Agriculture

बारिश ने बर्बाद कर दी फसल? इन तरीकों से किसान कर सकते हैं नुकसान की भरपाई

N
ABP News
October 7, 2026•3 min read
बारिश ने बर्बाद कर दी फसल? इन तरीकों से किसान कर सकते हैं नुकसान की भरपाई

Crop Loss: खेत में लहलहाती फसल देखकर किसान को लगता है कि अब मेहनत रंग लाने वाली है. लेकिन इस साल कई इलाकों में तेज बारिश की वजह से किसानों की फसल बर्बाद हुई है. ऐसे समय में किसान के लिए नुकसान सिर्फ फसल का नहीं होता, बल्कि बीज, खाद, मजदूरी और कई महीनों की मेहनत भी डूब जाती है. हालांकि, फसल खराब होने के बाद किसान कुछ जरूरी कदम उठाकर आर्थिक नुकसान को कम कर सकते हैं.

बारिश या बाढ़ से फसल खराब होने के बाद किसान को सबसे पहले खेत और फसल की स्थिति की तस्वीरें और वीडियो बना लेनी चाहिए. कोशिश करें कि फोटो में पूरा खेत और खराब हुई फसल साफ दिखाई दे. नुकसान की जानकारी स्थानीय कृषि विभाग, राजस्व विभाग या संबंधित अधिकारी को समय पर दें. इससे सरकारी स्तर पर होने वाले सर्वे में किसान का नुकसान दर्ज हो सकेगा.

फसल बीमा कराया है तो तुरंत करें दावा

अगर किसान ने अपनी फसल का बीमा कराया है, तो नुकसान की सूचना बीमा कंपनी या संबंधित अधिकारी को तय समय के अंदर देनी चाहिए. कई योजनाओं में फसल नुकसान की सूचना देने के लिए समय सीमा होती है. इसलिए किसान को इंतजार नहीं करना चाहिए. बीमा से जुड़ी रसीद, पॉलिसी की जानकारी और खेती से जुड़े जरूरी कागज संभालकर रखें.

खेत में पानी जमा है तो करें निकासी

अगर फसल पूरी तरह नष्ट नहीं हुई है और खेत में पानी जमा है, तो जल्द से जल्द पानी निकालने की कोशिश करें. लंबे समय तक खेत में पानी खड़ा रहने से जड़ों में सड़न और दूसरी समस्याएं बढ़ सकती हैं. बची हुई फसल को देखकर कृषि विशेषज्ञ या कृषि विज्ञान केंद्र से सलाह लेना बेहतर रहेगा.

यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश के 21 जिलों में सूखा घोषित, जानें किन फसलों पर पड़ा असर?

जो बचा है, उसे भी बचाने की कोशिश करें

कई बार बारिश के बाद पूरी फसल खराब नहीं होती. कुछ हिस्सा बच जाता है. ऐसी स्थिति में किसान खराब और ठीक फसल को अलग कर सकते हैं. जो उपज इस्तेमाल या बिक्री के लायक है, उसे सुरक्षित जगह पर सुखाकर रखना चाहिए. इससे पूरा नुकसान होने से बचाया जा सकता है.

सरकारी मदद की जानकारी जरूर लें

प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर राज्य सरकार की ओर से राहत या मुआवजे की व्यवस्था हो सकती है. किसान अपने जिले के कृषि विभाग, तहसील या स्थानीय प्रशासन से जानकारी ले सकते हैं. इसके अलावा अगर अगली फसल के लिए दोबारा बुआई करनी पड़े, तो कृषि विशेषज्ञ से सलाह लेकर कम अवधि वाली या स्थानीय मौसम के हिसाब से उपयुक्त फसल का चुनाव करना बेहतर रहेगा. बारिश के बाद नुकसान को पूरी तरह खत्म करना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन समय पर जानकारी, फसल बीमा, सरकारी सहायता और बची हुई फसल को सुरक्षित करने की कोशिश से किसान पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी कम किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: अल नीनो बढ़ा रहा टेंशन, किसान अब इन फसलों पर लगाएं दांव

Topics & Tags:#Agriculture
बारिश ने बर्बाद कर दी फसल? इन तरीकों से किसान कर सकते हैं नुकसान की भरपाई | Kisan Reporter