Agriculture

एक खतौनी में 4-5 भाई, किसे मिलेगा PM Kisan का पैसा? जानें नियम

N
ABP News
October 6, 2026•3 min read
एक खतौनी में 4-5 भाई, किसे मिलेगा PM Kisan का पैसा? जानें नियम

PM Kisan Samman Nidhi: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम तीन किस्तों में 2000-2000 रुपये करके किसानों के खाते में भेजी जाती है. लेकिन कई परिवारों में एक ही जमीन की खतौनी में दो, चार या पांच भाइयों के नाम दर्ज होते हैं. ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या सभी भाइयों को अलग-अलग 6000 रुपये का लाभ मिलेगा?

अगर एक ही खतौनी में कई भाइयों के नाम दर्ज हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि सभी को अपने आप पीएम किसान की अलग-अलग किस्त मिलने लगेगी. सरकार योजना का लाभ देते समय यह देखती है कि संबंधित व्यक्ति अलग किसान के तौर पर पात्र है या नहीं. अगर भाइयों की जमीन में हिस्सेदारी अलग-अलग साफ दर्ज है और वे अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर रहे हैं, तो अलग लाभ मिलने की संभावना बन सकती है. हालांकि, अंतिम पात्रता सरकारी रिकॉर्ड और योजना के नियमों के आधार पर तय होती है.

सिर्फ जमीन में नाम होना काफी नहीं

कई किसान यह मान लेते हैं कि, खतौनी में नाम दर्ज होने से उन्हें पीएम किसान की किस्त मिल जाएगी. ऐसा जरूरी नहीं है. किसान का योजना में सही तरीके से रजिस्ट्रेशन होना भी जरूरी है. अगर परिवार के अलग-अलग पात्र सदस्य अलग किसान के तौर पर दर्ज हैं और उनकी जमीन की हिस्सेदारी भी स्पष्ट है, तो वे अपने नाम से योजना का लाभ लेने के पात्र हो सकते हैं. वहीं, सिर्फ एक ही परिवार की जमीन में नाम दर्ज होने से सभी को अलग-अलग किस्त मिलने का दावा नहीं किया जा सकता.

यह भी पढ़ें: पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त लोन, ऐसे मिलेगा फायदा

‘एक परिवार, एक लाभ’ को ऐसे समझें

पीएम किसान योजना में परिवार की परिभाषा भी जरूरी है. योजना में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक ही परिवार माना जाता है. ऐसे में परिवार के हर सदस्य को अलग-अलग योजना का लाभ नहीं मिलता. हालांकि, बालिग भाइयों के मामले में नियम अलग हो सकते हैं. अगर वे अलग रहते हैं, अपनी जमीन पर खेती करते हैं और सरकारी रिकॉर्ड में अलग किसान के तौर पर दर्ज हैं, तो उनकी पात्रता अलग से देखी जा सकती है.

रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी जरूर रखें पूरी

किसान को पीएम किसान का लाभ लेने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी पूरा रखना चाहिए. जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में कोई गलती है तो उसे भी समय रहते ठीक करवाना जरूरी है. इसलिए अगर एक ही खतौनी में कई भाइयों के नाम हैं, तो सबसे पहले अपने हिस्से की जमीन, राजस्व रिकॉर्ड, परिवार की स्थिति और पीएम किसान रजिस्ट्रेशन की जानकारी जांच लें. इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि कौन किसान योजना के तहत अलग लाभ पाने के लिए पात्र है.

यह भी पढ़ें: खेत में उगाइए गेंदा-गुलाब, सरकार उठाएगी पूरा खर्च.. मिलेगा 100% अनुदान

Topics & Tags:#Agriculture
एक खतौनी में 4-5 भाई, किसे मिलेगा PM Kisan का पैसा? जानें नियम | Kisan Reporter