Agriculture

Tractor Subsidy: ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगी 3 लाख की मदद, किसान ऐसे करें आवेदन

N
ABP News
November 19, 2026•3 min read
Tractor Subsidy: ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगी 3 लाख की मदद, किसान ऐसे करें आवेदन

Tractor Subsidy: खेती के काम में ट्रैक्टर की जरूरत लगभग हर किसान को पड़ती है. खेत की जुताई हो, बुवाई करनी हो या दूसरे कृषि कार्य, ट्रैक्टर की मदद से किसान कई काम कम समय में पूरे कर सकते हैं. लेकिन इसकी ज्यादा कीमत के कारण छोटे और सीमित जमीन वाले किसान नया ट्रैक्टर खरीदने से पीछे हट जाते हैं.

ऐसे किसानों के लिए हरियाणा सरकार एक योजना चला रही है. इसके तहत अनुसूचित जाति (SC) के किसानों को 45 हॉर्स पावर (HP) से ज्यादा क्षमता वाले नए ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है.

15 दिसंबर तक यहां करें आवेदन

  • योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 नवंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं.
  • इच्छुक किसान agriharyana.gov.in पर फॉर्म भर सकते हैं.
  • आवेदन की आखिरी तारीख 15 दिसंबर 2026 है.
  • आवेदन करते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी और जमीन से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे.

अगर किसी जिले में तय संख्या से ज्यादा आवेदन आते हैं, तो लाभार्थियों का चयन लॉटरी यानी ड्रा के जरिए किया जाएगा. चयनित किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए विभाग की ओर से परमिट दिया जाएगा.

किन किसानों को मिलेगा योजना का लाभ?

इस योजना का फायदा लेने के लिए किसान का अनुसूचित जाति से होना जरूरी है. इसके अलावा कुछ शर्तें भी रखी गई हैं.

  • किसान के पास अपनी कृषि भूमि होनी चाहिए.
  • परिवार पहचान पत्र (PPP) में परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम दर्ज जमीन भी मान्य होगी.
  • किसान का 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है.
  • आवेदन के साथ जमीन के मालिकाना हक का प्रमाण और विभाग की ओर से मांगा गया शपथ पत्र अपलोड करना होगा.
  • पिछले पांच साल में कृषि विभाग से ट्रैक्टर खरीदने पर सब्सिडी नहीं ली होनी चाहिए.


यह भी पढ़ें: पुराना मोबाइल नंबर हो गया बंद? पीएम किसान में ऐसे जोड़ें नया नंबर

पांच साल तक नहीं बेच सकेंगे ट्रैक्टर

योजना के तहत सब्सिडी मिलने के बाद किसान अगले पांच साल तक ट्रैक्टर नहीं बेच सकेंगे. इसके लिए आवेदन के समय पोर्टल पर शपथ पत्र देना होगा. चयनित किसान को परमिट मिलने के 15 दिनों के भीतर विभाग से मंजूर ट्रैक्टर निर्माता से नया ट्रैक्टर खरीदना होगा.

बैंक खाते से करना होगा ऑनलाइन भुगतान

ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान किसान को अपने बैंक खाते से ऑनलाइन करना होगा. नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा. ट्रैक्टर खरीदने के बाद जिला स्तर पर अधिकारी उसकी जांच करेंगे और खरीद से जुड़े दस्तावेजों का मिलान करेंगे. सभी शर्तें पूरी होने और जांच के बाद सब्सिडी की रकम सीधे किसान के बैंक खाते में भेज दी जाएगी.

यह भी पढ़ें: ड्रोन खरीदने के लिए मिलेंगे 8 लाख रुपये! महिलाओं को सरकार दे रही मदद

Topics & Tags:#Agriculture
Tractor Subsidy: ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगी 3 लाख की मदद, किसान ऐसे करें आवेदन | Kisan Reporter