Agriculture

Green Ammonia: कैसे बनती है ग्रीन अमोनिया, इससे खेती-किसानी को क्या फायदा?

N
ABP News
November 20, 2026•3 min read
Green Ammonia: कैसे बनती है ग्रीन अमोनिया, इससे खेती-किसानी को क्या फायदा?

Green Ammonia: खेती-किसानी का तौर-तरीका बदल रहा है. किसान अब खेती के पारंपरिक तरीके छोड़कर नई तकनीक अपना रहे हैं. उधर, सरकार भी खेती में किसानों की कम लागत और बेहतर पैदावार के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी क्रम में अब सरकार ग्रीन अमोनिया पर काम कर रही है. जानकारी के मुताबिक, फिलहाल ग्रीन अमोनिया का ट्रायल किया जा रहा है. अगर सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही इसका इस्तेमाल खेती-किसानी में हो सकता है.

ग्रीन अमोनिया को लेकर दावा है कि यह एग्रीकल्चर सेक्टर में यूरिया की जगह ले सकता है. इसे यूरिया का बेहतर विकल्प इसलिए भी बताया जा रहा है, क्योंकि इसमें यूरिया के मुकाबले ज्यादा नाइट्रोजन होती है, जो पौधों और मिट्टी के लिए जरूरी है. ऐसे में चलिए जानते हैं कि ग्रीन अमोनिया क्या है, यह कैसे तैयार होती है और खेती-किसानी में यह किस तरह से फायदेमंद साबित हो सकती है?

यह भी पढ़ें: 5 बीघा खेत के लिए कितने हॉर्स पावर की लगेगी मोटर, कितना गहरा खुदेगा ट्यूबवेल?

कैसे तैयार होती है ग्रीन अमोनिया?

ग्रीन अमोनिया को तैयार करने के लिए विशेष तरह के प्रोसेस का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें सौर, पवन या जलविद्युत जैसी नवीकरणीय ऊर्जा से बिजली बनाकर, पानी से इलेक्ट्रोसिसिस से हाइड्रोजन निकालकर हवा से मिली नाइट्रोजन के साथ मिलकर बनाया जाता है. इसे बनाने में न ही कार्बन उत्सर्जन होता है और न जीवाश्म ईंधन का उपयोग किया जाता है. सौर, पवन ऊर्जा जैसी स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल के कारण ही इसे ग्रीन अमोनिया कहा जाता है.

नाइट्रोजन की मात्रा बनाती है इसे अलग

ग्रीन अमोनिया को यूरिया का विकल्प बताया जा रहा है, जिसके पीछे सबसे बड़ा कारण इसमें नाइट्रोजन की मात्रा है. दरअसल, ग्रीन अमोनिया में जहां 82% नाइट्रोजन होती है, वहीं सामान्य यूरिया में नाइट्रोजन की मात्रा मात्र 46% ही होती है. इसे खेत में इस्तेमाल करने का तरीका भी अलग है. सामान्य यूरिया की तरह इसे पूरे खेत में नहीं फैलाया जाता, बल्कि इसे विशेष प्रकार की मशीन से मिट्टी के अंदर पहुंचाया जाता है, जिससे यह मिट्टी की सेहत तो सुधारती ही है साथ ही पौधे को भी पोषण पहुंचाती है.

खेती किसानी को होगा फायदा

ग्रीन अमोनिया के इस्तेमाल का सबसे बड़ा कारण यूरिया पर खेती की निर्भरता को कम करना है. यूरिया के इस्तेमाल से मिट्टी की सेहत लगातार बिगड़ रही है, जिससे पैदावार घट रही है. दूसरी तरफ ग्रीन अमोनिया का इस्तेमाल मिट्टी को किसी तरह नुकसान नहीं पहुंचाती है. इसे मिट्टी के अंदर पहुंचाया जाता है, जिससे बार-बार खाद डालने की जरूरत भी कम हो जाती है. बता दें, हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया था कि देशभर में पहली बार 10,000 हेक्टेयर में ग्रीन अमोनिया का परीक्षण किया जा रहा है, अगर सबकुछ ठीक रहा तो इसे यूरिया का विकल्प बनाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: कुसुम के फूल से क्या-क्या बनता है, इससे कैसे मुनाफा कमा सकते हैं किसान?

Topics & Tags:#Agriculture
Green Ammonia: कैसे बनती है ग्रीन अमोनिया, इससे खेती-किसानी को क्या फायदा? | Kisan Reporter