तिल का इस्तेमाल भारतीय रसोई में कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. तिल का उपयोग लड्डू, गजक, चटनी और कई मिठाइयां बनाने में किया जाता है. तिल के बीजों में प्रोटीन, फाइबर और कई खनिज पाए जाते हैं, इसलिए इन्हें संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि तिल का पौधा घर के किचन गार्डन में भी आसानी से उगाया जा सकता है? अगर आपके पास थोड़ी-सी खुली जगह, गमला या ग्रो बैग है तो आप इसे आसानी से घर पर उगा सकते हैं.
तिल का पौधा ज्यादा देखभाल नहीं मांगता और गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ सकता है. हालांकि, पौधे को पर्याप्त धूप, पानी की सही मात्रा और जल निकासी वाली मिट्टी मिलना जरूरी है. आइए जानते हैं कि घर पर तिल का पौधा कैसे उगाएं और इससे क्या फायदे हो सकते हैं.
सही मिट्टी के लिए दें ध्यान
तिल के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें पानी जमा न हो. गमले में मिट्टी, रेत और अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद को मिलाकर मिश्रण तैयार करें, ऐसा करने से मिट्टी की गुणवत्ता बढ़ जाती है. मिट्टी भुरभुरी और पोषक तत्वों से भरपूर होनी चाहिए. इस बात का ध्यान रखें कि गमले के नीचे जल निकासी के लिए छेद जरूर होने चाहिए.
बीज से ऐसे उगाएं तिल का पौधा
तिल का पौधा उगाने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले तिल के बीज लें. गमले की मिट्टी को हल्का नम करें और बीजों को मिट्टी की सतह पर समान रूप से बिखेर दें. इसके ऊपर बहुत पतली मिट्टी की परत डालें. बीजों को बहुत गहराई में बोने से अंकुरण प्रभावित हो सकता है. बीज बोने के बाद हल्का पानी दें. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. आमतौर पर कुछ दिनों में छोटे पौधे दिखाई देने लगते हैं.
यह भी पढ़ें: एक एकड़ में पपीते की खेती, मुनाफा 7 लाख तक, जानें तरीका
पानी और खाद का रखें ध्यान
तिल के पौधे को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. जब मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी महसूस हो, तभी पानी दें. लगातार गीली मिट्टी रहने से जड़ों को नुकसान होता है. जब पौधा बढ़ने लगे तो उसके आसपास की मिट्टी को हल्का ढीला करते रहें. इससे जड़ों तक हवा पहुंचती है. तिल गर्मी पसंद करने वाला पौधा है, इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां रोज कई घंटे सीधी धूप मिल सके. बालकनी, छत या घर का ऐसा हिस्सा जहां पर्याप्त धूप आती हो, इसके लिए एक अच्छा स्थान हो सकता है.
कब मिलते हैं तिल के बीज?
तिल के पौधे में कुछ समय बाद फूल आने लगते हैं. फूलों के बाद बीज वाली फलियां विकसित होती हैं. जब फलियां पूरी तरह पकने लगें और सूखने लगें, तब उनकी निगरानी करें. फलियां बहुत ज्यादा सूखकर फटने से पहले पौधे की कटाई करना बेहतर होता है. कटे हुए पौधों को सूखी जगह पर रखकर बीज अलग करना सही होता है.
यह भी पढ़ें: घर के गमले में उगाएं ताजे-लाल टमाटर, बाजार की जरूरत खत्म
