Agriculture

सींग वाली या बगैर सींग वाली, किस गाय का दूध होता है ज्यादा गाढ़ा

N
ABP News
October 14, 2026•3 min read
सींग वाली या बगैर सींग वाली, किस गाय का दूध होता है ज्यादा गाढ़ा

Dairy Farming Tips: गाय खरीदते समय पशुपालक कई बातों को ध्यान में रखते हैं. कोई गाय की नस्ल देखता है है, तो कोई उसके दूध देने की क्षमता और सेहत को देख कर फैसला करता है. इस बीच कई किसानों के दिमाग में अक्सर यह सवाल भी उठता है कि सींग वाली गाय का दूध ज्यादा गाढ़ा और हेल्दी होता है या बिना सींग वाली गाय का.

हालांकि ऐसे बहुत से लोग हैं जिनका मानना हैं कि, गाय के सींग उसके शरीर और दूध की खासियत से जुड़े होते हैं. लेकिन इस दावे को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि दूध की क्वालिटी आखिर किन बातों पर निर्भर करती है.

क्या सींगों से दूध ज्यादा गाढ़ा होता है?

पशुपालन से जुड़े कुछ लोगों का मानना है कि सींग वाली देशी गाय का दूध ज्यादा पौष्टिक होता है. लेकिन यह सिर्फ एक मान्यता है. ऐसा कोई पक्का वैज्ञानिक सबूत नहीं है कि गाय के सींग हवा से कोई खास ऊर्जा या तत्व लेते हैं, जिससे उसका दूध ज्यादा गाढ़ा या पौष्टिक बनता है. इसलिए दूध की क्वालिटी का पता सिर्फ गाय के सींग देखकर नहीं लगाया जा सकता.

दूध की गाढ़ापन किन बातों पर निर्भर करता है?

गाय का दूध कितना गाढ़ा होगा, यह उसमें मौजूद फैट और दूसरे पोषक तत्वों पर निर्भर करता है. इसमें गाय की नस्ल, उसे कैसा चारा मिल रहा है, उसकी सेहत और वह कितने समय से दूध दे रही है, इन सबका असर पड़ता है. कुछ नस्लों की गाय के दूध में फैट ज्यादा होता है, जबकि कुछ के दूध में इसकी मात्रा कम हो सकती है. इसलिए अगर कोई पशुपालक ज्यादा फैट वाला दूध चाहता है, तो उसे गाय की नस्ल के साथ उसके दूध के रिकॉर्ड और खानपान पर भी ध्यान देना चाहिए. जरूरत पड़ने पर दूध की जांच कराकर उसमें फैट और दूसरे ठोस तत्वों की मात्रा का पता लगाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: डेयरी शुरू करने का मौका! सरकार दे रही 10 लाख रुपये तक की मदद, जानें

गाय के सींग हटाने से दूध की क्वालिटी बदलती है?

कुछ गायों के सींग सुरक्षा या दूसरी वजहों से हटा दिए जाते हैं. लेकिन सींग हटाने से गाय का दूध पतला हो जाता है या उसमें पोषक तत्व कम हो जाते हैं, इस बात का कोई ठोस वैज्ञानिक सबूत नहीं है. यानी गाय के दूध की क्वालिटी सिर्फ उसके सींग देखकर तय नहीं की जा सकती.

पशुपालक किन बातों का रखें ध्यान?

अच्छे दूध उत्पादन के लिए गाय को संतुलित चारा, साफ पानी और उचित देखभाल देना जरूरी है. पशु की सेहत पर ध्यान दें और दूध की मात्रा के साथ उसकी क्वालिटी भी जांचें. गाय खरीदते समय केवल सींग देखकर फैसला करने के बजाय उसकी नस्ल, सेहत, दूध देने की क्षमता और खानपान की जरूरतों को समझें. इससे पशुपालक अपने लिए सही गाय चुन सकेंगे और डेयरी से बेहतर कमाई की योजना बना पाएंगे.

यह भी पढ़ें: बेसहारा गायों को दीजिए छत, सरकार हर साल देगी 72000 रुपये

Topics & Tags:#Agriculture
सींग वाली या बगैर सींग वाली, किस गाय का दूध होता है ज्यादा गाढ़ा | Kisan Reporter