बैंक की मंजूरी और उसकी शर्तों पर निर्भर करेगा. इसलिए आवेदन करने से पहले कृषि विभाग से यह जरूर पता कर लें कि फिलहाल कितनी आर्थिक मदद मिल रही है और इसके लिए क्या नियम हैं.
यह भी पढ़ें: कम पैसों में शुरू करें ये बिजनेस, सरकार भी दे रही 60 फीसदी तक सब्सिडी
कौन खोल सकता है एग्री जंक्शन केंद्र?
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीएससी कृषि की डिग्री होना जरूरी है. इसके अलावा, अभ्यर्थी को योजना की दूसरी शर्तें भी पूरी करनी होंगी. कुछ मामलों में सरकारी नौकरी की तय आयु सीमा के करीब पहुंच चुके कृषि स्नातकों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान बताया गया है. इस बारे में अपने जिले के कृषि विभाग से मौजूदा नियमों की पुष्टि जरूर करें.
आवेदन कैसे करें?
योजना के तहत आवेदन विकासखंड स्तर पर तय लक्ष्य और जारी सूचना के आधार पर लिए जाते हैं. आवेदन के साथ हाईस्कूल का प्रमाणपत्र और बीएससी कृषि की मार्कशीट जैसे जरूरी दस्तावेज देने पड़ सकते हैं. इसके बाद चयन बोर्ड अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेता है और तय मानकों के आधार पर उम्मीदवारों का चुनाव किया जाता है.
यह भी पढ़ें: क्या है एग्री वेलफेयर पोर्टल, किसानों को इससे कैसे मिलेगा का लाभ?
