Best Cow Breeds: खेती में बढ़ते खर्च को देखते हुए किसान अब आमदनी बढ़ाने के लिए पशुपालन का रास्ता अपना रहे हैं. गांवों में गाय पालकर दूध बेचना कमाई का नया जरिया बन रहा है. लेकिन गाय खरीदने बाजार जाएं, तो सिर्फ उसका बड़ा शरीर या बनावट देखकर चुनाव करना सही नहीं है. डेयरी के लिए जरूरी है कि, आप गाय की नस्ल, सेहत, दूध देने की क्षमता और उसके खानपान पर होने वाले खर्च को भी समझें.
ऐसे में अगर आप भी डेयरी खोलने या गाय पालने की सोच रहे हैं हैं तो आप इन देसी नस्लों पर दांव लगा सकते हैं. साहीवाल, गिर जैसी गाय की देसी नस्ल अपनी अच्छी दूध देने की क्षमता के लिए जानी जाती है. इन नस्लों के साथ डेयरी की शुरुआत करने से आपको अच्छा मुनाफा भी हो सकता है.
साहीवाल गाय देती है अच्छा दूध
साहीवाल को भारत की प्रमुख देसी गाय नस्लों में गिना जाता है. इसकी पहचान लाल-भूरे रंग और शांत स्वभाव से होती है. यह उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में पाली जाती है. साहीवाल गाय रोजाना औसतन 8 से 15 लीटर तक दूध दे सकती है. हालांकि, दूध की मात्रा गाय की उम्र, सेहत, खानपान और देखभाल पर भी निर्भर करती है.
थारपारकर गाय गर्मी सहने में सक्षम
थारपारकर गाय का संबंध राजस्थान के थार इलाके से है. यह नस्ल गर्म और शुष्क मौसम में रहने के लिए जानी जाती है. इस गाय को पालने की योजना बना रहे किसानों को अपने इलाके के मौसम, चारे और पानी की उपलब्धता पर भी ध्यान देना चाहिए. यह गाय रोजाना करीब 10 से 18 लीटर दूध दे सकती है. 
यह भी पढ़ें: मुर्रा से नीली रावी तक, भैंस की ये 4 नस्लें बढ़ा देंगी आपकी कमाई
गिर गाय की पहचान हैं बड़े कान
गिर भारत की प्रसिद्ध देसी गाय नस्लों में से एक है. इसके बड़े, मुड़े हुए कान और उभरा हुआ माथा इसे दूसरी नस्लों से अलग पहचान देते हैं. देश के कई राज्यों में किसान इस नस्ल को पालते हैं. इसकी दूध देने की क्षमता को देखते हुए डेयरी का काम शुरू करने वाले किसान इस पर विचार कर सकते हैं. सामान्य तौर पर गिर गाय के लिए रोजाना 10 से 15 लीटर दूध का आंकड़ा बताया जाता है.
लाल सिंधी गाय भी है एक विकल्प
लाल सिंधी गाय के शरीर का रंग आमतौर पर लाल या गहरा लाल होता है. इसका सिर चौड़ा और माथा उभरा हुआ होता है. इसके सींग मजबूत होते हैं और ऊपर की तरफ मुड़ते हैं. यह गाय रोजाना लगभग 6 से 12 लीटर दूध दे सकती है. किसान इसे खरीदने से पहले पशु की सेहत, उम्र और दूध देने की असली क्षमता की जांच जरूर करें.
गाय खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पशुपालन शुरू करने से पहले प्रशिक्षण लेना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
इससे पशुओं के खानपान, सफाई, टीकाकरण और बीमारियों की जानकारी मिलती है.
गाय को हरा चारा, सूखा चारा और जरूरत के मुताबिक संतुलित दाना देना चाहिए.
साथ ही, साफ पानी और रहने की साफ जगह भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें: गाय पालना फायदे का सौदा या भैंस? डेयरी शुरू करने से पहले समझें कमाई का गणित
