Agriculture

बिना खाद और कीटनाशक के कैसे खेती करते थे किसान, क्या था पुराना तरीका?

N
ABP News
November 20, 2026•3 min read
बिना खाद और कीटनाशक के कैसे खेती करते थे किसान, क्या था पुराना तरीका?

Agriculture Traditional Method: खेती-किसानी का तरीका काफी बदल चुका है. आज किसान अच्छी पैदावार के लिए यूरिया, DAP जैसी खाद का इस्तेमाल करते हैं. वहीं फसल में कीट नियंत्रण के लिए कई तरह के रासायनिक छिड़काव भी इस्तेमाल किए जाते हैं. इन रासायनिक खाद और कीटनाशक से फसल को फौरी राहत तो मिलती है, लेकिन आने वाली फसलों के लिए मिट्टी की सेहत पर बुरा असर पड़ता है. ऐसे में बहुत से किसान पारंपरिक खेती अपना रहे हैं.

खेती-किसानी से जुड़े लोगों को हमेशा से ही पुराना तौर-तरीका लुभाता रहा है. ऐसे में क्या आपने भी कभी सोचा है कि जब रासायनिक खाद और कीटनाशक नहीं थे, मशीनों का इस्तेमाल नहीं होता था तो किसान किस तरह खेती करते थे? आइए जानते हैं खेती का पुराना तरीका क्या था और यह कितना फायदेमंद है?

गोबर और फसल अवशेष थे मिट्टी के डॉक्टर

पारंपरिक और जैविक खेती की सबसे खास बात यह है कि इससे न तो फसल को नुकसान होता है और न ही मिट्टी प्रभावित होती है. उल्टा मिट्टी की सेहत बेहतर हो जाती है. पुराने समय में मिट्टी की ताकत बढ़ाने के लिए किसान गोबर और केंचुआ की खाद पर ज्यादा निर्भर रहते थे. इसके आलवा वह सूखी पत्तियों और फसल अवशेषों का इस्तेमाल करते थे. इन्हें सड़ाकर खाद तैयार की जाती थी, जिसे मिट्टी में ही मिला दिया जाता था.

यह भी पढ़ें: खेती के लिए कैसे तैयार होती है गोबर की खाद, इसमें कितना समय लगता है?

नीम से होता था कीटों का बचाव

आज इस्तेमाल हो रहे महंगे और हानिकारक कीटनाशकों के बजाय पुराने समय में किसान नीम की पत्तियों और बीजों का इस्तेमाल करते थे. किसी भी फसल में कीटों का लगना फसल की पैदावार को प्रभावित करता है. ऐसे में किसान फसलों में नीम के पानी का छिड़काव करते थे और अनाज भंडारण के समय नीम की सूखी हुई पत्तियों का भी इस्तेमाल किया जाता था. इसके अलावा मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के राख का इस्तेमाल भी किया जाता था, जिससे मिट्टी का पीएच बढ़ता था और छाछ को कुछ अन्य खाद्य पदार्थों में मिलाकर एक घोल तैयार किया जाता था, जिससे खेत में अलग-अलग तरीके से प्रयोग में लिया जाता था.

फसल चक्र भी था एक तरीका

पुराने समय में किसान फसल चक्र अपनाते थे. दरअसल, खेत में एक ही तरह की फसल को बार-बार उगाने से मिट्टी कमजोर होने लगती थी. ऐसे में किसान फसल चक्र अपनाते हुए हर सीजन में अलग-अलग फसल की बुवाई करते थे, जिससे मिट्टी की सेहत सुधरती थी.

यह भी पढ़ें: कैसे बनती है ग्रीन अमोनिया, इससे खेती-किसानी को क्या फायदा?

Topics & Tags:#Agriculture
बिना खाद और कीटनाशक के कैसे खेती करते थे किसान, क्या था पुराना तरीका? | Kisan Reporter