Agriculture

कम जगह और कम मेहनत, घर पर ही ऐसे तैयार करें माइक्रोग्रीन्स

N
ABP News
October 6, 2026•2 min read
कम जगह और कम मेहनत, घर पर ही ऐसे तैयार करें माइक्रोग्रीन्स

अगर आपके घर में सब्जियां उगाने के लिए जगह कम है, तो आपके लिए माइक्रोग्रीन्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. ये ऐसी छोटी पौध अवस्थाएं हैं, जिन्हें बीज से अंकुरित होने के कुछ दिनों बाद ही काटकर इस्तेमाल किया जाता है. इनके लिए बड़े गमले, बगीचे या बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. यही वजह है कि शहरों में माइक्रोग्रीन्स तेजी से घरेलू गार्डनिंग का हिस्सा बन रहे हैं.

माइक्रोग्रीन्स विभिन्न सब्जियों और जड़ी-बूटियों के छोटे, कोमल पौधे होते हैं. इनका उपयोग मुख्य रूप से भोजन के पोषण मूल्य, स्वाद और सुंदरता को बढ़ाने के लिए किया जाता है. माइक्रोग्रीन्स सामान्य सब्जियों के मुकाबले अधिक पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं. इनमें विटामिन ए, सी, ई, के और आयरन, जिंक, पोटेशियम व मैग्नीशियम अधिक मात्रा में पाए जाते हैं. इन्हें उगाने के लिए आप मूली, मेथी, सरसों और मूंग के बीजों का उपयोग कर सकते हैं. ऐसे में जानिए इन्हें घर में उगाने के आसान टिप्स.

घर में कैसे उगाएं?

माइक्रोग्रीन्स उगाने के लिए सबसे पहले एक ट्रे या कंटेनर लें. उसमें साफ और हल्की मिट्टी भरें. इसके बाद बीजों को समान रूप से फैलाकर हल्की परत से ढक दें. शुरुआत में पानी का छिड़काव करें, ताकि बीज अपनी जगह से हटें नहीं. कंटेनर को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी मिलती हो. हालांकि, शुरुआती अंकुरण के दौरान बहुत तेज धूप से बचाना बेहतर रहता है. कुछ दिनों में बीज अंकुरित होने लगते हैं. इसके बाद उन्हें पर्याप्त रोशनी और संतुलित नमी की जरूरत होती है.

यह भी पढ़ें: खेत नहीं मेड़ से भी होती है कमाई, किसान उगाएं ये पेड़-पौधे

पानी में रखें संतुलन

माइक्रोग्रीन्स के लिए पानी सबसे महत्वपूर्ण होता है. बहुत कम पानी से अंकुर सूख सकते हैं, जबकि अधिक नमी से फफूंद लगने का खतरा बढ़ जाता है. मिट्टी को नम रखें, लेकिन उसे लगातार पानी से भरा हुआ न रखें. ट्रे में जल निकासी की व्यवस्था होना भी जरूरी है. वहीं हमेशा मिट्टी की सतह को जांचने के बाद ही उसे पानी दें.

कब करें कटाई?

माइक्रोग्रीन्स आमतौर पर शुरुआती पत्तियां विकसित होने के बाद कटाई के लिए तैयार हो जाते हैं. अलग-अलग फसलों में यह समय अलग होता है. साफ कैंची से पौधों को मिट्टी की सतह से थोड़ा ऊपर से काटना बेहतर होता है. कटाई के बाद इन्हें सलाद, सैंडविच, सूप या अन्य व्यंजनों में ताजे हरेपन और स्वाद के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: मोती की खेती कैसे करते हैं किसान, इसमें कितना फायदा?

Topics & Tags:#Agriculture
कम जगह और कम मेहनत, घर पर ही ऐसे तैयार करें माइक्रोग्रीन्स | Kisan Reporter