Azam Khan Property Details: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजम खान का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है. उनका नाम अक्सर राजनीतिक विवादों के साथ-साथ जमीन और जायदाद से जुड़े मामलों में भी चर्चा में रहता है. खान का रामपुर से पुराना नाता रहा है और यहीं से उन्होंने अपना राजनीतिक सफर भी शुरू किया. ऐसे में जब भी उनकी संपत्ति की बात होती है, तो लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि आखिर उनके पास कितनी खेती की जमीन है और यह जमीन कहां स्थित है?
चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में उनकी कृषि भूमि का ब्यौरा सामने आया था. वहीं, उनकी जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी किसानों की जमीन से जुड़ा बड़ा विवाद सामने आया है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं.
आजम खान के नाम कितने बीघा खेत हैं?
साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आजम खान ने जो हलफनामा दाखिल किया था, उसके मुताबिक उनके नाम रामपुर जिले की सदर तहसील के पसियापुरा शुमाली गांव में 1.97 एकड़ कृषि भूमि दर्ज थी. आम हिसाब से देखें तो यह करीब 3.15 बीघा जमीन होती है.
हलफनामे में इस जमीन का आधा हिस्सा आजम खान के नाम होने की जानकारी दी गई थी. यह जमीन उन्होंने 7 जुलाई 2000 को खरीदी थी. उस समय इसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई थी. यानी हलफनामे के मुताबिक यह जमीन उन्हें विरासत में नहीं मिली थी, बल्कि उन्होंने खरीदी थी.
पत्नी के नाम भी 5 बीघा से ज्यादा खेत
आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा के नाम भी रामपुर में खेती की जमीन दर्ज है. 2022 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास पसियापुरा शुमाली गांव में करीब 3.316 एकड़ कृषि भूमि थी. बीघा में इसका हिसाब लगाएं तो यह लगभग 5.3 बीघा बैठती है. इस तरह आजम खान और उनकी पत्नी के नाम कुल मिलाकर करीब 5.28 एकड़ यानी लगभग 8.45 बीघा कृषि भूमि दर्ज थी.
यह भी पढ़ें: पुराना मोबाइल नंबर हो गया बंद? पीएम किसान में ऐसे जोड़ें नया नंबर
कहां है आजम खान की जमीन?
आजम खान और उनकी पत्नी के नाम दर्ज कृषि भूमि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पसियापुरा शुमाली गांव में है. यह गांव रामपुर की सदर तहसील में आता है. आजम खान का परिवार भी मूल रूप से रामपुर से जुड़ा रहा है. उनका जन्म रामपुर में हुआ और उनकी राजनीतिक पहचान भी इसी इलाके से बनी.
किसानों की जमीन से कैसे जुड़ा जौहर यूनिवर्सिटी का मामला?
आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी रामपुर में बनी है. इस यूनिवर्सिटी को लेकर किसानों की जमीन से जुड़ा विवाद भी सामने आया है. ED ने आरोप लगाया है कि, यूनिवर्सिटी बनाने के लिए रामपुर के सिंगनखेड़ा गांव में किसानों की कृषि भूमि पर जबरन कब्जा किया गया.
जांच एजेंसी का दावा है कि, किसानों को डराया-धमकाया गया. कुछ किसानों के साथ मारपीट की गई और उन्हें गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखकर जमीन की बिक्री के कागजात पर हस्ताक्षर करवाए गए. ED के मुताबिक, इस तरह किसानों की जमीन यूनिवर्सिटी के लिए हासिल की गई.
यह भी पढ़ें: पशु की मौत होने पर कैसे मिलेगा बीमा का पैसा? जानें क्लेम का तरीका
