Agriculture

Coriander Farming: 5 बीघा में कितना मुनाफा देगा हरा धनिया, कौन-सी किस्म भरेगी जेब?

N
ABP News
November 11, 2026•3 min read
Coriander Farming: 5 बीघा में कितना मुनाफा देगा हरा धनिया, कौन-सी किस्म भरेगी जेब?

Coriander Farming: धनिया की मांग बाजार में सालभर बनी रहती है. सब्जियों से लेकर दाल और पराठों तक में इसका इस्तेमाल स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है. ऐसे में किसान इसकी खेती कर सालाना अच्छी कमाई कर सकते हैं. किसान भाई चाहे तो गेहूं और सरसों दैसी फसलों के साथ भी इसकी खेती कर मोटी कमाई कर सकते हैं.

इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि, हरी पत्तियों के लिए उगाया गया धनिया करीब 40 से 45 दिन में कटाई के लिए तैयार हो सकता है. ऐसे में सही किस्म और समय पर बुवाई करके किसान कम समय में फसल बेच सकते हैं.

हरे धनिये के लिए इन किस्मों पर दें ध्यान

धनिये की कई किस्में हैं, लेकिन हरी पत्तियों और दानों के लिए किस्म का चुनाव अलग-अलग हो सकता है.

  • हरी पत्तियों के लिए आरसीआर-41 एक विकल्प है.
  • पंत हरितमा किस्म को हरी पत्तियों और दानों दोनों के लिए उगाया जा सकता है.
  • इसके अलावा किसान अजमेर धनिया-1, अजमेर धनिया-2 और अर्का ईशा जैसी किस्में भी चुन सकते हैं.

बुवाई से पहले इन बातों का रखें ध्यान

धनिये की अच्छी फसल के लिए खेत की मिट्टी भुरभुरी और पानी निकलने वाली होनी चाहिए. खेत तैयार करते समय अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद मिला दें. बुवाई से पहले धनिये के बीज को हल्का रगड़कर दो हिस्सों में अलग करना फायदेमंद रहता है. इससे बीज का जमाव बेहतर हो सकता है. हरी पत्तियों के लिए आमतौर पर 18 से 20 किलो बीज प्रति हेक्टेयर की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, बीज की मात्रा किस्म और बुवाई के तरीके के हिसाब से बदल सकती है.

यह भी पढ़ें: फसल बीमा के बाद हो गया नुकसान, कितने समय में देनी होती है सूचना?

40 से 45 दिन में मिलने लगती है हरी पत्ती

हरी धनिया की फसल को तैयार होने में करीब 40 से 45 दिन लग सकते हैं. इस दौरान खेत में नमी बनाए रखना जरूरी है, लेकिन ज्यादा पानी भरने से बचें. समय-समय पर खरपतवार निकालते रहें, ताकि पौधों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह और पोषण मिल सके. अच्छी देखभाल होने पर प्रति हेक्टेयर करीब 50 से 60 क्विंटल हरी धनिया की उपज मिल सकती है. हालांकि, वास्तविक उत्पादन मौसम, किस्म और खेती के तरीके पर निर्भर करेगा.

5 बीघा में कितनी होगी कमाई?

  • बीज और बुवाई: 5 बीघा जमीन में करीब 37.5 से 50 किलो बीज की जरूरत पड़ सकती है.
  • कुल खर्च: बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी मिलाकर लगभग 25 हजार से 37,500 रुपये खर्च हो सकते हैं.
  • पैदावार: अच्छी देखभाल करने पर 5 बीघा में करीब 37.5 से 50 क्विंटल हरा धनिया मिल सकता है.
  • कमाई: अगर धनिये का भाव 50 रुपये प्रति किलो मिले, तो 5,000 किलो धनिया बेचकर करीब 2.5 लाख रुपये की कमाई हो सकती है. इसमें से खेती का खर्च निकालने पर करीब 2 लाख 12 हजार 500 से 2 लाख 25 हजार रुपये बच सकते हैं.

यह भी पढ़ें: सरसों बुवाई के समय जरूर करें ये काम, बढ़ जाएगा दानों में तेल

Topics & Tags:#Agriculture
Coriander Farming: 5 बीघा में कितना मुनाफा देगा हरा धनिया, कौन-सी किस्म भरेगी जेब? | Kisan Reporter