भारतीय रसोई में करी पत्ता सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि घर की किचन गार्डनिंग का भी लोकप्रिय पौधा है. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह एक बार अच्छी तरह से लगने के बाद लंबे समय तक ताजे पत्ते देता रहता है. हालांकि इसके लिए पौधे की नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी होता है.
कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका पौधा लगाने के बाद बढ़ता नहीं है. ऐसा अक्सर कुछ सामान्य गलतियों की वजह से होता है. ऐसे में जानिए घर में करी पत्ता लगाने का सही मौसम, मिट्टी की जानकारी और सिंचाई से जुड़े आसान और असरदार टिप्स.
करी पत्ता लगाने का सही मौसम
करी पत्ता गर्म और धूप वाली परिस्थितियों में अच्छी तरह बढ़ता है. इसे लगाने के लिए वसंत और गर्मी की शुरुआत का समय आमतौर पर सबसे बेहतर माना जाता है. इस दौरान तापमान पौधे की नई जड़ों और शाखाओं के विकास के लिए उचित होता है. वहीं करी पत्ता लगाने के लिए आपको सही गमले का चुनाव करना भी जरूरी होता है. साथ ही ऐसे गमले का चुनाव करना बेहतर होता है जिसकी जल निकासी अच्छी हो.
यह भी पढ़ें: कितने की आती है दुनिया की सबसे महंगी गधी, किस भाव बिकता है इसका दूध?
ऐसे करें मिट्टी तैयार
करी पत्ते के लिए ऐसी मिट्टी बेहतर रहती है जो भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली हो. आप इसके लिए सामान्य गार्डन मिट्टी में जैविक खाद या कंपोस्ट मिलाकर करी पत्ता के लिए तैयार कर सकते हैं. करी पत्ते के पौधे को बढ़ने के लिए पर्याप्त धूप चाहिए होती है. ऐसे में गमले को ऐसी जगह रखना बेहतर होता है, जहां उसे रोजाना कई घंटे सीधी धूप मिल सके.
जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें
करी पत्ते के पौधे को लगातार गीली मिट्टी पसंद नहीं होती. पानी देने से पहले ऊपर की मिट्टी को हल्का सूखने दें या हाथ लगाकर जांच लें. इसके बाद जरूरत के अनुसार सिंचाई करें. लगातार पानी डालने से गमले में पानी जमा हो जाता है, जिससे पौधे की जड़े सड़ने लगती है और फंगल इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है. वहीं बरसात और गर्मियों में कई बार पत्तियों पर काले या सफेद कीड़े लग जाते हैं. ऐसे में पौधे की समय-समय पर जांच करते रहना और जरूरत अनुसार छंटाई करने रहने से भी पौधे को बढ़ने में मदद मिलती है.
यह भी पढ़ें: कितने की आती है एक खाद की बोरी, इस पर कितनी सब्सिडी देती है सरकार?
