Agriculture

गेहूं-चने के अलावा किन फसलों पर बढ़ा MSP? जान लें काम की बात

N
ABP News
October 1, 2026•3 min read
गेहूं-चने के अलावा किन फसलों पर बढ़ा MSP? जान लें काम की बात

रबी का मौसम किसान के लिए सिर्फ खेत में बीज डालने का समय नहीं होता. यह वह दौर भी होता है जब किसान तय करता है कि इस बार किस फसल पर भरोसा किया जाए, किसमें लागत कम और बाजार भाव बेहतर मिल सकता है. ऐसे में सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP में बढ़ोतरी की खबर आ गई है.

रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए केंद्र सरकार ने छह प्रमुख रबी फसलों की MSP बढ़ाने को मंजूरी दी है. आमतौर पर गेहूं और चने की MSP की चर्चा ज्यादा होती है, लेकिन इस बार मामला सिर्फ इन दो फसलों तक सीमित नहीं है. जौ, मसूर, रेपसीड-सरसों और कुसुम पर भी MSP बढ़ाई गई है.

सबसे ज्यादा बढ़ी कुसुम की MSP

अगर बढ़ोतरी के आंकड़े पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बदलाव कुसुम की MSP में हुआ है. इसकी MSP में 675 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है. अब कुसुम की नई MSP 7,215 रुपये प्रति क्विंटल होगी, जबकि 2026-27 में यह 6,540 रुपये थी. यानी कुसुम उगाने वाले किसान के लिए घोषित समर्थन मूल्य के स्तर पर इस बार 675 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर आया है. सरकार के आंकड़ों में यही छह रबी फसलों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है.

सरसों की कीमत में भी अच्छी बढ़ोतरी

उत्तर भारत के खेतों में रबी के मौसम में सरसों का पीला रंग दूर से ही नजर आने लगता है. ऐसे में सरसों की नई MSP किसानों के लिए खास मायने रखती है. रेपसीड और सरसों की MSP 413 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाई गई है. 2026-27 में इसकी MSP 6,200 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो अब बढ़कर 6,613 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है.

यह भी पढ़ें: रोज मंडी में होता है आना जाना! इन लोडिंग वाहनों का रुख करें किसान खरीदार

मसूर ने भी पकड़ी रफ्तार

दलहन की बात करें तो मसूर की MSP में भी बड़ा बदलाव हुआ है. मसूर की MSP अब 7,390 रुपये प्रति क्विंटल होगी. पिछले साल यह 7,000 रुपये थी. यानी इसमें 390 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है. मसूर की बढ़ी MSP ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब किसान दलहन की खेती को लेकर बाजार और लागत दोनों का हिसाब लगाता है.

जौ के किसानों को भी राहत

गेहूं के साथ खेत में जौ की फसल भी कई किसानों की पसंद रहती है. इस बार जौ की MSP में 136 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है. इसकी नई MSP 2,286 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जबकि 2026-27 में यह 2,150 रुपये थी.

गेहूं और चने का क्या हुआ?

गेहूं और चने वह दो फसलें हैं जिनकी MSP को लेकर किसानों की सबसे ज्यादा नजर रहती है. गेहूं की MSP 25 रुपये बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है. वहीं चना की MSP 83 रुपये बढ़ाकर 5,958 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: रबी की फसल में नहीं लगेंगे कीड़े, बुवाई से पहले इन बातों का रखें ख्याल

Topics & Tags:#Agriculture
गेहूं-चने के अलावा किन फसलों पर बढ़ा MSP? जान लें काम की बात | Kisan Reporter