Agriculture

Sugarcane Farming Subsidy: गन्ने की खेती के लिए 44 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, ऐसे उठाएं लाभ

N
ABP News
November 19, 2026•3 min read
Sugarcane Farming Subsidy: गन्ने की खेती के लिए 44 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, ऐसे उठाएं लाभ

Sugarcane Mechanization Scheme: गन्ने की खेती में खेत तैयार करने से लेकर फसल की कटाई तक किसानों को काफी मेहनत करनी पड़ती है. बुआई, निराई-गुड़ाई, मिट्टी चढ़ाने और दवा का छिड़काव जैसे कामों के लिए मजदूरों की जरूरत होती है. लेकिन आजकल गांवों में खेती के लिए मजदूर आसानी से नहीं मिलते. अगर मिलते भी हैं, तो उनकी मजदूरी काफी ज्यादा होती है. इससे किसानों का खर्च बढ़ जाता है और कमाई घट जाती है.

किसानों की इसी परेशानी को देखते हुए बिहार सरकार मुख्यमंत्री गन्ना यांत्रिकीकरण योजना चला रही है. इसके तहत गन्ने की खेती में काम आने वाले 44 तरह के कृषि यंत्रों की खरीद पर सब्सिडी दी जाती है. इससे किसान कम मेहनत और कम समय में खेती के कई काम पूरे कर सकते हैं.

44 तरह के कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी

मुख्यमंत्री गन्ना यांत्रिकीकरण योजना के तहत खेत तैयार करने से लेकर फसल की देखभाल तक में इस्तेमाल होने वाली मशीनें शामिल हैं. किसान ट्रैक्टर, पावर वीडर, पावर टिलर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, मोल्डबोर्ड प्लाउ, रिजर, ट्रेंचर और पावर स्प्रेयर जैसे कृषि यंत्रों पर अनुदान का फायदा उठा सकते हैं. इन मशीनों से खेत की जुताई, मिट्टी चढ़ाने, खरपतवार हटाने और फसल में दवा छिड़कने जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं. हालांकि, हर मशीन पर मिलने वाली सब्सिडी की रकम और नियम अलग-अलग हो सकते हैं.

SC-ST किसानों को 50 फीसदी तक सब्सिडी

इस योजना में किसानों को उनकी श्रेणी के हिसाब से सब्सिडी दी जाती है. अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के किसानों को कृषि यंत्र खरीदने पर 50 फीसदी तक अनुदान मिल सकता है. वहीं, सामान्य और पिछड़ा वर्ग के किसानों के लिए 40 फीसदी तक सब्सिडी का प्रावधान है.

यह भी पढ़ें: ड्रोन खरीदने के लिए मिलेंगे 8 लाख रुपये! महिलाओं को सरकार दे रही मदद

मजदूरों की कमी से मिलेगी राहत

गन्ने की खेती में कई काम ऐसे होते हैं, जिन्हें सही समय पर करना जरूरी है. जैसे खरपतवार हटाने, पौधों के पास मिट्टी चढ़ाने और दवा का छिड़काव करने में देरी होने से फसल की बढ़वार पर असर पड़ सकता है. ऐसे में मशीनों की मदद से किसान कम समय में ज्यादा काम कर सकते हैं. इससे मजदूरों पर निर्भरता कम होगी और खेती के काम समय पर पूरे करने में मदद मिलेगी. साथ ही बार-बार मजदूर लगाने पर होने वाला खर्च भी बच सकता है.

कैसे करें मुख्यमंत्री गन्ना यांत्रिकीकरण योजना में आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को बिहार गन्ना उद्योग विभाग के केन केयर पोर्टल पर जाना होगा. वहां मुख्यमंत्री गन्ना यांत्रिकीकरण योजना से जुड़ी जानकारी, कृषि यंत्रों की सूची, पात्रता और आवेदन का तरीका मिल जाएगा. किसान पोर्टल पर जाकर अपनी जरूरत के हिसाब से जानकारी देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले यह जरूर जांच लें कि जिस कृषि यंत्र को आप खरीदना चाहते हैं, उस पर कितनी सब्सिडी मिल रही है और उसके लिए क्या शर्तें रखी गई हैं.

यह भी पढ़ें: पुराना मोबाइल नंबर हो गया बंद? पीएम किसान में ऐसे जोड़ें नया नंबर

Topics & Tags:#Agriculture
Sugarcane Farming Subsidy: गन्ने की खेती के लिए 44 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, ऐसे उठाएं लाभ | Kisan Reporter