Pashudhan Bima Claim: दुधारू पशुओं का पालन बहुत से किसानों के लिए कमाई का एक बड़ा जरिया है. लेकिन कई बार बीमारी, दुर्घटना या किसी दूसरी वजह से पशु की अचानक मौत हो जाए तो पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है. इस नुकसान से बचने के लिए सरकार पशुधन बीमा योजना को बढ़ावा दे रही है.
इस योजने के तहत पशुओं का बीमा कराया जा सकता है, ताकि पशु की मौत होने पर बीमा की रकम मिल सके. लेकिन कई पशुपालकों को यह जानकारी नहीं होती कि पशु की मौत के बाद बीमा का क्लेम कैसे करना है. ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
पशु की मौत होने पर सबसे पहले क्या करें?
अगर बीमा कराया हुआ पशु मर जाता है, तो सबसे पहले इसकी जानकारी बीमा कंपनी या उसके एजेंट को दें. सूचना देने में देर न करें, क्योंकि इसकी एक तय समय-सीमा हो सकती है. पशु के कान में लगा पहचान वाला टैग संभालकर रखें. इसके बाद नजदीकी पशु डॉक्टर या संबंधित अधिकारी से संपर्क करें. जरूरत पड़ने पर पशु का पोस्टमार्टम भी कराया जा सकता है. इसकी रिपोर्ट बीमा का पैसा क्लेम करते समय काम आएगी.
क्लेम के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए?
बीमा की रकम पाने के लिए पशुपालक को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं. इनमें बीमा पॉलिसी की कॉपी, क्लेम फॉर्म, पशु के कान में लगे टैग की जानकारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट शामिल हो सकती है. इसके अलावा पशुपालक का पहचान पत्र, बैंक खाते की जानकारी और पशु की फोटो भी मांगी जा सकती है. दस्तावेजों की सही जानकारी के लिए अपनी बीमा कंपनी से संपर्क जरूर करें.
यह भी पढ़ें: सिर्फ 289 रुपये में होगा गाय-भैंस का बीमा, इस राज्य में हुई किसानों की चांदी
पशुधन बीमा का क्लेम कैसे करें?
- क्लेम करने के लिए सबसे पहले बीमा कंपनी से संपर्क करके क्लेम फॉर्म लें.
- इसमें पशुपालक, पशु और उसकी मौत से जुड़ी जानकारी भरनी होगी.
- इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेज फॉर्म के साथ जमा कर दें.
- कुछ मामलों में ऑनलाइन भी क्लेम किया जा सकता है.
- इसके लिए 1962 या NDLM मोबाइल ऐप में लॉगिन करके 'Livestock Insurance' विकल्प चुनें.
- यहां से पशुधन बीमा पोर्टल खुल जाएगा.
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद 'My Claims' विकल्प पर जाएं.
- इसके बाद मांगी गई जानकारी भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करके आवेदन जमा कर दें.
जांच के बाद खाते में आएगी बीमा की रकम
क्लेम फॉर्म और दस्तावेज जमा होने के बाद बीमा कंपनी उनकी जांच करती है. जरूरत पड़ने पर पशु की पहचान और उससे जुड़े रिकॉर्ड का भी मिलान किया जा सकता है. सभी जानकारी सही मिलने और पॉलिसी की शर्तें पूरी होने पर बीमा की रकम पशुपालक के बैंक खाते में भेज दी जाती है.
यह भी पढ़ें: ट्रैक्टर खरीदने के लिए मिलेगी 3 लाख की मदद, किसान ऐसे करें आवेदन
