Agriculture

Basmati Rice: बासमती चावल में आएगी ज्यादा खुशबू, बस बोते वक्त डाल दें ये एक चीज

N
ABP News
November 11, 2026•3 min read
Basmati Rice: बासमती चावल में आएगी ज्यादा खुशबू, बस बोते वक्त डाल दें ये एक चीज

Basmati Rice Farming: बासमती चावल अपनी लंबाई और खास खुशबू के लिए दुनियाभर में पसंद किया जाता है. इसकी खुशबू ही इसे दूसरे चावलों से अलग पहचान देती है. यही वजह है कि, बाजार में अच्छी क्वालिटी वाले बासमती धान की मांग हमेशा बनी रहती है. लेकिन कई बार किसानों की शिकायत रहती है कि, फसल तो अच्छी हुई, लेकिन चावल में वैसी खुशबू नहीं आई, जैसी उम्मीद थी.

इसकी एक वजह खेती के दौरान पोषक तत्वों की कमी भी हो सकती है. कृषि वैज्ञानिकों की रिसर्च में सामने आया है कि बासमती की फसल में जिंक यानी जस्ता समेत जरूरी पोषक तत्वों का संतुलित इस्तेमाल करने से चावल की खुशबू बेहतर हो सकती है.

बुवाई के समय जिंक का रखें ध्यान

बासमती धान की अच्छी पैदावार और क्वालिटी के लिए जिंक एक जरूरी पोषक तत्व है. यह पौधों की बढ़वार और दानों के सही विकास में मदद करता है. एक शोध में पाया गया कि नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश और जिंक का संतुलित इस्तेमाल करने से बासमती चावल की खुशबू का स्तर बेहतर हुआ. इसलिए किसान बुवाई से पहले खेत की मिट्टी की जांच कराएं. अगर मिट्टी में जिंक की कमी है, तो कृषि विशेषज्ञ की सलाह से जिंक सल्फेट का इस्तेमाल कर सकते हैं. बिना जरूरत और जानकारी के इसकी ज्यादा मात्रा डालने से बचें.

अच्छी खुशबू के लिए सही किस्म चुनना भी जरूरी

सिर्फ खाद डालने से बासमती में अच्छी खुशबू नहीं आती. इसके लिए सही किस्म का चुनाव भी बहुत जरूरी है. किसान अपने इलाके के मौसम और मिट्टी के हिसाब से पूसा बासमती 1121, पूसा बासमती 1509 जैसी उपयुक्त किस्मों का चुनाव कर सकते हैं. बीज हमेशा भरोसेमंद दुकान या कृषि संस्थान से ही खरीदें. ध्यान रखें कि हर किस्म की फसल अवधि और पैदावार अलग-अलग हो सकती है.

यह भी पढ़ें: 5 बीघा में कितना मुनाफा देगा हरा धनिया, कौन-सी किस्म भरेगी जेब?

यूरिया का ज्यादा इस्तेमाल न करें

कई किसान ज्यादा पैदावार की उम्मीद में खेत में जरूरत से ज्यादा यूरिया डाल देते हैं. लेकिन ऐसा करना फसल के लिए नुकसानदायक हो सकता है. अधिक नाइट्रोजन से पौधे जरूरत से ज्यादा बढ़ सकते हैं और उनके गिरने का खतरा भी रहता है. इसलिए खाद का इस्तेमाल मिट्टी की जांच और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के मुताबिक ही करें. गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद का इस्तेमाल भी मिट्टी की सेहत सुधारने में मदद कर सकता है.

मौसम का भी खुशबू पर पड़ता है असर

बासमती चावल की खास खुशबू एक प्राकृतिक तत्व की वजह से होती है, जिसे 2-एसिटाइल-1-पाइरोलिन कहा जाता है. फसल में इसकी मात्रा पर किस्म और मौसम का असर पड़ता है. खासकर दाने पकने के समय तापमान और मौसम की स्थिति अहम होती है. इसलिए किसान सही समय पर बुवाई और रोपाई करें, ताकि फसल को बढ़ने और पकने के लिए अनुकूल मौसम मिल सके.

यह भी पढ़ें: 25 हजार खर्च, 1 लाख तक कमाई! जानें धान की इस किस्म की खासियत

Topics & Tags:#Agriculture
Basmati Rice: बासमती चावल में आएगी ज्यादा खुशबू, बस बोते वक्त डाल दें ये एक चीज | Kisan Reporter